दो लड़कों ने बदल दिया 145 साल का टेस्ट क्रिकेट का इतिहास!
ज़िम्बाब्वे के प्लेयर ने भी एक यादगार रिकॉर्ड बनाया है.

टेस्ट क्रिकेट में जाने कितने रिकॉर्ड्स बने हैं. कितने ही रिकॉर्ड्स तोड़े भी गए. लेकिन कई रिकॉर्ड्स ऐसे हैं, जो एकदम ही यूनीक हैं. और अब इस लिस्ट में एक और एंट्री हो गई है. वेस्ट इंडीज़ के दो बल्लेबाज़ों ने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो आज तक कभी नहीं बना था.
# ब्रेथवेट और चंद्रपॉल का रिकॉर्डवेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे के बीच बुलावायो में टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मैच में वेस्ट इंडीज़ के ओपनर्स क्रेग ब्रेथवेट और तेगनरायण चंद्रपॉल ने मिलकर एक शानदार रिकॉर्ड बना दिया है. वेस्ट इंडीज़ ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला लिया. टीम की कप्तानी कर रहे ब्रेथवेट और चंद्रपॉल ने मोर्चा संभाला.
पहले दिन बारिश हुई, और सिर्फ 112 रन बने. ज़िम्बाब्वे कोई भी विकेट लेने में असमर्थ रही. दोनों बल्लेबाज़ 55-55 रन बनाकर बैटिंग कर रहे थे. दूसरा दिन शुरू हुआ. दोनों बल्लेबाज़ों ने अपने-अपने शतक पूरे किए और दिन ख़त्म होने तक टिके रहे. ब्रेथवेट ने 116 और चंद्रपॉल ने 101 रन बनाए.
तीसरा दिन. क्रेग ब्रेथवेट 182 रन बनाकर आउट हुए. चंद्रपॉल ने नाबाद 207 रन बनाए. वेस्ट इंडीज़ ने 447 पर पारी की घोषणा कर दी. ज़िम्बाब्वे बैटिंग करने उतरी. इंग्लैंड के लिए खेल चुके गैरी बैलेंस ने शतक जड़ा. चौथे दिन में कुछ ओवर्स बचे थे, जब ज़िम्बाब्वे ने अपनी पारी को 379 पर डिक्लेयर किया. चौथे दिन फिर वेस्ट इंडीज़ के ओपनर्स बैटिंग करने उतरे.
दिन ख़त्म हुआ, और वहीं रिकॉर्ड पक्का हो गया. पांचवें दिन ब्रेथवेट और चंद्रपॉल ने फिर बैटिंग की. क्रिकेट के 145 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि दो बल्लेबाज़ों ने किसी टेस्ट मैच के पांचों दिन बैटिंग की हो. हुआ ना नायाब रिकॉर्ड!
# गैरी बैलेंस ने भी बनाया रिकॉर्डज़िम्बाब्वे के गैरी बैलेंस ने भी इतिहास के पन्नों को फिर से लिखवाया है. केप्लर वेसेल्स के बाद बैलेंस सिर्फ दूसरे ऐसे प्लेयर बन गए हैं, जिन्होंने दो देशों के लिए टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ा हो. बैलेंस इससे पहले इंग्लैंड के लिए खेल चुके हैं और शतक भी जड़ चुके हैं. दिलचस्प ये है कि ज़िम्बाब्वे टेस्ट टीम में ये गैरी का डेब्यू मैच था.
# मैच में क्या हुआ?हमने आपको पहले ही बताया है कि वेस्ट इंडीज़ ने इस मैच की पहली पारी में 68 रन की लीड ले ली थी. दूसरी पारी में वेस्ट इंडीज़ बैटिंग कर रही है और 177 रन बना चुकी है. इस मैच का ड्रॉ होना लगभग तय है. दो टेस्ट की सीरीज़ का ये पहला मैच है.
वीडियो: 11 ग्रैंड स्लैम जीतने वाला प्लेयर जो अस्पताल पहुंचा तो मार्केट में ड्रग्स की अफवाह उड़ गई!

.webp?width=60)

