सैंटनर का न होना MI को खला, RR के खिलाफ हार के बाद कोच ने बताया क्यों नहीं खेले?
राजस्थान के खिलाफ सैंटनर के नहीं खेलने की वजह से मुंबई की टीम को 3 बदलाव करने पड़े थे. टीम ये मैच 27 रनों से हार गई.

IPL 2026 में 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (RR) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच मैच हुआ. मुंबई की टीम ये मैच 27 रनों से हार गई. वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग की खूब चर्चा हुई. लेकिन हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) की टीम को मैच में बॉलिंग ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) का न होना भी खला. RR के खिलाफ मुकाबले में सैंटनर क्यों नहीं खेले, इस बारे में टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने (Mahela Jayawardene) का बयान सामने आया.
DC के खिलाफ इंजर्ड हुए सैंटनरMI के लेफ्ट-हैंड स्पिन-ऑलराउंडर ने मैच से खुद बाहर बैठने का फैसला किया था. इसकी वजह है इंजरी. 4 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते वक्त सैंटनर के दाहिने कंधे में चोट लग गई थी. मैच के 14वें ओवर में बाउंड्री बचाने की कोशिश में उनके कंधे पर चोट लग गई थी. इसके बाद, सैंटनर ने मैच में बॉलिंग भी नहीं की.
गुवाहाटी में राजस्थान से हारने के बाद मुंबई के हेड कोच महेला जयवर्धने ने सेंटनर के मैच से बाहर होने पर बात की. उन्होंने कहा,
पिछले मैच में DC के खिलाफ सैंटनर को थोड़ी इंजरी हुई थी, जिसके बाद वह ग्राउंड से बाहर आए थे. वो RR के खिलाफ मैच खेलने के लिए सौ पर्सेंट फिट नहीं थे, इसलिए उन्होंने न खेलने के फैसला किया. उम्मीद है कि वो अगले मैच तक फिट हो जाएंगे.
सैंटनर के नॉन-बॉलिंग शोल्डर में चोट लगी है. राजस्थान के खिलाफ उनके नहीं खेलने की वजह से मुंबई की टीम को 3 बदलाव करने पड़े. दिल्ली के खिलाफ मैच से बाहर रहे कप्तान हार्दिक पंड्या की वापसी हुई. उनके अलावा, ट्रेंट बोल्ट भी प्लेइंग-11 का हिस्सा बने. इन दोनों प्लेयर्स के आने से कार्बिन बॉश और मयंक मार्कंडे को बाहर होना पड़ा.
इसके अलावा, इंजर्ड सैंटनर को अल्लाह गजनफ्फर ने रिप्लेस किया. गजनफ्फर ने मैच में 21 रन देकर 2 विकेट लिए. वह मैच में सबसे कम रन देने वाले दूसरे बॉलर्स में दूसरे नंबर पर रहे.
ये भी पढ़ें: चाहर, बोल्ट, शार्दुल सबको कूटा, मुंबई इंडियंस यशस्वी की यह पारी भूल नहीं पाएगी!
बारिश की वजह से राजस्थान और मुंबई के बीच मैच 11 ओवर का कर दिया गया था. RR ने पहले बैटिंग करते हुए 3 विकेट पर 150 रन बनाए. यशस्वी जायसवाल टॉप स्कोरर रहे. उन्होंने 32 गेंदों पर 77 रनों की तेज पारी खेली. उनके अलावा, वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों पर 39 रन बनाए.
राजस्थान ने मुंबई को मैच जीतने के लिए 151 रनों का टारगेट दिया. लेकिन, 11 ओवर में मुंबई की टीम 9 विकेट पर 123 रन ही बना पाई. MI के लिए नमन धीर और शरफेन रदरफर्ड ने 25-25 रन बनाए. इन दोनों के अलावा बाकी बैटर्स बड़ा स्कोर नहीं कर पाए. राजस्थान ने यह मुकाबला 27 रनों से जीतकर IPL 2026 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की.
वीडियो: जसप्रीत बुमराह ने संजू सैमसन को नहीं, तो किसे बताया मैच का टर्निंग पॉइंट?

