‘100% बॉलर और 100% बैटर’, दिल्ली के इस ऑलराउंडर के फेर में फंसी पंजाब की टीम
22 साल के माधव तिवारी मध्य प्रदेश से आते हैं. वो अभी भी स्टेट की सीनियर टीम के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट नहीं खेले हैं.

दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 11 मई को खेले गए रोमांचक मैच में 3 विकेट से जीत दर्ज की. इस जीत के असली हीरो बने 22 साल के युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी. जिन्हें क्रिकेटिंग वर्ल्ड में अभी कम ही लोग जानते हैं. अपने आप को पूरी तरह से बैटर और बॉलर मानने वाले माधव तिवारी कौन हैं? आइए जानते हैं.
पंजाब के खिलाफ मैच में माधव ने 2 विकेट लिए. जब बैटिंग की बारी आई, तो क्लच मोमेंट पर 8 गेंदों पर 18 रनों की धमाकेदार पारी भी खेल दी. इसी वजह से माधव को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.
मैच में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन बनाए. जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर 216 रन बनाकर मैच जीत लिया. ये धर्मशाला में सबसे बड़ी सफल रन चेज भी बन गई.
माधव की कमाल बॉलिंगमैच में पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी रही. 8 ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर 88 रन था. तब कप्तान अक्षर पटेल ने माधव तिवारी को बॉलिंग दी. तिवारी ने पहले ही ओवर में खतरे का सबब बने प्रियांश आर्या को 56 रन पर आउट कर दिया. आर्या उस समय खतरनाक टच में थे. तिवारी ने अपने चौथे ओवर (पारी का 18वां ओवर) में कूपर कोनोली को भी आउट किया.
माधव ने अपने 4 ओवरों में 40 रन देकर 2 विकेट लिए. मैच के बाद उन्होंने बताया,
मैच फिनिश भी किया“विकेट पर लेंथ गेंद अच्छा काम कर रही थी. मैं उसी पर अड़ा रहा. बीच-बीच में वाइड यॉर्कर और शॉर्ट बॉल भी मिक्स करता रहा. अक्षर भाई ने कहा था कि अगर दूसरा ओवर महंगा पड़ गया तो वो खुद बॉलिंग करेंगे. लेकिन मुझे पूरे 4 ओवर करने को मिले.”
चेज के दौरान दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी ओवरों में दबाव झेलना पड़ा. जब टीम को 22 गेंदों पर 41 रन चाहिए थे, तब माधव तिवारी क्रीज पर आए. डेविड मिलर के आउट होने के बाद. माधव के साथ आशुतोष शर्मा थे. पहली गेंद पर ही तिवारी ने बाउंड्री जड़ दी. दोनों ने सातवें विकेट के लिए 35 रन जोड़े. मात्र 14 गेंदों में. आशुतोष के आउट होने के बाद दिल्ली को 7 गेंदों पर 6 रन चाहिए थे. इसके बाद अकिब नबी ने दो बाउंड्री लगा मैच खत्म कर दिया.
बैटिंग कोच इयान बेल के टिप्स का जिक्र करते हुए माधव ने कहा,
कौन हैं माधव तिवारी?“सर ने मुझे कहा कि तुम्हारे पास पावर है, सब कुछ है. कुछ फैंसी करने की कोशिश मत करो. अपना शेप होल्ड करो और गेंद का जवाब दो.”
22 साल के माधव मध्य प्रदेश से आते हैं. वो अभी भी स्टेट की सीनियर टीम के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट नहीं खेले हैं. लेकिन MP T20 लीग, U19 और U23 टीम में खेल चुके हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 2024 IPL मेगा ऑक्शन में 40 लाख रुपये में खरीदा था. ये उनका इस सीजन का पहला मैच था और IPL का दूसरा मैच. पिछले साल भी वो PBKS के खिलाफ खेले थे, लेकिन वो मैच रद्द हो गया था. 11 मई को मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में तिवारी ने मजेदार जवाब दिया. जब पूछा गया कि आप खुद को बल्लेबाज मानते हैं या गेंदबाज, तो उन्होंने कहा,
“मैं 100% बॉलर और 100% बैटर हूं.”
माने, माधव खुद को पूरा बैटर और पूरा बॉलर मानते हैं. पहले 11 मैचों में टीम में जगह न मिलने पर उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने फिटनेस पर ध्यान दिया, नेट्स में रेंज हिटिंग और गेंदबाजी पर काम किया. बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल और बैटिंग कोच के साथ काफी समय बिताया.
माधव ने 2024-25 सीजन के सीके नायडू ट्रॉफी में भी अच्छा प्रदर्शन किया. टूर्नामेंट में उन्होंने दो पचासे लगाए. जिसमें मुंबई के खिलाफ 83 रनों की लड़ाकू पारी शामिल है. उस मैच में मध्य प्रदेश ने फॉलोऑन खेलते हुए एक वक्त 183 रन पर 6 विकेट को दिए थे.
माधव भोपाल लेपर्ड्स की टीम से मध्य प्रदेश T20 लीग में भी खेले हैं. टीम के कप्तान गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज अरशद खान थे, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अनिकेत वर्मा भी उनकी टीम में थे. माधव पेस बॉलिंग और लोअर डाउन द आर्डर तेज बैटिंग के लिए जाने जाते हैं. इस T20 लीग में उन्होंने 5 मैचों की पारी में 108 रन बनाए, स्ट्राइक रेट रहा 180 का. सेमीफाइनल में रीवा जगुआर्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 65 रन की धमाकेदार पारी खेली और अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाया.
दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण जीतपंजाब के खिलाफ जीत से दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की उम्मीदों अभी बची हैं. मैच में सभी 39 ओवर फास्ट बॉलर्स ने ही डाले, क्योंकि पिच पर सीम मूवमेंट था. माधव तिवारी जैसे युवा खिलाड़ी का इस तरह का प्रदर्शन फ्रेंचाइजी के लिए बड़ी राहत है. एक तरफ गेंद से विकेट लेना और दूसरी तरफ दबाव वाले मौके पर बल्ले से मैच फिनिश करना, यही सच्चे ऑलराउंडर की पहचान है. दिल्ली कैपिटल्स के फैंस अब उम्मीद कर रहे हैं कि तिवारी आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखें.
वीडियो: माधव तिवारी बने DC के ऑलराउंड स्टार, पंजाब के खिलाफ मैच कैसे जिताया?

