कोटला में धोनी का बुखार, फ़ैन्स के साथ DC के डीजे ने भी छोड़ा साथ!
ग्राउंड के अंदर और बाहर, दोनों तरफ हारी दिल्ली.

महेंद्र सिंह धोनी. माना जा रहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान ने दिल्ली में अपना आखिरी मैच खेल लिया है. IPL2023 के तमाम मैचेज की तरह इस मैच में भी उन्हें भरपूर सपोर्ट मिला. दिल्ली में फ़ैन्स पूरी तरह से पीले रंग मे रंगे दिखे. इस मैच में एक बार फिर से होम टीम को छोड़, लोगों ने माही-माही के नारे लगाए.
पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली के खिलाफ़ 20 मई, शनिवार को मैच से पहले, फिरोजशाह कोटला की ओर जाती भीड़ में बस पीला ही पीला रंग दिख रहा था. जगह-जगह CSK की जर्सियां और झंडे बिक रहे थे, और फ़ैन्स अपने चेहरों पर पीला रंग भी करा रहे थे.
# Dhoni Fans Delhiस्टेडियम के अंदर भी माहौल ऐसा ही था. धोनी फ़ैन्स पीली जर्सियों में CSK के झंडे लहराते हुए धोनी-धोनी के नारे लगा रहे थे. ये नारेबाजी उस वक्त भी जारी थी, जब रुतुराज गायकवाड़ और डेवन कॉन्वे बैटिंग के लिए आए. यहां तक कि कोटला के डीजे ने भी इस मैच में होम टीम के 'रोर मचा' की जगह CSK का गाना बजाना पसंद किया.
CSK की नंबर सात जर्सी पहने एक फ़ैन ने पीटीआई से कहा,
'धोनी खेल रहा है आज, आखिरी मैच खेल रहा यहां, सपोर्ट करना तो बनता है.'
हालात ये थे कि स्टेडियम में दिल्ली की नीली जर्सियां खोजना मुश्किल हो रहा था. हालांकि इन फ़ैन्स को बीच में थोड़ी निराशा भी हुई. लगा कि आज वो थला को बैटिंग करते नहीं देख पाएंगे. लेकिन जल्दी ही ये निराशा दूर हो गई. और जब धोनी नंबर चार पर बैटिंग करने उतरे, फ़ैन्स ने बवाल कर दिया.
हालांकि धोनी इस मैच में बड़े शॉट्स नहीं खेल पाए, लेकिन भीड़ उन्हें पिच पर देखकर ही खुश थी. ऐसा ही हाल इस पूरे सीजन रहा है. धोनी जहां भी खेलने पहुंचे हैं, हर जगह उन्हें ऐसा ही रिसेप्शन मिला है. और इसके पीछे वजह ये है कि लोगों को लगता है कि ये धोनी का आखिरी IPL है.
इस मैच से पहले, शुक्रवार को फ़ैन्स ने धोनी की एक झलक के लिए स्टेडियम के बाहर घंटों तक इंतजार किया था. बात मैच की करें तो धोनी ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. और उनका ये फैसला सही भी साबित हुआ. ओपनर्स रुतुराज गायकवाड़ और डेवन कॉन्वे ने पहले विकेट के लिए 14.3 ओवर्स में 141 रन जोड़ डाले. अंत में CSK ने बीस ओवर्स में तीन विकेट खोकर 223 रन बनाए.
रुतुराज ने 50 गेंदों पर 79, जबकि कॉन्वे ने 52 गेंदों पर 87 रन बनाए. शिवम दुबे और रविंद्र जडेजा ने तेज पारियां खेल, CSK को दो सौ के पार पहुंचाया. दुबे ने नौ गेंदों पर 22, तो जडेजा ने सात गेंदों पर 20 रन बनाए.
जवाब में दिल्ली वाले अपने बीस ओवर्स में नौ विकेट खोकर 146 रन ही बना पाए. कप्तान डेविड वार्नर ने 58 गेंदों पर 86 रन बनाए. उनके अलावा सिर्फ़ यश धुल और अक्षर पटेल ही दहाई तक पहुंच पाए. CSK के लिए दीपक चाहर ने तीन, जबकि महीश तीक्षणा और मतीशा पतिराना ने दो-दो विकेट निकाले.
वीडियो: IPL 2023 प्लेऑफ में जाने के लिए CSK, RCB को क्या करना होगा?

.webp?width=60)

