The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Ipl 2026 Chennai super kings to face kolkata knight riders on 14th april at chidambaram stadium

जीत की राह पर लौटे CSK को कितनी टक्कर दे पाएगी KKR की टीम?

दोनों टीमों की स्थिति एक जैसी है. CSK के साथ एकमात्र प्लस पॉइंट यह है कि वह लास्ट मैच दिल्ली के खिलाफ जीत चुकी है. इससे पहले CSK ने टूर्नामेंट में हार की हैट्रिक लगाई. उसे राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार मिली.

Advertisement
pic
13 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 10:36 PM IST)
Csk vs kkr, csk vs kkr ipl 2026, chennai super kings vs kolkata knight riders,
IPL में KKR के खिलाफ CSK का रिकॉर्ड तगड़ा है. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

IPL 2026 में 14 अप्रैल को दो ऐसी टीमों के बीच मुकाबला होगा, जो इस सीजन पॉइंट टेबल में सबसे नीचे हैं. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR). CSK ने मौजूदा सीजन में 4 में से सिर्फ एक मैच जीता है. वह पॉइट टेबल में 9वें नंबर पर है. KKR को इस सीजन पहली जीत का इंतजार है. कोलकाता के खाते में एक अंक है, जो उसे पंजाब के खिलाफ मैच रद्द होने से मिला था. KKR की टीम पॉइंट्स टेबल पर 10वें नंबर पर है.

जीत को तरस रही दोनों टीमें

दोनों टीमों की स्थिति एक जैसी है. CSK के साथ एकमात्र प्लस पॉइंट यह है कि वह लास्ट मैच दिल्ली के खिलाफ जीत चुकी है. इससे पहले CSK ने टूर्नामेंट में हार की हैट्रिक लगाई. उसे राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार मिली.

KKR का शर्मनाक प्रदर्शन

IPL 2026 में KKR का प्रदर्शन अब तक बेहद निराशाजनक रहा. उसे अपने होम ग्राउंड के अलावा बाहर भी हार झेलनी पड़ी. कोलकाता की टीम टूर्नामेंट में जीत का खाता नहीं खोल पाई है. इस सीजन KKR को मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हार मिली. इसके अलावा, पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के चलते उसका मैच रद्द हो गया. अब चेन्नई के खिलाफ मैच में कोलकाता की टीम हार का सिलसिला रोकना चाहेगी. अगर यह मैच KKR के हाथ से निकल गया, तो टूर्नामेंट में उसकी चुनौती और बढ़ जाएगी.

ये भी पढ़ें: 122 गेंद पर एक भी विकेट नहीं, पंड्या की इस स्ट्रेटजी ने बुमराह को किया 'गुमराह'?

क्या कहते हैं आंकड़े?

चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में KKR की राह आसान नहीं होगी. IPL में कोलकाता के खिलाफ CSK का पलड़ा भारी है. आंकड़ों पर गौर करें, तो दोनों टीमों के बीच अब तक 31 मैच हुए हैं. इस दौरान CSK ने 20 और KKR ने 11 मैचों में जीत दर्ज की.

इसके अलावा, CSK के होम ग्राउंड चिंदबरम स्टेडियम में KKR की हालत और भी खस्ता है. चेपॉक में दोनों टीमों के बीच अब तक 12 मैच खेले गए हैं, जिनमें 8 मुकाबले चेन्नई ने जीते और 4 मुकाबले कोलकाता के नाम रहे.

CSK के बॉलर डाल सकते हैं 'इम्पैक्ट'

KKR  के खिलाफ मैच में चेन्नई के बॉलर ‘इम्पैक्ट’ डाल सकते हैं. दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद उनके हौसले बुलंद हैं. CSK के पेसर अंशुल कंबोज और जेमी ओवरटन टूर्नामेंट में बेहतर बॉलिंग कर रहे हैं. IPL 2026 में अंशुल ने 8 और ओवरटन ने 5 खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई है. KKR की तरफ से सिर्फ वैभव अरोड़ा असरदार साबित हुए हैं. वैभव ने इस सीजन में अब तक 5 विकेट लिए हैं.

संजू बड़ा चैलेंज

KKR के खिलाफ CSK के बैटर्स की बात करें, तो संजू सैमसन बड़ा खतरा हैं. IPL 2026 में निराशाजनक शुरुआत करने वाले संजू ने लय पकड़ ली है. दिल्ली के खिलाफ सेंचुरी लगाने के बाद उनका कॉन्फिडेंस बढ़ गया है. संजू को वैसे भी KKR के खिलाफ रन बनाना पसंद है. वह कोलकाता के खिलाफ 21 पारियों में 3 हाफ सेंचुरी के जरिए 542 रन बना चुके हैं. KKR के खिलाफ उनका हाईएस्ट स्कोर 60 रन है.

वहीं, KKR के बैटर्स की बात करें, तो ज्यादातर बल्लेबाजों ने स्ट्रगल किया है. अजिंक्य रहाणे, फिन एलन, कैमरन ग्रीन और रिंकू सिंह इस सीजन में अभी तक कुछ खास नहीं कर पाए. इन बैटर्स की खराब परफॉर्मेंस के चलते कोलकाता की टीम एक भी मैच जीतने में नाकाम रही. 14 अप्रैल को अगर उसे चेन्नई को टक्कर देनी है, तो कोलकाता के बैटर्स और बॉलर्स को जोर लगाना होगा. 

वीडियो: रोहित शर्मा और संजू सैमसन का कौन-सा पुराना वीडियो वायरल हो रहा?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()