The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Jay Shah to attend Asia Cup Opening Match PCB invited Jay Shah for the same

पाकिस्तान से आया आमंत्रण, जय शाह जाएंगे?

PCB चाहता है पाकिस्तान आएं जय शाह!

Advertisement
pic
19 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 19 अगस्त 2023, 08:34 PM IST)
PCB Invited Jay Shah to attend Asia Cup Opening
अरुण धूमल ये जय शाह के पाकिस्तान जाने की रिपोर्ट्स को बकवास बताया था (पीटीआई फाइल)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने BCCI सेक्रेटरी और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) प्रेसिडेंट जय शाह को एशिया कप का पहला मैच देखने के लिए आमंत्रित किया है. एशिया कप की शुरुआत 30 अगस्त से हो रही है. टूर्नामेंट का पहला मैच पाकिस्तान और नेपाल के बीच खेला जाएगा.

PCB ने इसके लिए ना सिर्फ शाह, बल्कि ACC में शामिल बाक़ी देशों के क्रिकेट बोर्ड्स को भी आमंत्रित किया है. इस आमंत्रण की नींव डरबन में हुई ICC मीटिंग के दौरान PCB चीफ़ ज़का अशरफ़ और जय शाह के  बीच हुई बातचीत के दौरान पड़ी. क्रिक ट्रैकर के मुताबिक PCB के एक सोर्स ने बताया कि शाह को भेजा गया निमंत्रण उनकी उपस्थिति की उम्मीद से ज्यादा, सद्भावना का प्रदर्शन है.

बता दें कि हाल ही में पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया था कि जय शाह ने PCB का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है. लेकिन बाद में ये दावा नकार दिया गया. इन ख़बरों के बाद PCB के भीतर थोड़ी असुविधा का माहौल बना. सूत्र के मुताबिक, इस भ्रम के लिए दोनों बोर्ड्स के बीच हुआ मिस-कम्यूनिकेशन जिम्मेदार रहा.

इंडिया टुडे ने इस सोर्स के हवाले से लिखा,

'PCB ने बस उस आमंत्रण का फॉलोअप लिया था जो चेयरमैन ज़का अशरफ़ ने ICC की डरबन मीटिंग के दौरान जय शाह को मौखिक रूप से दिया था. PCB निश्चित तौर पर शर्मिंदा हुई जब पाकिस्तानी मीडिया ने रिपोर्ट किया कि जय शाह ने ज़का अशरफ़ का आमंत्रण स्वीकार कर लिया और भारतीय बोर्ड ऑफिशल ने इसे सिरे से खारिज़ कर दिया.'

भारत और पाकिस्तान के रिश्ते देखते हुए, PCB का ये आमंत्रण निश्चित तौर पर क्रिकेट को राजनीति से अलग रखने का प्रयास माना जा रहा है. इससे पहले, बीते महीने रिपोर्ट्स आई थीं कि जय शाह पाकिस्तान जाने वाले हैं. पाकिस्तान की ओर से ये बात क़ंफ़र्म भी हो गई. और ऐसा होते ही ख़बरें तेजी से फैलने लगीं.

कई रिपोर्ट्स ने यहां तक दावा कर दिया कि PCB के बॉस ज़का अशरफ़ इसके बदले में वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत आएंगे. लेकिन IPL चेयरमैन और BCCI ऑफिशल अरुण धूमल ने ऐसी रिपोर्ट्स को बकवास बता दिया था. धूमल ने PTI से कहा,

'ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई. ना ही भारत की टीम पाकिस्तान जा रही है और ना ही सेक्रेटरी. सिर्फ़ शेड्यूल फाइनल हुआ है.'

धूमल ने ये भी कंफर्म किया था कि जय शाह और ज़का अशरफ़ डरबन में मिले थे. जहां एशिया कप से जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई. उन्होंने ये भी कहा कि एशिया कप के सिर्फ़ चार मैच पाकिस्तान में होंगे, जबकि नौ श्रीलंका में खेले जाएंगे.

उम्मीद है कि भारत और पाकिस्तान की टीम्स एशिया कप में कम से कम दो बार भिड़ेंगी. अगर ये दोनों टीम्स फ़ाइनल में पहुंची, ये यह संख्या तीन हो सकती हैं. अगर भारतीय टीम फाइनल में नहीं पहुंची, तो फाइनल पाकिस्तान में हो सकता है.

वीडियो: जसप्रीत बुमराह आयरलैंड के खिलाफ क्या कमाल का ओवर फेंक गए

Advertisement

Advertisement

()