'अगर मैनचेस्टर फै़न्स ने फिर विरोध किया तो...' लिवरपूल कोच ने दो टूक बात कह दी!
मैनचेस्टर यूनाइटेड और लिवरपूल 23 अगस्त को आमने-सामने होंगे

लिवरपूल (Liverpool) के मैनेजर जुर्गेन क्लौप (Jurgen Klopp) ने कहा है कि अगर मैनचेस्टर यूनाइटेड (Manchester United) के फै़न्स मैच के दौरान विरोध प्रदर्शन करते हैं और मैच स्थगित हो जाता है, तो उनकी टीम को तीन पाइंट्स दे दिए जाने चाहिए. मैनचेस्टर यूनाइटेड और लिवरपूल दोनों प्रीमियर लीग (Premier League) इतिहास के सबसे सफल क्लब्स हैं लेकिन अब तक इस सीजन एक भी मैच नहीं जीत पाए हैं. मैनचेस्टर यूनाइटेड और लिवरपूल के बीच 23 अगस्त को मुकाबला खेला जाना है.
मई 2021 में लिवरपूल और मैनचेस्टर यूनाइटेड के बीच एक मैच फ़ैन्स द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने की वजह से स्थगित किया गया था. ये मैच मैनचेस्टर यूनाइटेड के होम ग्राउंड ओल्ड ट्रैफर्ड पर खेला जाना था. मैनचेस्टर यूनाइटेड के फै़न्स पिछले कुछ वक्त से ग्लेजर्स परिवार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. ग्लेजर्स मैनचेस्टर यूनाइटेड के मालिक हैं. फै़न्स का मानना है कि वो क्लब को ठीक तरीके से नहीं चला रहे हैं. इसी मसले पर बात करते हुए लिवरपूल के कोच जुर्गेन क्लौप ने कहा -
‘मुझे लगता है कि अगर फिर से मैच नहीं होता, तो लिवरपूल को पूरे पाइंट्स मिलने चाहिए. हमारा इस सिचुएशन से कोई लेना-देना नहीं है. अगर उनके फ़ैन्स नहीं चाहते कि ये मैच हो, तो हम इसे फिर से ऑर्गनाइज़ नहीं कर पाएंगें. ये सीज़न बहुत व्यस्त रहने वाला है और बाद में इस मैच को शामिल कर पाना मुमकिन नहीं होगा.’
क्लौप ने आगे कहा -
हम उम्मीद करते हैं कि वहां जाएं, मैच खेलें और वापस आ जाएं. लेकिन ऐसी परिस्थितियों का हमसे कोई लेना-देना नहीं है. अगर मैच नहीं होता है तो हमें पाइंट्स मिलने चाहिए.'
पिछले साल प्रीमियर लीग के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था कि कोई मैच जो बिना फ़ैन्स के खेला जा रहा था (कोविड-19 के कारण), उसे प्रशंसकों के विरोध के कारण स्थगित करना पड़ा. मैच शुरू होने से पहले हजारो फ़ैन्स ग्राउंड के पास इकट्ठा हो गए थे. इसके थोड़ी ही देर बाद 200 से ज्यादा फ़ैन्स बैरिकेड तोड़कर स्टेडियम में घुस आए थे, जिस वजह से मैच रद्द करना पड़ा था.
इन विरोध प्रदर्शन के बारे में मैनचेस्टर यूनाइटेड के मैनेजर एरिक टेन हाग से भी सवाल पूछा गया. टेन ने कहा -
‘मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि मालिक मैच जीतना चाहते हैं, और चाहते हैं फै़न्स हमारा साथ दें. मैं क्लब में ज्यादा वक्त से नहीं हूं. इसलिए सारी चीज़े मुझे नहीं पता हैं. हमें एक साथ होकर लड़ना होगा.’
लिवरपूल के पहले दो मैच ड्रा हो गए थे. यूनाइटेड को अपने पहले दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में दोनों ही टीम्स के लिए ये मैच बेहद अहम है.
AIFF पर लगे FIFA बैन पर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्या सफाई दी?

