RCB के खराब खेल में भी विराट की क्यों हो रही जय-जयकार!
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स के बीच क्वॉलिफायर 2 का मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच में RCB की टीम ने बल्ले से बहुत बड़ा कमाल नहीं किया लेकिन विराट कोहली की फिर भी तारीफ हो रही है.

अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच IPL 2022 का क्वॉलिफायर-2 मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला लिया और RCB को महज़ 158 रन पर रोक लिया है. राजस्थान के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और ओबेड मैकॉय ने तीन-तीन विकेट चटकाकर टीम को फाइनल के और क़रीब पहुंचा दिया.
RCB के लिए रजत पाटीदार ने लगातार दूसरे नॉक-आउट मुकाबले में कमाल की बल्लेबाज़ी की और 58 रन्स बनाए. उनके अलावा कप्तान फाफ डू प्लेसी ने 25 और ग्लेन मैक्सवेल ने 24 रन की पारी खेली. लेकिन टीम के स्टार परफॉर्मर और हीरो विराट कोहली एक बार फिर बड़ा स्कोर करने से चूक गए. विराट कोहली कप्तान फाफ के साथ पारी शुरु करने आए और महज़ सात रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का पहला शिकार बने. उन्हें विकेट के पीछे संजू सैमसन ने लपककर वापस पविलियन लौटाया.
हालांकि अपनी इस छोटी सी पारी में भी विराट कोहली अपना असर छोड़ने से नहीं चूके. इस बार उन्होंने बल्ले से नहीं, बल्कि अपनी शानदार क्रिकेटिंग स्पिरिट से सभी का दिल जीत लिया. दरअसल पारी के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर विराट कोहली ने लेंथ बॉल को स्क्वेयर लेग की दिशा में खेला. बटलर ने डाइव लगाई और गेंद को रोक लिया. इसके बाद उन्होंने तुरंत थ्रो फेंका. इस थ्रो से गेंद कोहली के बल्ले पर लगकर लॉन्ग ऑफ की दिशा में फील्डर्स की पहुंच से दूर जाने लगी. लेकिन विराट कोहली ने इस पर रन लेने से मना कर दिया. उन्होंने दोनों हाथ उठाकर इस पर रन नहीं लेने का इशारा दिया.
सोशल मीडिया पर विराट कोहली की इस स्पोर्ट्समैन स्पिरिट की जमकर तारीफ हो रही है. विराट कोहली अकसर अपने इस तरह के व्यवहार के लिए मैदान के बाहर भी फैंस का दिल जीत लेते हैं.
मैच में क्या हुआ:आखिरी अपडेट मिलने तक RCB ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 159 रन का लक्ष्य रखा है. अगर राजस्थान इस लक्ष्य को हासिल कर पाती है तो वो फाइनल्स में खेलेगी. वहीं अगर RCB इस स्कोर को बचाने में कामयाब रहती है तो वो फाइनल्स में खेलेगी. RCB और RR में से जीतने वाली टीम 29 मई को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी.
IPL 2022: हार्दिक पंड्या ने बताया डेविड मिलर से क्या कहते हैं वो

