IPL में धोनी जैसे 6 ताबड़तोड़ फिनिशर्स तैयार, टीम इंडिया कभी भी बुला सकती है!
ना रोहित शर्मा, ना सूर्यकुमार यादव. असली कुटाई तो ये लड़के कर रहे.

195.45, 182.98, 179.17...ये स्ट्राइक रेट रहा है कि IPL 2023 में भारत के कुछ खिलाड़ियों का. और इन खिलाड़ियों में ना रोहित शर्मा हैं और ना सूर्यकुमार यादव. ये ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट है भारत के कुछ युवा खिलाड़ियों का. जो ना सिर्फ कूट रहे हैं बल्कि मैच फिनिश भी करके दे रहे हैं. चलिए अब नामों पर आ जाते हैं.
1. ध्रुव जुरेल (राजस्थान रॉयल्स)इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल. इस प्लेयर ने शानदार प्रदर्शन की बदौलत राजस्थान की टीम में फिनिशर का रोल हासिल कर लिया है. अपने डेब्यू सीजन में ही जुरेल ने धुआंधार बैटिंग की है. जुरेल ने 27 अप्रैल को चेन्नई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 15 गेंदों पर 34 रन की तेज पारी खेली. इससे पहले उन्होंने बैंगलोर के खिलाफ 16 गेंद पर 34 रन बनाए थे. जबकि अपने पहले मैच में जुरेल ने पंजाब के खिलाफ 15 गेंद पर 32 रन बनाए थे. आम तौर पर पांचवें नंबर या इससे नीचे बैटिंग करने वाले जुरेल ने अब तक खेले 7 मैच में 32.50 की औसत से 130 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 196.97 का रहा है. जो कि बेहद शानदार है.
2. अभिनव मनोहर (गुजरात टाइटंस )लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज़ अभिनव मनोहर. 25 अप्रैल को मुंबई के खिलाफ खेले गए मैच में मनोहर ने सिर्फ 21 गेंदों में 42 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. छठे नंबर पर बैटिंग करने उतरे मनोहर ने अपनी पारी में एक 97 मीटर का छक्का भी मारा. इसमें तीन छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे. वहीं इस पूरे सीज़न के दौरान उनके नाम चार मैच में 86 रन हैं. लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 182.98 का रहा है.
3. राहुल तेवतिया (गुजरात टाइटंस)अब बात करते हैं गुजरात टाइटंस के लिए फिनिशर का ठप्पा लगवा चुके राहुल तेवतिया का. तेवतिया को इस सीज़न में ज्यादा बैटिंग करने का मौका नहीं मिला है. लेकिन 25 अप्रैल को मुंबई के खिलाफ उन्होंने महज पांच गेंद खेल 20 रन पीट दिए. तेवतिया ने अब तक इस सीज़न में 43 रन ही बनाए हैं. लेकिन मुंबई के खिलाफ बैटिंग के दौरान उन्होंने दिखा दिया कि मौका मिलने पर वो अपने रोल को बखूबी निभा सकते हैं.
4. शाहरुख खान (पंजाब किंग्स)लिस्ट में अगला नाम है शाहरुख खान का. जिनके ऊपर पंजाब किंग्स ने बड़ा दांव लगाया था. और शाहरुख ने लखनऊ के खिलाफ मैच में दिखाया कि पंजाब ने उनके ऊपर क्यों 9 करोड़ खर्चे हैं. लखनऊ के खिलाफ मैच में पंजाब किंग्स को जीत के लिए आखिरी के दो ओवर में 20 रन चाहिए थे. लेकिन शाहरुख ने तेजतर्रार बैटिंग कर टीम को तीन गेंद रहते जीत दिला दी. उन्होंने इस दौरान 10 गेंदों पर 23 रन बनाए. जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल रहा. इस सीज़न शाहरुख के नाम सात मैच में 177.27 की स्ट्राइक रेट से 78 रन रहे हैं. इस दौरान वो तीन बार नॉट आउट भी रहे हैं.
5. रिंकू सिंह (KKR)अब बात करते हैं KKR के धुरंधर प्लेयर रिंकू सिंह की. अब इनकी फिनिशिंग के बारे में तो ज्यादा बताने की जरूरत रह नहीं गई है. गुजरात के खिलाफ खेले गए मैच में रिंकू ने लगातार पांच छक्के जड़ टीम को जीत दिला दी थी. वहीं इसके अलावा उन्होंने इस सीज़न हैदराबाद के खिलाफ 31 गेंद पर 58 जबकि चेन्नई के खिलाफ 33 गेंद पर 53 रन की पारियां खेली हैं. रिंकू के नाम इस सीज़न 8 मैच में 62.75 की औसत से कुल 251 रन हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 158.86 का रहा है.
6. जितेश शर्मा (PBKS)लिस्ट में आखिरी नाम है पंजाब किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज़ जितेश शर्मा का. जीतेश ने इस सीज़न अब तक 7 मैच में कुल 141 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 149.48 का रहा है. जितेश ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 7 गेंदों में 25 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी. वहीं इससे पहले उन्होंने मुंबई के खिलाफ 27 गेंद पर 41 रन की पारी खेली थी. जितेश के अंदर लंबे-लंबे हिट्स लगाने और मैच को फिनिश करने की झमता मौजूद है. ऐसे में पंजाब के फैन्स उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे.
वीडियो: जंतर-मंतर धरने पर बैठे पहलवानों ने क्रिकेटरों पर क्या सवाल उठा दिए?

