The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL 2023: Sam curran, stokes, green, pooran and harry brook disappoints in the first part of ipl

IPL के सबसे महंगे 5 खिलाड़ियों ने अब तक क्या किया, तीसरे को लेकर तो टीम रो रही होगी!

16, 17, 18 करोड़ उड़ा दिए, प्रदर्शन निकला ऐसा...

Advertisement
pic
26 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 26 अप्रैल 2023, 04:52 PM IST)
Ben stokes, Harry brook, Cameron Green
कुछ प्लेयर तो एकदम से फ्लॉप रहे हैं (PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

18.5 करोड़ रुपये, 17.25 करोड़ रुपये, 16.25 करोड़ रुपये, 16 करोड़ और 13.25 करोड़ रुपये. ये किसी प्रोजेक्ट के लिए सरकार द्वारा आवंटित राशि नहीं है. बल्कि IPL 2023 में बिकने वाले पांच सबसे महंगे खिलाड़ियों पर खर्च किए गए पैसे हैं. जिन खिलाड़ियों को ये पैसे मिले थे उनके नाम भी आपको याद दिलाते हैं. सैम करन (Sam Curran), कैमरन ग्रीन (Cameron Green), बेन स्टोक्स (Ben stokes), निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) और हैरी ब्रूक (Harry Brook). 

अब जब IPL के आधे लीग मैच खेले जा चुके हैं. 14 में से 7 लीग मैच हर टीम खेल चुकी है. तो ये जानना जरूरी है कि जिन खिलाड़ियों पर इतने पैसे लुटाए गए, वो अपनी टीम्स को कितना फायदा या नुकसान पहुंचा रहे हैं.

1. सैम करन

लिस्ट में सबसे पहले बात करते हैं वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन की. करन ने T20 वर्ल्ड कप 2022 में कमाल का खेल दिखाया. उन्हें पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया. ऐसे में पहले IPL खिताब की तलाश कर रही पंजाब किंग्स की टीम ने मिनी ऑक्शन में उनके ऊपर 18.5 करोड़ रुपये लुटा दिए. अब उनके प्रदर्शन की बात करें तो वो काफी उतार-चढाव वाला रहा है.

22 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने 29 गेंदों पर 55 रन कूट दिए. ऐसे में उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. वहीं 5 अप्रैल को राजस्थान के खिलाफ उन्होंने बॉलिंग में कमाल दिखाते हुए आखिरी ओवर में 16 रन डिफेंड किए थे. करन ने अब तक सात मैच में 142 रन बनाने के साथ-साथ 5 विकेट भी झटके हैं. जिसमें से 3 विकेट एक ही मैच में शामिल हैं. ऐसे में टीम को उनसे बेहतर प्रदर्शन की आस होगी.

2. कैमरन ग्रीन

लिस्ट में अगला नाम है ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का. मुंबई इंडियंस ने पिछले सीज़न के बाद दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड को रिलीज कर दिया था. ऐसे में उनकी कमी पूरी करने लिए फ्रेंचाइजी ने उनके ऊपर 17.5 करोड़ रुपये खर्च कर दिए. अब पहले ग्रीन का स्टैट जान लीजिए. उन्होंने सात मैच में 49.75 की औसत से कुल 199 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 150 के आसपास का रहा है. 

मतलब की बैटिंग में उनका स्टैट काफी अच्छा रहा है. लेकिन उनके अंदर वो कंसिस्टेंसी नहीं दिखी है, जिसकी टीम और फैन्स ने उम्मीद की होगी. बात बॉलिंग की करें तो उनके नाम कुल 5 विकेट हैं. हालांकि उनकी इकॉनमी 10.45 की रही है. जो कि बेहद खराब है. पिछले दो मुकाबलों में ग्रीन ने काफी रन लुटाए हैं. ऐसे में टीम को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

3. बेन स्टोक्स

लिस्ट में अगला नाम है धाकड़ ऑलराउंडर बेन स्टोक्स का. हर ऑक्शन की तरह इस बार भी स्टोक्स पर बड़ी बोली लगी. इस बार उन्हें 16.25 करोड़ रुपये खर्च कर खरीदा चेन्नई सुपरकिंग्स ने. अब उनके स्टैट देख लीजिए. स्टोक्स ने इस सीज़न केवल दो मैच खेले हैं. जिसमें उनके नाम कुल 15 रन हैं. 

शुरुआती दो मैच खेलने के बाद ही स्टोक्स के पैर के अंगूठे में चोट लग गई. जिस वजह से वो अभी तक वापसी नहीं कर पाए हैं. वहीं बॉलिंग की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका इस सीज़न एक भी ओवर डालना मुश्किल नजर आ रहा है. ऐसे में चेन्नई अभी तक अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही होगी.

4. निकोलस पूरन

अब बात करते हैं वेस्टइंडीज के धाकड़ खिलाड़ी निकोलस पूरन की. जिन्होंने IPL में अभी तक अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया है. बावजूद इसके पूरन के ऊपर लखनऊ सुपरजाएंट्स की टीम ने 16 करोड़ रुपये की बोली लगाई. पूरन ने इस सीज़न की शुरुआत अच्छे अंदाज में की. दिल्ली के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 21 गेंद पर 36 रन बनाए. जबकि अगले मैच में पूरन ने चेन्नई के खिलाफ 18 गेंद पर 32 रन की पारी खेली. 

लेकिन पूरन का बेस्ट आया बैंगलोर के खिलाफ मैच में. जिसमें उन्होंने महज 19 गेंद पर 62 रन कूट डाले. हालांकि इसके बाद अगली तीन पारियों में उनका बल्ला खामोश रहा है. अब तक खेले गए 7 मैच में उन्होंने 28.50 की औसत से कुल 171 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 185.87 का रहा. हालांकि लखनऊ के फैन्स उनसे और भी आक्रामक बल्लेबाज़ी की उम्मीद कर रहे होंगे.

5. हैरी ब्रूक

लिस्ट में आखिरी नाम है इंग्लैंड के बल्लेबाज़ हैरी ब्रूक का. जिन्होंने पाकिस्तानी सरजमीं पर टेस्ट मैच में व्हाइट बॉल क्रिकेट की तरह बैटिंग की. जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने उनके ऊपर 13.25 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाई. ब्रूक के लिए IPL सीज़न की शुरुआत बेहद साधारण रही. पहले मैच में वो 21 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं अगले दो मैच में भी उनका बल्ला खामोश रहा. 

लेकिन ब्रूक का बेस्ट आया 14 अप्रैल को कोलकाता के खिलाफ खेले गए मैच में. जहां उन्होंने 55 गेंद पर 100 रन की नाबाद पारी खेली. ऐसा लगा कि ब्रूक ने अपनी लय हासिल कर ली है. लेकिन इसके बाद के अगले तीन मैच में वो कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. 7 मैच में उनके बल्ले से 27.17 की औसत से कुल 163 रन निकले हैं. जिस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 127.34 का रहा है. अब ब्रूक के अंदर जो क्वॉलिटी है, वो इन स्टैट्स के जरिए जस्टिफाई नहीं हो रहा. ऐसे में फैन्स ब्रूक का बेस्ट देखने को बेताब हैं.

वीडियो: एम एस धोनी के लिए ईडन गार्डन हुआ पीला, फ़ैन्स ने KKR का प्लान चौपट कर दिया!

Advertisement

Advertisement

()