The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Ipl 2026 srh vs kkr Rahane fumes at reporters questioning his intent

रहाणे ने इंटेंट पर सवाल उठाने वालों को गंदा सुना दिया, वरुण को लेकर भी बड़ी बात बता दी

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान Ajinkya Rahane ने अपनी छवि से विपरीत इंटेंट पर सवाल उठाने वालों को खरी-खोटी सुना दी. साथ ही उन्होंने Varun Chakravarthy के इस्तेमाल को लेकर भी बड़ी बात बताई.

Advertisement
pic
2 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 01:43 AM IST)
Ajinkya Rahane, IPL 2026, SRH vs KKR
अजिंक्य रहाणे ने इंटेंट पर सवाल उठाने वालों को खूब सुनाया. (फोटो-AFP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) की इमेज एक शांत और कूल क्रिकेटर की है. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान IPL के सबसे अनुभवी प्लेयर्स में से एक हैं. कई फ्रैंचाइजी को रिप्रजेंट कर चुके हैं. साथ ही कप्तानी का भी ढेर सारा अनुभव है. लेकिन, 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ख‍िलाफ 65 रनों से मिली हार के बाद वो बिल्कुल अलग ही अंदाज में नज़र आए.

उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखी. यहां तक कि उनके इंटेंट पर सवाल उठाने वालों की तो उन्होंने गजब ही क्लास लगा दी. रहाणे इतना भड़क गए कि उन्होंने ये सवाल उठाने वालों को एजेंडा से प्रेरित तक बता दिया. अपनी बैटिंग के अलावा उन्होंने वरुण चक्रवर्ती और टीम कॉम्बिनेशन पर भी बात की.

क्यों भड़क गए रहाणे?

दरअसल, कोलकाता में मैच के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस उनसे फिन एलन के साथ उनकी ओपनिंग पार्टनरशिप पर सवाल पूछा गया. इस दौरान स्पिन के खिलाफ उनके खेलने के इंटेंट पर बढ़ रही आलोचना के बारे में भी सवाल किया गया. इस पर रहाणे भड़क गए. आलोचना को एजेंडा बताकर KKR के कप्तान ने तीखा जवाब दिया. रहाणे ने कहा,

मेरा स्ट्राइक रेट. मुझे लगता है कि अब तक मेरा स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है. जो लोग मेरे बारे में बात कर रहे हैं, वे शायद मैच देख ही नहीं रहे हैं, या फिर उनके मन में मेरे खिलाफ कोई खास एजेंडा है. उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है. वे मुझे खेलते हुए देखना नहीं चाहते. मुझे जितनी सफलता मिली है, मुझे लगता है कि वे उससे जलते हैं. मुझे इसकी कोई खास चिंता नहीं है.

उन्होंने आगे कहा, 

आप लोग जानते हैं कि मैं क्या कर रहा हूं. बस एक खराब पारी- खैर, उसे खराब पारी भी नहीं कहूंगा. लेकिन, मेरा इंटेंट सही था. कभी-कभी एक बैटर के तौर पर आपको वह रिदम नहीं मिल पाती. फ्लो नहीं मिल पाता. जो लोग इस बारे में बात कर रहे हैं, या तो उन्हें खेल की समझ नहीं है या फिर वे चाहते हैं कि मैं किसी अलग ही तरह की पारी खेलूं.

रहाणे यहीं नहीं रुके. उन्होंने इसमें जोड़ते हुए कहा,

उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्य रहाणे अपने खेल में इतना सुधार कर लेंगे. इसलिए मुझे खुशी है कि वे मेरे बारे में बात कर रहे हैं. चाहे वह निगेटिव हो या पॉजिटिव किसी भी तरह से. मुझे सच में खुशी है कि वे बात तो कर रहे हैं. उन्हें बात करने दो. बैटिंग के लिहाज़ से, पार्टनरशिप के लिहाज़ से, फिन एलन के साथ यह बहुत शानदार रहा है.

ये भी पढ़ें : 'हम खिलाड़ी हैं या मोसाद के एजेंट', क्यों भड़क गए अमेरिकी ग्रैंडमास्टर?

