The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL 2026 Mumbai Indians bowler raghu sharma jai shree ram note went viral after taking maiden ipl wicket against lsg

कौन हैं रघु शर्मा? LSG के खिलाफ मैच में जिनका ‘जय श्रीराम’ वायरल हो गया

अक्षत रघुवंशी को आउट करने के बाद, रघु शर्मा ने ट्राउजर की जेब से पर्ची निकाली. उसे कैमरे की तरफ दिखाया. उनका यही नोट वायरल हो गया. उस पर्ची पर लिखा था, 'राधे-राधे. बहुत दर्द भरे 15 साल आज गुरुदेव की कृपा से खत्म हुए.'

Advertisement
pic
5 मई 2026 (पब्लिश्ड: 04:38 PM IST)
 Raghu Sharma, Who is Raghu Sharma, Raghu Sharma note, Raghu Sharma IPL celebration,
रघु शर्मा का विकेट सेलिब्रेशन वायरल हो गया. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मुंबई इंडियंस (MI) के लेग स्पिनर रघु शर्मा (Raghu Sharma) ने 4 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ IPL करियर का पहला विकेट लिया. विकेट लेने के बाद उनका सेलिब्रेशन वायरल हो गया. IPL में अक्सर धुआंधार बैटिंग करने वाले बैटर्स या फिर गिल्लियां बिखेरने वाले बॉलर्स सुर्खियां बटोरते हैं. लेकिन, लखनऊ के खिलाफ एक विकेट लेने वाले रघु शर्मा ने पर्ची की वजह से सुर्खियां बटोर लीं. इस पर्ची में उन्होंने 15 साल की मेहनत और स्ट्रगल को कुछ लाइनों में समेट दिया. उनके इस विकेट सेलिब्रेशन के अंदाज ने हर किसी को इमोशनल कर दिया.

अक्षत रघुवंशी को आउट किया

मुंबई इंडियंस के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रघु शर्मा को 10वें ओवर में गेंद थमाई. इस ओवर में रघु महंगे रहे और 14 रन दिए. ऋषभ पंत ने एक छक्का भी लगाया. ओवर के बाद सूर्या ने उन्हें अटैक से हटा लिया. इसके बाद, रघु LSG की पारी का 13वां ओवर डालने आए. स्ट्राइक पर थे LSG के बैटर अक्षत रघुवंशी.

ओवर की पहली गेंद को अक्षत रघुवंशी ने डिफेंसिव खेलने की कोशिश की. लेकिन, वह फ्लाइट पर बीट हो गए. गेंद पहले बैट पर लगी फिर, अंदरूनी किनारा लेकर रघु शर्मा के पास गई. उन्होंने आसानी से रिटर्न कैच लपक लिया. रघु शर्मा का IPL में यह पहला विकेट था. अक्षत रघुवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए.

ये भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप भारत में नहीं देख पाएंगे? रिलायंस-डिज्नी को ब्रॉडकास्ट राइट्स नहीं मिले

वायरल हुआ विकेट सेलिब्रेशन

अक्षत रघुवंशी को आउट करने के बाद, रघु शर्मा ने ट्राउजर की जेब से पर्ची निकाली. उसे कैमरे की तरफ दिखाया. उनका यही नोट वायरल हो गया. उस पर्ची पर लिखा था,

राधे-राधे. बहुत दर्द भरे 15 साल आज गुरुदेव की कृपा से खत्म हुए. मुझे यह मौका देने के लिए मुंबई इंडियंस (ब्लू एंड गोल्ड) का धन्यवाद. मैं हमेशा आभारी रहूंगा. जय श्रीराम.

रघु शर्मा ने लखनऊ के खिलाफ मैच में एक विकेट लिया. इस दौरान उन्होंने 4 ओवर में 36 रन खर्च किए. IPL में यह उनका सिर्फ दूसरा मैच था. इससे पहले 2 मई को उन्होंने CSK के खिलाफ IPL में डेब्यू किया था. अपने डेब्यू मैच में रघु शर्मा ने 4 ओवर में 'इम्पैक्टफुल' बॉलिंग करते हुए 24 रन दिए थे. हालांकि, वह CSK के खिलाफ विकेट नहीं ले पाए.

रघु का सफर आसान नहीं रहा

रघु शर्मा का क्रिकेट बनने का सफर आसान नहीं रहा. उन्हें अपने सपने को पूरा करने के लिए बहुत स्ट्रगल करना पड़ा. 11 मार्च 1993 को जालंधर में जन्मे रघु शर्मा ने 18 साल की उम्र में क्रिकेटर बनने के बारे में सोचा. उस समय उनका वजन 100 किलो से ज्यादा था.

क्रिकेटर बनने के लिए रघु शर्मा ने करीब 30 से 35 किलो अपना वजन कम किया. वह पहले तेज गेंदबाज बनना चाहते थे. लेकिन, हैमस्ट्रिंग की दिक्कत के चलते उन्होंने स्पिनर बनने का फैसला किया. इस दौरान उन्होंने यूट्यूब पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व  दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न के वीडियो देखे.

ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए रघु शर्मा ने कहा था,

मैंने शेन वॉर्न के वीडियो देखकर स्पिन बॉलिंग सीखी. मैं उनके वीडियो बार-बार देखता और नेट्स में वैसा ही करने की कोशिश करता था.

33 साल में डेब्यू

रघु शर्मा की क्रिकेट जर्नी आसान नहीं रही. 25 साल की उम्र में उनसे कहा गया कि बहुत देर हो चुकी है. लेकिन, रघु ने हार नहीं मानी. वह लगातार प्रयास करते रहे. डोमेस्टिक क्रिकेट में पंजाब के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले. इसके बाद, उन्होंने पुडुचेरी से खेलना शुरू किया. वहां से उनका करियर पटरी पर लौटा. स्ट्रगल के दौरान रघु ने श्रीलंका और इंग्लैंड में जाकर क्लब क्रिकेट भी खेला. उन्होंने क्रिकेट एकेडमी ऑफ पठांस में बॉलिंग की कोचिंग ली. इस एकेडमी को पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और यूसुफ पठान रन करते हैं.

साल 2017 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने वाले रघु शर्मा को IPL में डेब्यू करने में 33 साल लग गए. IPL 2015 में वह मुंबई इंडियंस के नेट बॉलर थे. लेकिन, तब उन्हें चांस नहीं मिला. IPL 2025 में मुंबई इंडियंस के बॉलर विग्नेश पुथुर इंजर्ड हो गए थे, तब MI ने रघु को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम के साथ जोड़ा. फिर 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई ने उन्हें रिटेन किया. इसके बाद, 2 मई 2026 को रघु शर्मा ने 33 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस की तरफ से चेन्नई के खिलाफ IPL में डेब्यू किया.

वीडियो: रोहित शर्मा लौटे, मुंबई जीती, LSG के छक्के छुड़ा दिए

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()