The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL Rohit sharma hints Tilak verma will Play Team India Arjun Tendulkar

मुंबई इंडियंस का ये लड़का टीम इंडिया के लिए खेलेगा, रोहित ने बता दिया!

आखिरकार रोहित ने नाम ले ही लिया!

Advertisement
pic
19 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 19 अप्रैल 2023, 12:22 PM IST)
IPL Rohit sharma hints Tilak verma will Play Team India Arjun Tendulkar
कमाल की फॉर्म में हैं तिलक वर्मा. (फोटो: PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

तिलक वर्मा (Tilak Varma). इस प्लेयर को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के मिडल ऑर्डर की जान कहा जाए तो गलत नहीं होगा. हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी तिलक ने छोटी लेकिन शानदार पारी खेली. जिसके बाद टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) उनसे काफी प्रभावित नजर आए. रोहित ने मैच के बाद ऐसा हिंट दिया कि तिलक आने वाले दिन में इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं.

हैदराबाद के खिलाफ मैच में तिलक ने 17 गेंद पर 37 रन की पारी खेली. उन्होंने कैमरन ग्रीन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 28 गेंद पर 56 रन की साझेदारी की. तिलक के नाम इस सीज़न 5 मैच में कुल 214 रन हो गए हैं. इस दौरान उनका औसत 53.50 और स्ट्राइक रेट 158.51 का रहा. वहीं IPL 2022 में उन्होंने 36.09 की औसत से 397 रन बनाए थे. ऐसे में रोहित शर्मा ने तिलक की तारीफ करते हुए कहा,

“हमने तिलक वर्मा को पिछले सीजन में देखा था. हम सभी को पता है कि वो क्या कर सकते हैं. मुझे उनकी अप्रोच पसंद है. वो गेंदबाज को नहीं खेलते, बल्कि वो गेंद को खेलते हैं. हम जल्द उन्हें कुछ अन्य टीमों के लिए खेलते हुए देखेंगे.”

रोहित शर्मा ने इसके साथ ही मैच में अच्छी बॉलिंग करने वाले अर्जुन तेंडुलकर की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा,

“अर्जुन तीन साल से इस टीम का हिस्सा हैं. उनको पता है कि वो क्या करना चाहते हैं. वो आत्मविश्वास से भरे हुए हैं. वो नई गेंद को स्विंग कराने और डेथ ओवर में यॉर्कर डालने की कोशिश कर रहे हैं. अर्जुन के साथ खेलना काफी मजेदार रहा है.”

मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया. मुंबई इंडियंस को एक बार फिर ओपनर्स रोहित शर्मा और ईशान किशन ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई. दोनों ने मिलकर 4.4 ओवर में 41 रन जोड़े. रोहित फिर अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए और 28 रन बनाकर नटराजन की गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद किशन ने ग्रीन के साथ मिलकर रन रेट को अच्छा बनाए रखा. किशन 38 रन बनाकर येनसन की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद ग्रीन ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने पहले तिलक वर्मा और फिर टिम डेविड के साथ छोटी लेकिन तेज पार्टनरशिप कर टीम के स्कोर को 192 रन तक पहुंचा दिया. ग्रीन 64 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं तिलक वर्मा ने 37 और टिम डेविड 17 ने रन की पारी खेली.

जवाब में हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 25 के स्कोर पर दो विकेट आउट हो गए. इसके बाद मार्करम और मयंक अग्रवाल ने पारी को संभाला लेकिन दोनों ने काफी स्लो बैटिंग की. मार्करम 17 गेंद पर 22 रन बनाकर आउट हुए. बीच में हेनरिक क्लासेन ने तेजी से बैटिंग की और पीयूष चावला के एक ओवर में ही 20 रन कूट मैच को रोमांचक बना दिया. लेकिन इसी ओवर में छक्का मारने की कोशिश में वो टिम डेविड के हाथों में कैच दे बैठे.

डेविड ने इस मैच में चार कैच लपके. साथ ही उन्होंने एक खिलाड़ी को रन आउट भी किया. क्लासेन के आउट होते ही मयंक प्रेशर में आ गए और अपना भी विकेट गंवा बैठे. और यहीं से मैच हैदराबाद की पकड़ से काफी दूर चला गया. मुंबई की इस सीज़न ये पांच मैच में तीसरी जीत है. वो प्वाइंट्स टेबल में छह अंक के साथ छठवें स्थान पर है. वहीं हैदराबाद के चार अंक है और वो प्वाइंट्स टेबल में नौवें नंबर पर है.

वीडियो: सूर्यकुमार यादव बैटिंग में अपनी फॉर्म को ऐसे वापस लेकर आए

Advertisement

Advertisement

()