जॉस बटलर ने ऐसा फोड़ा, कि लोगों को विराट का रिकॉर्ड खतरे में दिख गया!
जॉस ही हैं 'द बॉस'.

जॉस बटलर. इंग्लैंड के दिग्गज. IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं. बटलर ने बीते साल IPL में बेहतरीन प्रदर्शन किया था. और इस बरस की शुरुआत उन्होंने वहीं से की है, जहां पिछले बरस उनकी बैटिंग रुकी थी. बटलर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ़ ताबड़तोड़ फिफ्टी के साथ IPL2023 की शुरुआत की है.
इंग्लैंड के व्हाइट बॉल कैप्टन बटलर ने यशस्वी जायसवाल के साथ राजस्थान की पारी शुरू की. और दोनों ही बल्लेबाजों ने पहली गेंद से हैदराबाद के बोलर्स को कूटना शुरू कर दिया. जायसवाल ने पिटाई की शुरुआत की और जल्दी ही बटलर ने भी उन्हें जॉइन किया. और ऐसा जॉइन किया, कि फट से उनसे आगे भी निकल गए.
दोनों बल्लेबाजों के दम पर राजस्थान ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 85 रन बना डाले. यह पावरप्ले में उनका अब तक का बेस्ट प्रदर्शन है. इससे पहले उन्होंने IPL2021 के दौरान चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ़ पावरप्ले में एक विकेट खोकर 81 रन बनाए थे.
बटलर ने 22 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 54 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों पर पचासा पूरा कर लिया. और उनकी ये बैटिंग देख ट्विटर पर अलग ही बवाल मच गया. लोगों ने बटलर की बैटिंग को विराट के लिए चैलेंज बता डाला.
एक यूजर ने ट्वीट किया,
'बटलर, विराट के 973 रन्स के लिए आ रहे हैं.'
हर्षा भोगले भी खुद को रिएक्ट करने से नहीं रोक पाए. उन्होंने ट्वीट किया,
'क्या कमाल की पार्टनरशिप थी. बटलर ने पावरप्ले में फिफ्टी मार दी. यह काफी कमाल की बैटिंग थी.'
एक अन्य यूजर ने बटलर के आउट होने पर लिखा,
'एक पागलपन भरी पार्टनरशिप का अंत. सिर्फ 5.5 ओवर्स में 85 रन. जॉस बटलर ने 22 गेंदों पर 54 रन बना डाले.'
एक यूजर ने लिखा,
'जॉस बटलर ने सीजन के अपने पहले ही मैच में सिर्फ 20 गेंदों पर 50 मार दिए. वह अपनी ऑरेंज कैप देने के मूड में नहीं हैं.'
एक यूजर ने लिखा,
'जॉस बटलर हिम्मत-ए-मरदा, मदद-ए-खुदा को अर्थ देते हुए. टाइमिंग इतनी सही है कि मिसहिट भी बाउंड्रीज़ के लिए जा रही है.'
एक जनाब ने मिर्ज़ापुर वाले कालीन भैया का मशहूर मेमे शेयर किया. इसमें लिखा था,
'आते ही काम शुरू कर दिए?'
एक यूजर ने लिखा,
'बटलर की 973 की रेस पहले गेम से शुरू हो गई है. here we go again.'
एक व्यक्ति ने तो इसे EA क्रिकेट बना डाला. इसने ट्वीट किया,
'जॉस बटलर और यशस्वी जायसवाल ने EA क्रिकेट मोड एक्टिवेट कर दिया है.'
वैसे तो आप सब जानते हैं. लेकिन फिर भी हमारा काम बताना है. तो बता दें कि इन ट्वीट्स में आया 973 का रेफरेंस विराट कोहली से कैसे जुड़ा है. दरअसल विराट ने IPL2016 में 973 रन कूटे थे. ये रिकॉर्ड आजतक बरक़रार है. जब भी कोई बैटर थोड़ी अच्छी बैटिंग करता है, तो जनता को सबसे पहले यही रिकॉर्ड याद आता है.

