'हम जिएंगे तो इस भारत के लिए और मरेंगे तो...' कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट जेरेमी का दिल जीतने वाला ट्वीट
आज के दिन इस वीडियो से अच्छा कुछ नहीं.

जेरेमी लालरिननुंगा. 19 साल का वो लड़का, जिसने वेटलिफ्टिंग की 67kg कैटेगरी में कॉमनवेल्थ गेम्स का गोल्ड जीत, बर्मिंघम में तिरंगा लहरा दिया. और इस जीत के सेलिब्रेशन में जेरेमी ने एक ऐसा ट्वीट किया है, जिससे हर भारतवासी का दिल भर आएगा. जेरेमी के इस ट्वीट पर आने से पहले चलिए आपको उनकी जीत की कहानी दोबारा सुना देते हैं.
मिज़ोरम से आने वाले जेरेमी ने रविवार, 31 जुलाई को स्नैच राउंड में 140 kg उठाया. इसके साथ ही उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बना दिया. अगली कोशिश में उन्होंने 143kg का टार्गेट रखा, पर अपने प्रयास को बेहतर नहीं कर पाए. हालांकि इस राउंड के बाद ही उन्होंने 10 kg की बढ़त ले ली थी. क्लीन और जर्क में भी उनका दबदबा जारी रहा.
जेरेमी ने पहली कोशिश में 154 kg उठा लिया. इस दौरान वो चोटिल हो गए. पर उन्होंने हार नहीं मानी. जेरेमी ने अगले प्रयास में 160 kg उठाया. यानी दोनों मिलाकर कुल 300 kg. इसके साथ ही उन्होंने अपना गोल्ड मेडल पक्का कर लिया था. समोआ के वाइपावा इओने ने 301 kg उठाने की कोशिश जरूर की, पर कर नहीं पाए. उनके हाथ सिल्वर मेडल आया.
मेडल जीतने के एक दिन बाद जेरेमी ने ट्वीट पर पूरे देश को संदेश भेजा है. इस ट्वीट में पोस्ट किया हुआ वीडियो हर भारतीय को गर्व से भर देगा. जेरेमी ने ट्वीट कर लिखा,
‘हम जिएंगे तो इस भारत के लिए और मरेंगे तो इस भारत के लिए.’
19 साल के जेरेमी मिज़ोरम के इम्फाल से आते हैं. जेरेमी ने 2011 में वेटलिफ्टिंग करना शुरू किया था. जेरेमी के पिता लोक निर्माण विभाग में वर्कर हैं. जेरेमी 2012 में पुणे के आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट में भर्ती हुए. उन्हें 2016 में नेशनल कैंप के लिए चुना गया था. 2018 यूथ ओलंपिक गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद जेरेमी ने 2021 कॉमनवेल्थ सीनियर चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया था.
जेरेमी का गोल्ड CWG2022 में इंडिया का पांचवां मेडल है. इंडिया ने अब तक CWG2022 में कुल छह मेडल जीते हैं. जेरेमी से पहले मीरबाई चानू ने गोल्ड, संकेत सरगर और बिंद्यारानी देवी ने सिल्वर, और गुरुराज पुजारी ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीते थे. जेरेमी के बाद अंचिता शिउली ने वेटलिफ्टिंग की 73 kg कैटेगरी में इंडिया के लिए गोल्ड मेडल जीता है.
कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले ही दिन पी.वी सिंधु और श्रीकांत ने भारत को खुश कर दिया!

