The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Mohammad Azharuddin Gets Trolled for criticizing Indian women's team's batting in cwg final

भारतीय महिला टीम की बैटिंग को अज़हर ने बताया बकवास, फिर उन्हें सुननी पड़ी खरी-खोटी!

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम के हाथों 9 रन से हार का सामना करना पड़ा.

Advertisement
pic
8 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 8 अगस्त 2022, 12:28 PM IST)
Mohammad
मोहम्मद अजहरूद्दीन ने ज्यादा बोल दिया! (File)
Quick AI Highlights
Click here to view more

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (CWG 2022) में भारतीय क्रिकेट टीम गोल्ड मेडल जीतने से चूक गई. फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियन टीम के हाथों 9 रन से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम आखिरी के ओवर्स में लगातार अंतराल पर विकेट खोकर इस मैच को गंवा दिया. इसके साथ ही टीम को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा.

इस हार के बाद भी भारतीय टीम के अच्छे प्रदर्शन की तारीफ की जा रही है. सोशल मीडिया पर गोल्ड मेडल से चूकने के बावजूद भी टीम इंडिया के धुंरधरों के साहसिक प्रदर्शन की चर्चा हो रही है. हालांकि भारतीय मेंस टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन (Mohammad Azharuddin) की राय बाकी फैन्स से इतर है. उन्होंने फाइनल में चुकने के बाद भारतीय महिला टीम पर निशाना साधा है. जिसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी क्लास लगा दी.

#अजहरूद्दीन ने साधा निशाना

भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने महिला टीम पर निशाना साधते हुए कहा कि टीम ने बकवास बैटिंग की. उन्होंने ट्वीट किया,

‘भारतीय टीम की बकवास बल्लेबाजी. कोई कॉमन सेंस ही नहीं है. जीता हुआ खेल ऑस्ट्रेलिया को थाली में परोस कर दे दिया.’

#फैन्स ने लगाई क्लास

इस ट्वीट के तुरंत बाद ही वो फैन्स के निशाने पर आ गए. एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा,

‘लास्ट लाइन लिखते हुए आपके हाथ नहीं कांपे’

एक अन्य यूजर ने लिखा,

सपोर्ट के नाम पर जीरो और आलोचना करने के नाम पर हीरो, यही दुनिया का दस्तूर है. मैं सोच रहा कि जीता हुआ मैच हारना 90 के दशक का थीम नहीं था क्या?

एक और यूजर ने लिखा,

मुझे नहीं लगता कि वो भारतीय मेंस क्रिकेट टीम को लेकर भी 'नो कॉमन सेंस' वाली बात बोलते

वहीं एक और यूजर ने लिखा,

ठंडा पानी पिलो चाचा,  गर्मी बढ़ रही है आपमें!

जबकि एक अन्य यूजर ने लिखा,

क्योंकि ये मैच फिक्स्ड नहीं था

#मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट खोकर 161 रन बनाए. टीम के लिए बेथ मूनी ने 61 और मेग लैनिंग ने 36 रनों की पारी खेली. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई. जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 22 रन के स्कोर तक टीम के दोनों ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पवेलियन लौट गईं.

जिसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जेमिमा रॉड्रिग्ज के साथ मिलकर 96 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया. लेकिन इसके बाद फिर वही हुआ जो हम साल 2017 में देख चुके हैं. जीत के काफी करीब पहुंचकर टीम के विकट का पतझड़ लग गया और पूरी टीम महज 152 रन पर सिमट गई. जिस वजह से टीम इंडिया को 9 रन से हार का सामना करना पड़ा. वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने इंग्लैंड को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता.

वीडियोः भारतीय बैडमिंटन टीम कैसे गोल्ड जीतने से रह गई?

Advertisement

Advertisement

()