The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Jos Buttler took a blinder to dismiss prabhsimran singh and then lost his wicket in bizarre manner in Guwahati IPL2023 RRvsPBKS

बटलर ने बल्ला पकड़े बिना लूटी थी महफिल, बैटिंग में उनके साथ खेल हो गया!

बटलर भी सोच रहे होंगे- क्या से क्या हो गए, देखते-देखते.

Advertisement
pic
5 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 5 अप्रैल 2023, 10:35 PM IST)
Jos Buttler took a blinder to dismiss Prabhsimran Singh
जॉस बटलर ने ऐसा कैच पकड़ा की मौज ही आ गई (स्क्रीनग्रैब)
Quick AI Highlights
Click here to view more

जॉस बटलर. गजब के क्रिकेटर हैं. बल्ले से बवाल काटते ही रहते हैं. IPL2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बटलर ने IPL2023 की शुरुआत भी इसी अंदाज में की. और ये बात आप जानते हैं. इसलिए आज आपको वो बात बताएंगे, जो शायद आपने मिस कर दी होगी.

गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच IPL का मैच चल रहा है. इस मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया. पंजाब के लिए शिखर धवन और प्रभसिमरन सिंह ओपन करने आए. प्रभसिमरन ने अपना डेस्ट्रॉयर का रोल जारी रखा.

और शुरुआत से ही राजस्थान के बोलर्स को कूटने लगे. उन्होंने शिखर धवन के साथ मिलकर 9.4 ओवर्स में ही 94 रन जोड़ डाले. और इसी स्कोर पर प्रभसिमरन 34 गेंदोंपर 60 रन बनाकर आउट हुए. अरे ठहरिए, क़िस्सा बटलर का ही है. हम तो बस माहौल बना रहे थे.

हां तो, प्रभसिमरन आउट हुए. और उनका विकेट गया जेसन होल्डर के खाते में. लेकिन कायदे से इसे जाना चाहिए बटलर के खाते में. हुआ कुछ यूं, कि बटलर लॉन्ग ऑफ पर फील्डिंग कर रहे थे. होल्डर ने ये लेंथ बॉल उनके बल्ले से दूर फेंकी थी. प्रभसिमरन ने इसे पुल करना चाहा.

लेकिन ऑफ की गेंद को घसीटकर लेग पर ले जाना आसान तो होता नहीं. और ये दिख गया. गेंद उनके बल्ले से टकराई और मिड-ऑफ की दिशा में ऊपर जाकर खड़ी हो गई. बटलर गेंद से बहुत दूर थे. बहुत मतलब 20-25 मीटर तो रहे ही होंगे.

लेकिन उन्होंने इस दूरी का लोड नहीं लिया. और भग पड़े. ऐसा भागे कि लगभग 30 यार्ड की सर्कल में घुस ही गए. और घुसते-घुसते तैराकी शुरू कर रहे किसी तैराक की तरह आगे की ओर छलांग भी मार गए. और छलांग मार जमीन की ओर गिर रही गेंद को थाम लिया.

ये कैच इतना कमाल था कि इसका रीप्ले बार-बार दिखाया गया. और शायद प्रभसिमरन की कमाल पारी का अंत इसी तरीके से हो सकता था. किसी और हाल में तो वह रुकने वाले नहीं थे. हालांकि बाद में बैटिंग के वक्त बटलर के साथ और अजब हो गया.

राजस्थान ने अश्विन और यशस्वी जायसवाल के रूप में नई ओपनिंग जोड़ी ट्राई की थी. ये प्रयोग फेल रहा. पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने के बाद ये जोड़ी कुछ खास नहीं कर पाई. तीसरे नंबर पर जॉस बटलर और फिर संजू सैमसन आए. दोनों ने अटैकिंग बैटिंग शुरू की.

छक्के-वक्के जड़े. लेकिन फिर नेथन एलिस का भाग्य चमक गया. एलिस ने चौथे स्टंप पर गुड लेंथ बॉल फेंकी. बटलर इसे ड्राइव करने गए, गेंद ने बल्ले का अंदरूनी किनारा लिया. पैड से टकराई और हवा में उछल गई. और एलिस ने बहुत तेजी से, लगभग बटलर के ही अंदाज में तेजी से भागकर कैच ले लिया. बटलर ने आउट होने से पहले 11 गेंदों में 19 रन बनाए.

वीडियो: रिटायर होकर भी धोनी की इतनी है इनकम, टैक्स पेमेंट जान सबके होश उड़ गए!

Advertisement

Advertisement

()