The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL 2022: SRH vs MI Sunrisers Hyderabad will face the tough challenge of MI in a must win game

72 गेंद 166 रन... जब दो लड़कों ने मिलकर हैदराबाद के बोलर्स को धो दिया!

दोनों टीम्स इस सीज़न पहली बार आमने-सामने होंगी. इस सीज़न मुंबई ने अब तक कुल 12 मुकाबले खेले हैं. जिसमें टीम को तीन में जीत हासिल हुई है. मुंबई पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर है. दूसरी तरफ हैदराबाद ने भी 12 मुकाबले खेले हैं. जिसमें से टीम ने पांच में जीत हासिल की है. टीम 10 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है.

Advertisement
pic
17 मई 2022 (अपडेटेड: 17 मई 2022, 10:52 AM IST)
हैदराबाद को खेल बिगाड़ेगी मुंबई (PTI)
हैदराबाद को खेल बिगाड़ेगी मुंबई (PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

17 मई 2022. IPL का मैच नंबर 65. मुंबई के वानखेडे स्टेडियम पर आमने-सामने होंगी मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद. मुंबई की टीम टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी है. वहीं हैदराबाद के लिए अगर-मगर करके थोड़ी बहुत उम्मीद बची हुई है. हैदराबाद की टीम लगातार पांच मैच जीतने के बाद इतने ही मुकाबले लगातार हारी भी है. टीम को अपने बाकी बचे दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने तो होंगे ही, साथ ही उन्हें दूसरी टीमों पर भी उन्हें निर्भर रहना होगा. वहीं मुंबई अब 'हम तो डूबे ही तुमको भी ले डूबेंगे' वाला काम कर रही है.

दोनों टीम्स इस सीज़न पहली बार आमने-सामने होंगी. इस सीज़न मुंबई ने अब तक कुल 12 मुकाबले खेले हैं. जिसमें टीम को तीन में जीत हासिल हुई है. मुंबई पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर है. दूसरी तरफ हैदराबाद ने भी 12 मुकाबले खेले हैं. जिसमें से टीम ने पांच में जीत हासिल की है. टीम 10 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है.

#MIvsSRH

पहले बात मुंबई इंडियंस की करते हैं. शुरुआत में लगातार आठ मैच हारकर मुंबई प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है. इसके बाद MI ने दूसरी टीम्स का काम खराब करना शुरू किया. राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराने के बाद रोहित शर्मा की टीम ने गुजरात टाइटन्स को पांच रन और चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हराया.

पूरे सीज़न टीम की कमजोरी रहने के बाद अब मुंबई के गेंदबाज शानदार फॉर्म दिखा रहे हैं. राजस्थान के खिलाफ कुमार कार्तिकेय, गुजरात और चेन्नई के खिलाफ डेनियल सैम्स और कोलकाता के खिलाफ जसप्रीत बुमराह ने कमाल की गेंदबाज़ी की है.

बल्लेबाजी की बात करें तो कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन की फॉर्म टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात है. सूर्यकुमार यादव की अनुपस्थिति में टीम का मिडल ऑर्डर थोड़ा परेशान लग रहा है. रोहित के नाम 12 मुकाबलों में महज 218 रन हैं. इस दौरान उनका औसत 18.17 का रहा है जो साल 2008 से सबसे खराब है.

वहीं इस साल की नीलामी में सबसे महंगे बिके ईशान किशन के नाम 12 मैच में 327 रन हैं. इस दौरान उनका औसत 29.73 और स्ट्राइक रेट 117.20 का रहा है. इस सीज़न की खोज माने जा रहे तिलक वर्मा ने मिडल ऑर्डर की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले रखी है. वहीं टिम डेविड, ट्रिस्टन स्टब्स और रमनदीप सिंह जैसे बल्लेबाजों से टीम को बेहतर प्रदर्शन की आस होगी.

बात हैदराबाद की करें तो टीम के कप्तान केन विलियमसन का इस सीजन का प्रदर्शन भुला देने वाला रहा है. विलियमसन के नाम 12 मैच में 208 रन हैं. इस दौरान उनकी औसत 18.91 की रही है. जबकि स्ट्राइक रेट ऐसा कि टेस्ट वाले विलियमसन याद आ जाएं. ओपनर अभिषेक शर्मा को अच्छी शुरुआत तो मिली है, लेकिन अक्सर वो इसे बड़े स्कोर में बदल नहीं पाए हैं. टीम के मिडल ऑर्डर में  राहुल त्रिपाठी, ऐडन मार्कराम और निकलस पूरन जैसे धुआंधार बल्लेबाज हैं, लेकिन इस सीजन इनका प्रदर्शन भी टुकड़ों में ही अच्छा रहा है.

गेंदबाज़ी की बात करें तो उमरान मलिक का नाम इस टूर्नामेंट में काफी गूंजा है. मलिक के नाम अब तक 18 विकेट है. वहीं भुवनेश्वर कुमार, मार्को यानसन और यॉर्कर विशेषज्ञ टी नटराजन जैसे धाकड़ गेंदबाज भी टीम के खेमे में हैं.

# Kishan-Suryakumar vs SRH

अब उस सेगमेंट का टाइम है, जिसमें हम आपको सुनाते हैं इन दोनों टीम्स से जुड़ा एक क़िस्सा. ये वाला IPL 2021 का है. अबूधाबी के शेख जायद स्टेडियम पर सीज़न का 55वां मुकाबला खेला जा रहा था. आमने-सामने थे मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स. मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया.

मुंबई को रोहित शर्मा और ईशान किशन ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने मिलकर पावरप्ले खत्म होने से पहले ही 80 रन जोड़ डाले. हालांकि इसमें रोहित का योगदान महज़ 18 रन का था. इसके बाद भी टीम के बल्लेबाज़ों ने धुआंधार बल्लेबाज़ी जारी रखी और टीम का स्कोर नौ विकेट पर 235 रन तक पहुंचा दिया. किशन ने 32 गेंदों पर 84 और सूर्यकुमार ने 40 गेंदों पर 82 रनों की शानदार पारी खेली.

लक्ष्य काफी बड़ा था लेकिन हैदराबाद के ओपनर्स भी ईंट का जवाब पत्थर के तौर पर देने के मूड में नज़र आए. जेसन रॉय और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 64 रन जोड़े. लेकिन इसके बाद टीम ने निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाना शुरू कर दिए. इन झटकों से टीम संभल नहीं पाई और पूरी टीम आठ विकेट खोकर 193 रन ही बना सकी.

मुंबई ने मुकाबले को 42 रनों से अपने नाम किया. इस सीज़न सूर्यकुमार चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. वहीं ईशान किशन रन बनाने को तरस रहे हैं. ऐसे में टीम को उम्मीद होगी कि किशन पिछले साल को याद कर उसी फॉर्म में वापस लौटें.

IPL 2022: दिल्ली कैपिटल के दौ बड़े स्टार अब पंजाब की जीत चाहेंगे

Advertisement

Advertisement

()