पापा बोले पढ़ाई करो, बेटा क्रिकेट पर अड़ा रहा, अब गुजरात के लिए मैच विनर बन चुका है ये खिलाड़ी
स्कूल का टॉपर था लड़का, फिर एक दिन राशिद खान को बॉलिंग करते देखा और...

मंगलवार, 25 अप्रैल को IPL में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस (MIvsGT) के बीच मैच खेला जा रहा था. गुजरात ने पहले बैटिंग करते हुए 207 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए. जवाब में मुंबई की शुरुआत तो खराब रही, लेकिन जब तक क्रीज पर कैमरन ग्रीन (Cameron Green) और सूर्यकुमार (Suryakumar yadav) जैसे धाकड़ प्लेयर मौजूद थे, तब तक मुंबई की उम्मीद जिंदा थीं. लेकिन IPL की सबसे सफल टीम की इन उम्मीदों को खत्म कर दिया महज 18 साल के लेग स्पिनर नूर अहमद (Noor Ahmad) ने
नूर ने कोटे के चार ओवरों में 37 रन दिए. लेकिन उन्होंने मुंबई इंडियंस के तीन खतरनाक बल्लेबाज़ों का विकेट हासिल किया. सबसे पहले उन्होंने क्रीज पर सेट हो चुके कैमरन ग्रीन को बोल्ड किया. वहीं इसी ओवर में उन्होंने टिम डेविड को बिना खाता खोले आउट कर दिया. जबकि कुछ देर बाद ही उन्होंने खतरनाक दिख रहे सूर्यकुमार यादव को कॉट एंड बोल्ड कर मुंबई के मिडल ऑर्डर की कमर तोड़ दी. अब ये नूर अहमद हैं कौन? आइए, आपको बताते हैं.
नूर अहमद का जन्म 3 जनवरी 2005 को लकन गांव में हुआ. जो अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में आता है. जियो सिनेमा को दिए इंटरव्यू में नूर ने बताया कि उन्होंने महज़ चार साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया. करियर के शुरुआती दिनों में वो अपने भाई एजाज के साथ क्रिकेट खेला करते थे. इस दौरान उन्होंने टेप बॉल से खेलना शुरू किया. बचपन के दिनों में उनकी बॉलिंग को देख उनके भाई एजाज काफी प्रभावित हुए और उन्हें क्रिकेट में करियर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया. वहीं नूर ने जब राशिद खान को बॉलिंग करते देखा, तो उन्होंने लेग स्पिनर बनने की ठान ली. ऐसे में उन्होंने लेग स्पिन बॉलिंग करनी शुरू कर दी.
क्रिकबज़ में छपी खबर के मुताबिक नूर पढ़ाई में काफी अच्छे थे और वो स्कूल के टॉपर भी थे. ऐसे में उनके पापा मोहम्मद आमिर ने उन्हें क्रिकेट की जगह पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा. हालांकि इस दौरान एजाज ने नूर का काफी सपोर्ट किया और उन्होंने अपने पापा को इस बात के लिए मनाया कि वो नूर को अपना पैशन फॉलो करने दें और उन्हें क्रिकेट में ही करियर बनाने दें. क्योंकि उनके अंदर काफी टैलेंट है और वो देश के लिए खेल सकते हैं. जिसके बाद नूर के पापा राजी हुए.
नुर के मुताबिक, जब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया तो उस समय उनके इलाके में केवल एक क्रिकेट एकेडमी हुआ करती थी. हालांकि, वो उनके घर से ज्यादा दूर नहीं थी. इस कारण उन्हें ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. नूर ने वहां काफी मेहनत की और आज इस मुकाम तक पहुंच पाए.
नूर का क्रिकेट करियरनूर ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया. उनके नाम चार फर्स्ट क्लास मैच में 21, 9 लिस्ट मैच में 16 और 53 T20 मैच में कुल 52 विकेट दर्ज हैं. जिसके बाद उन्हें नेशनल टीम से बुलावा आया. नूर ने 14 जून 2022 को जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I मैच के जरिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. इस मैच में ही उन्होंने महज 10 रन देकर चार विकेट हासिल किए. जिसके बाद उन्हें वनडे टीम में भी शामिल किया गया. जहां उन्होंने 30 नवंबर 2022 को श्रीलंका के खिलाफ अपना डेब्यू किया. नूर ने अब तक अफगानिस्तान के लिए एक T20I और एक वनडे मैच खेला है.
नूर के टैलेंट को देखकर गुजरात की टीम ने मिनी ऑक्शन में उन्हें अपने साथ जोड़ने का फैसला किया. पिछले साल दिसंबर में हुई मिनी ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने उन्हें बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था. उन्हें 16 अप्रैल 2023 को राजस्थान के खिलाफ इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर डेब्यू करने का मौका मिला. जिसमें उन्होंने 2.2 ओवर गेंदबाजी की और 29 रन देकर संजू सैमसन का विकेट चटकाया. इसके बाद लखनऊ के खिलाफ मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई. जहां उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए और अब नूर राशिद खान के साथ मिलकर गुजरात की टीम के लिए एक अहम हथियार बन चुके हैं.
वीडियो: अर्जुन तेंडुलकर ने ऋद्धिमान साहा का विकेट निकालकर कमाल का सेलिब्रेशन किया!

.webp?width=60)

