The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL 2022 SRH vs PBKS: Sunrisers Hyderabad to take on Mayank Agarwal’s Punjab Kings in final league match

प्लेऑफ्स का मौका नहीं लेकिन फिर भी आज T20 का बड़ा मुकाबला है!

IPL 2022 के प्लेऑफ वाले सुपरवीक से पहले रविवार को लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा. ये मैच IPL 15 के प्लेऑफ्स से बाहर हो चुकी टीम्स के बीच होगा.

Advertisement
pic
21 मई 2022 (अपडेटेड: 21 मई 2022, 03:09 AM IST)
Punjab Kings
पंजाब किंग्स. फोटो: PTI
Quick AI Highlights
Click here to view more

IPL 2022 के प्लेऑफ वाले सुपरवीक से पहले रविवार को लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा. ये मैच IPL 15 के प्लेऑफ्स से बाहर हो चुकी टीम्स के बीच होगा. एकतरफ है पॉइंट्स टेबल में नंबर सात की टीम पंजाब किंग्स और दूसरी तरफ है नंबर आठ पर मौजूद सनराइज़र्स हैदराबाद. दोनों ही टीम्स इस सीज़न अपने 14 मुकाबलों में सिर्फ छह मैच जीत पाईं और प्लेऑफ्स की रेस में नहीं आ सकीं. लेकिन अब टूर्नामेंट के आखिरी मैच में दोनों ही अपने फैंस को जीत के तोहफे के साथ विदाई लेना चाहेंगे.

एक तरफ है सनराइज़र्स हैदराबाद की टीम जिसके लिए राहुल त्रिपाठी ने कमाल की क्रिकेट खेली है. वहीं अभिषेक शर्मा ने भी इस सीज़न कुछ अच्छी पारियां खेली हैं. गेंदबाज़ी की बात करें तो उमरान मलिक वो नाम हैं जिनसे इस सीज़न तमाम टीम्स के बल्लेबाज़ बचते दिखे हैं. उनकी 150kph से पार की रफ्तार ने सभी बल्लेबाज़ों को परेशान करके रखा है.

वहीं सामने वाली टीम पजाब किंग्स के साथ तेज़ गेंदबाज़ी के नाम पर दो ऐसे गेंदबाज़ हैं जिनका तोड़ इस सीज़न टीम्स को नहीं मिला है. पहले कगीसो रबाडा और दूसरे अर्शदीप सिंह. दोनों ही स्टार्स ने डेथ ओवर्स में पंजाब के लिए कमाल की गेंदबाज़ी की है. जहां रबाडा की इकॉनोमी डेथ में 8.30 की रही है. वहीं अर्शदीप तो 7.31 की इकॉनोमी से रन देते दिखे हैं.

बल्लेबाज़ी में शिखर धवन का बल्ला इस साल भी रन्स से भरा दिखा है. लगातार सातवें सीज़न उनके बल्ले से 400 से अधिक रन्स निकले हैं. उनके अलावा लियम लिविंगस्टन और जितेश शर्मा टीम की जान रहे हैं. जिन्होंने मैच में टीम के लिए बढ़िया फिनिश किया है. हालांकि दोनों टीम्स के इन खिलाड़ियों के छोटे-छोटे प्रदर्शन के बावजूद टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई. गुजरात टाइटंस के खिलाफ़ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की जीत के साथ इन टीम्स की प्लेऑफ्स की उम्मीद पहले ही खत्म हो गई थी.

टीम अपडेट क्या कहता है:

सनराइज़र्स हैदराबाद की टीम लीग के आखिरी मैच में कप्तान केन विलियमसन की बिना खेलती दिखेगी. कप्तान केन अपने दूसरे बच्चे के जन्म की वजह से आखिरी मैच से पहले ही न्यूज़ीलैंड लौट गए हैं. हालांकि उनके जाने के बाद SRH मैनेजमेंट ने आखिरी मैच के लिए कप्तान का ऐलान नहीं किया है. बात पंजाब की करें तो उनके पास टीम चुनने के लिए ऐसी कोई समस्या नहीं है.

जॉनी बेयरस्टो vs निकलस पूरन:

रविवार को जब बिना प्लेऑफ के दावे वाले मैच में पंजाब और हैदराबाद आमने-सामने होंगी तो इन दो खिलाड़ियों पर नज़र ज़रूर रखी जाएगी. क्योंकि ये दोनों स्टार्स जब चलते हैं तो वो दिन क्रिकेट देखने वाले फैंस के लिए यादगार हो जाता है. ऐसा ही एक मैच आठ अक्टूबर 2020 को भी खेला गया था. जब ये दोनों ही खिलाड़ी अपनी विपरीत टीम्स से खेलते थे. उस सीज़न बेयरस्टो हैदराबाद के स्टार ओपनर थे. जबकि निकलस पूरन पंजाब किंग्स के मिडल ऑर्डर की जान होते थे.

दुबई में खेले गए उस मैच में हैदराबाद की टीम पहले बैटिंग करने उतरी और बोर्ड पर 201 रन का पहाड़ लगा दिया. हैदराबाद के लिए डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो ने 160 रन का ओपनिंग स्टैंड करके एक बड़े स्कोर की नींव रखी थी. वॉर्नर ने 40 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली. जबकि दूसरे एंड पर खड़े जॉनी बेयरस्टो ने मोर्चा संभाले रखा और 55 गेंदों में 97 रन कूट दिए. उनकी पारी से ही हैदराबाद ने 201 रन बनाए.

उस मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम स्कोर के आसपास भी नहीं पहुंची. पूरी टीम 16.5 ओवर में 132 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई और 69 रन से हार गई. पंजाब किंग्स की टीम का स्कोर देखकर नहीं लगेगा कि उस मैच में पंजाब की टीम मैच में इस टार्गेट के आसपास भी दिखी. लेकिन उस पारी में भी एक बल्लेबाज़ अकेले लड़ता दिखा. नाम निकलस पूरन. पूरन ने उस मैच में महज़ 37 गेंदों में 77 रन की अटैकिंग इनिंग खेली और एक वक्त के लिए हैदराबाद को टेंशन में डाल दिया. लेकिन वो राशिद खान की गेंद पर अपना विकेट दे बैठे.

अब बेयरस्टो और पूरन दोनों ही खिलाड़ियों की टीम स्वैप हो गई है. बेयरस्टो अब पंजाब किंग्स के ओपनर हैं. जबकि पूरन सनराइज़र्स हैदराबाद के मिडल ऑर्डर की जान है. ऐसे में देखना होगा कि इस मैच में किस टीम का पलड़ा भारी पड़ता है.

नेतानगरी: राज्यसभा चुनाव का तिहाड़ जेल कनेक्शन शो में पता चल गया

Advertisement

Advertisement

()