The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Jos Buttler registers shocking IPL record with duck vs PBKS, contrasting seasons compared to 2022

2022 में शतकों की झड़ी, 2023 में 'अंडों की लड़ी', जॉस बटलर को हो क्या गया है?

ऐसा किसी बल्लेबाज़ ने नहीं किया था.

Advertisement
Jos Buttler now has 5 ducks in one IPL season, a dubious record
बैंगलोर के खिलाफ आउट होने के बाद बटलर (PTI photo)
pic
पुनीत त्रिपाठी
19 मई 2023 (अपडेटेड: 19 मई 2023, 01:21 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

IPL 2023 में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से हो रहा था. इस मैच में पंजाब ने पहले बैटिंग कर बोर्ड पर 187 रन चढ़ा दिए. चेज़ करनी उतरी राजस्थान की टीम के लिए युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल और जॉस बटलर ने पारी का ज़िम्मा संभाला. हालांकि, राजस्थान को जल्द ही पहला झटका लगा.

दूसरे ओवर की चौथी बॉल पर बिना अपना खाता खोले बटलर पवेलियन लौट गए. चार बॉल की इस पारी के ख़त्म होते ही बटलर के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड हो गया, जो वो और उनकी टीम, कोई नहीं चाहता होगा. इस रिकॉर्ड के बारे में बताने से पहले एक बार आपको 2022 की याद दिला देते हैं. पिछले सीज़न बटलर ने अपनी टीम के लिए ओपन करते हुए 863 रन बनाए थे.

17 मैच में 57 की औसत और 150 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए बटलर ने शानदार बैटिंग की थी. चार शतक के साथ उन्होंने चार पचासे भी ठोक दिए थे. इंग्लैंड के वाइट बॉल कैप्टन बटलर ने कुल 83 चौके और 45 छक्के जड़े थे. बटलर ऐसी लय में थे, कि फै़न्स को विराट के पांच शतक वाले रिकॉर्ड की चिंता सता रही थी. विराट ने 2016 सीज़न में चार शतक जड़ दिए थे. ऐसा आजतक और किसी ने नहीं किया था. बटलर ने विराट की बराबरी कर ली थी. इन सबके साथ वो अपनी टीम को फाइनल तक ले गए थे.

अगला सीज़न. संजू की टीम से और भी उम्मीदें थी. हर कोई उन्हें फाइनल का मजबूत दावेदार मान रहा था. यशस्वी भी फॉर्म में थे. पर बटलर का बल्ला अटक-अटक कर चला. जब चला, तब ठीकठाक चला. 13 मैच में चार पचासे आए. पर जब अटका तक ऐसे अटका, जैसे बिल्कुल चले ही ना. 13 मैच में बटलर के खाते में पांच डक आए. पिछले सात साल में ये बल्लेबाज़ IPL में सिर्फ एक बार डक पर आउट हुआ था. इस सीज़न कितना कुछ बदल गया है!

Image embed

जॉस इकलौते ऐसे प्लेयर हैं जो एक IPL सीज़न में पांच बार डक पर आउट हुए हैं. लगातार तीन मैच से जॉस डक पर ही आउट हो रहे हैं. ऐसे में संजू की टीम के लिए मुश्किलें बढ़ना तय है. हर्शल गिब्स (डेक्कन चार्जर्स, 2009), मिथुन मन्हास (पुणे वारियर्स इंडिया, 2011), मनीष पांडे (सनराइजर्स हैदराबाद, 2012), शिखर धवन (दिल्ली कैपिटल्स, 2020), निकोलस पूरन (सनराइजर्स हैदराबाद, 2021), और ऑइन मोर्गन ( कोलकाता नाइट राइडर्स, 2021) - ये सारे प्लेयर्स एक सीज़न में चार डक पर आउट हो चुके हैं.

हालांकि, इस पांच डक्स को हटा दे तो बटलर का सीज़न एवरेज रहा है. उन्होंने 30 की औसत और 141 की स्ट्राइक रेट से 392 रन बनाए हैं.

मैच में क्या हुआ? 

अब मैच की बात कर लेते हैं. प्रभसिमरन सिंह को ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर में ही चलता किया. इसके बाद कैप्टन शिखर धवन के साथ अथर्व टाइडे ने एक छोटी-सी पार्टनरशिप बनाई. हालांकि, पंजाब के लिए मोटा-मोटा रन्स उनके फिनिशर्स ने बनाया. इस कड़ी में सबसे पहला नाम है जितेश शर्मा का. इस विकेटकीपर बल्लेबाज़ ने मिडल ओवर्स में रनों की गति को बनाए रखा. जितेश ने 28 बॉल पर 44 रन बनाए.

आखिरी पार्टनरशिप सैम करन और शाहरुख़ ख़ान के बीच बनी. करन ने 31 बॉल में 49 और शाहरुख़ ने 23 बॉल में 41 रन कूट दिए. दोनों ने मिलकर 73 रन जोड़े. इसी के बूते पंजाब ने बोर्ड पर 187 रन टांग दिए. बॉलिंग में नवदीप सैनी महंगे साबित हुए, पर विकेट्स भी उन्हीं को मिले. चार ओवर में नवदीप ने 40 रन खर्च कर तीन विकेट चटकाए.

बटलर नहीं चले, पर जायसवाल का साथ देवदत्त पड्डिकल ने निभाया. दोनों ने पचासे जड़ राजस्थान के चेज़ को मजबूती दी. आखिरी में शिमरन हेटमायर ने 46 और रियान पराग ने 20 रन बनाकर अपनी टीम को टार्गेट तक पहुंचाया. पंजाब के लिए कगीसो रबाडा ने दो विकेट चटकाए. इस मैच को जीतने के बाद राजस्थान के खाते में 14 पॉइंट्स हैं. इस टीम का नेट रनरेट +0.148 का है. संजू सैमसन की टीम को RCB से ऊपर जाने के लिए इस टार्गेट को 18.3 ओवर में चेज़ करना था, पर ऐसा हो नहीं सका. अब RR के क्वालिफाई करने के चांसेज़ बहुत कम बचे हैं.

वीडियो: जोस बटलर ने पंजाब किंग्स के साथ जो किया वही उनके साथ हो गया!

Advertisement

Advertisement

()