The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Jasprit Bumrah dismisses Mahmudullah with ball of the match, Rohit wastes DRS in Ind vs Ban World Cup 2023

रोहित शर्मा ने बर्बाद किया रिव्यू... लेकिन बुमराह बोले, फिकर नॉट कैप्टन!

Bumrah ने अपने कैप्टन की बड़ी समस्या हल कर दी.

Advertisement
pic
19 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 07:26 PM IST)
Jasprit Bumrah fires yorker to Mahmudullah, dismisses him in Ind vs Ban
बुमराह की बॉल पर चारो खाने चित्त बांग्लादेशी (तस्वीर - एपी)
Quick AI Highlights
Click here to view more

वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारत का मुक़ाबला बांग्लादेश (Ind vs Ban) से हुआ. बांग्लादेश ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला लिया. तंज़िद हसन और लिटन दास के पचासे के बाद महमूदुल्लाह ने बांग्लादेशी पारी को अच्छी फिनिश दिलाने का बीड़ा उठाया. 49वें ओवर में महमूदुल्लाह ने मोहम्मद सिराज को छक्का जड़ इस बात का सबूत भी दिया. फिर आख़िरी ओवर डालने आए जसप्रीत बुमराह.

क्या बॉलर है यार ये! अलग ही स्मूद यॉर्कर है बुमराह भाई के पास. हम ऐसा क्यों कह रहे हैं, आगे समझ आएगा. बुमराह ने 50वें ओवर की पहली बॉल डाली. ऑफस्टंप पर यॉर्कर की कोशिश. 140 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड. महमूदुल्लाह ही क्रीज़ पर थे. उनके बल्ले का इनसाइड एज लगा और फिर बॉल पैड पर लगी. केएल राहुल पीछे से चिल्लाते रहे, पर रोहित शर्मा ने उनकी एक ना सुनी. रिव्यू ले लिया. इनसाइड एज तो था ही, दिखा भी यही.

कैप्टन रोहित ने सोचा होगा, काश विकेट मिल जाए. महमूदुल्लाह के अंदर एक ओवर में 15-20 रन बनाने की क़ाबिलियत है. और इसीलिए रोहित ने रिस्क लिया. लेकिन रिस्क काम नहीं आया. हालांकि, रोहित को इससे फ़र्क नहीं पड़ा. अगली बॉल पर बुमराह ने अपने कैप्टन की इच्छा पूरी कर दी.

इस बार वो बॉल, जिसे खेलना लगभग नामुमकिन है. मिडल स्टंप पर यॉर्कर, 140 की स्पीड और वो यॉर्कर, जो क्रीज़ में बाउंस खा रही थी. यानी बिल्कुल जड़ में. महमूदुल्लाह का पैर टूटते-टूटते बचा. पर जो नहीं बचा वो था मिडल स्टंप. पूरा स्टेडियम खड़ा हो गया. बुमराह ने बांग्लादेश के सबसे शानदार फिनिशर को वापस भेज दिया था.

हार्दिक पंड्या इंजरी

इससे पहले, बांग्लादेश की पारी के दौरान भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोटिल हो गए. उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा है. जानकारी के मुताबिक़ पंड्या को स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया है. मैच में कॉमेंट्री के दौरान नासिर हुसैन ने कहा कि पंड्या इस मैच में फील्डिंग नहीं करेंगे. बैटिंग करेंगे या नहीं, इसपर अभी कोई अपडेट नहीं है.

हार्दिक पंड्या पारी का नौवां ओवर डालने आए. उनके कोटे का ये पहला ओवर था. पहली गेंद पंड्या ने डॉट डाली. जबकि दूसरी गेंद पर लिटन दास ने उन्हें चौका जड़ा. ओवर की तीसरी गेंद पर लिटन दास ने फिर चौका मारा. बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव लगाई. हार्दिक ने इसे रोकने की कोशिश की. इस दौरान वो फिसल गए और उनके बाएं पैर में चोट आई. हार्दिक का दर्द देखकर प्लेयर्स वहां पहुंचे और फिज़ियो को बुलाया गया. मैदान पर ही हार्दिक को फर्स्ट एड दिया गया और उनके पैर में पट्टी बांधी गई. कुछ देर बाद हार्दिक मैदान से बाहर चले गए. उनकी जगह ओवर को पूरा किया विराट कोहली ने.

इस पर भी ट्विटर पर बहुत कुछ हुआ. आप इसके बारे में यहां पढ़ सकते हैं.

मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो बांग्लादेश को अच्छी शुरुआत मिली. लिटन दास के साथ तंज़िद हसन ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े. ये वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है. तंज़ीद ने अपना पचासा पूरा किया. स्पिनर कुलदीप यादव ने भारत को पहला विकेट दिलाया. इसके बाद बांग्लादेश के विकेट्स लगातार गिरते रहे. लिटन दास 66 रन बनाकर आउट हुए.

इसके बाद मुशफिकुर रहीम के साथ महमूदुल्लाह ने पार्टनरशिप बनाई. दोनों ने अपनी टीम को 250 के पार पहुंचाया. मैच की आख़िरी बॉल पर शोरिफ़ुल इस्लाम ने छक्का जड़ बांग्लादेश को 256 तक पहुंचा दिया.

वीडियो: शाहीन शाह अफरीदी पर जसप्रीत बुमराह का नाम लेकर बुरा भड़का पाकिस्तानी

Advertisement

Advertisement

()