पिछले मैच को भी किया याद

रहाणे ने पिछले मैच का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, 

मुंबई में हमारी पार्टनरशिप बहुत अच्छी रही थी. शुरुआती 6 ओवरों में, आप हमेशा निडर होकर खेलना चाहते हैं. आज़ादी से क्रिकेट खेलना चाहते हैं. कभी-कभी आपको स्ट्रगल करना पड़ता है, और यह ठीक है. इसे एक्सेप्ट करना जरूरी है. लेकिन, मुझे पता है कि मैं क्या कर रहा हूं. मुझे पता है कि मैंने पास्ट में क्या किया है, और जो कोई भी मेरे बारे में बातें कर रहा है, उसकी परवाह करने की बजाय मैं खुद पर भरोसा करता हूं. उन्हें बोलने दीजिए.

KKR की टीम बैटिंग में SRH के दिए 227 रनों के टारगेट का चेज करने में नाकाम रही. टीम महज 16 ओवर में ही 161 रन पर सिमट गई. हालांकि, मैच के दौरान कोलकाता की शुरुआती 10 ओवरों में बॉलिंग भी बहुत निराशाजनक रही. चर्चा का एक बड़ा मुद्दा वरुण चक्रवर्ती का इस्तेमाल भी था. दरअसल, रहाणे ने वरुण से इस अहम मुकाबले में सिर्फ 2 ओवर बॉलिंग करवाई. रहाणे ने इसके पीछे टैक्टिकल और साइकोलॉजिकल कारण बताए. उन्होंने कहा,

आपको एक बॉलर की मानसिकता देखनी होती है कि वह किस दौर से गुज़र रहा है.चार ओवर बॉलिंग करना हमेशा ज़रूरी नहीं होता. अगर वह स्ट्रगल कर रहा है, तो आपको यह एक्सेप्ट करना होगा कि वह स्ट्रगल कर रहा है.

रहाणे ने वरुण की जगह अनुकूल रॉय का रुख किया. रॉय ने मैच में दो अहम ओवर डाले. हालांकि, रहाणे ने वरुण को बैक किया. उन्होंने आगे कहा,

हम चाहते हैं कि पूरे टूर्नामेंट में वरुण का कॉन्फ‍िडेंस बना रहे. यह IPL की अभी शुरुआत ही है. मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले मैचों में वरुण हमारे लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे.

ग्रीन पर क्या अपडेट दिया?

KKR की बॉलिंग की दिक्कतों का असर उनकी बैटिंग लाइन-अप पर भी पड़ा है. रोवमैन पॉवेल जैसे बड़े हिटर्स बेंच पर बैठे हैं. क्योंकि टीम के अनुभवहीन पेसर्स की मदद के लिए एक एक्सट्रा बॉलर खेल सके. इसके पीछे कैमरन ग्रीन की बॉलिंग का विकल्प नहीं होना भी है. हालांकि, रहाणे ने पुष्टि की है कि ग्रीन बॉलिंग करने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया,

जब ग्रीन बॉलिंग शुरू करेंगे. उम्मीद है कि वह जल्द ही ऐसा करेंगे तो टीम का कॉम्बिनेशन अलग होगा. तब बैटिंग की डेप्थ थोड़ी बेहतर हो जाएगी. इस समय, क्योंकि हमें एक एक्सट्रा बॉलर की ज़रूरत है. इसलिए हम बैटर के लिए वह जगह नहीं बना पा रहे हैं.

अब ये देखने लायक होगा कि ग्रीन कब से बॉलिंग के लिए अवेलेबल हो पाते हैं. ऐसे में तब तक KKR का रुख यही होगा. फैन्स यही उम्मीद करेंगे कि ग्रीन जल्द ही फिट हो जाएं क्योंकि KKR की ये लगातार दूसरी हार है.

वीडियो: कैमरन ग्रीन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बॉलिंग क्यों नहीं की? KKR के कप्तान ने बताया

Advertisement

Advertisement

()