RCB को प्लेऑफ खिलाने के लिए उतरेगी रोहित की मुंबई!
IPL सीज़न 2022 के लीग स्टेज का सेकेंड लास्ट मुकाबला. इस मैच के साथ ही ये साफ हो जाएगा कि IPL 15 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम कौन सी होगी. शनिवार को मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट मैदान पर मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा.

IPL सीज़न 2022 के लीग स्टेज का सेकेंड लास्ट मुकाबला. इस मैच के साथ ही ये साफ हो जाएगा कि IPL 15 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम कौन सी होगी. शनिवार को मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट मैदान पर मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा. जिसमें अगर दिल्ली की टीम जीती तो वो सीधे प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनेगी. वहीं अगर मुंबई की जीत हुई तो RCB प्लेऑफ्स में खेलती दिखेगी.
इसीलिए रॉयल चैलेजंर्स बैंगलोर के फैन्स इस मैच से पहले मुंबई इंडियंस की जीत की दुआओं में लग गए हैं. पुरानी तमाम राइवलरी को भूल RCB के फैंस एक दिन के लिए ही सही मुंबई को सपोर्ट करते दिखेंगे. RCB की टीम का जो प्लेऑफ में पहुंचने का चांस है वो खुद RCB ने ज़िन्दा रखा है. उन्होंने अपने आखिरी लीग मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराकर खुद को प्लेऑफ की रेस में बरकरार रखा है. गुजरात के खिलाफ RCB की इस जीत ने पहले ही सनराइज़र्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स का प्लेऑफ का रास्ता बंद कर दिया था.
दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए तो प्लेऑफ का रास्ता एकदम क्लियर है. मुंबई को हराओ और टिकट पाओ. क्योंकि अपने लीग स्टेज के आखिरी मुकाबलों में चेन्नई से हारने के बाद दिल्ली ने शानदार वापसी की है. इस टीम ने आखिरी दो मुकाबलों में बेहतरीन जीत दर्ज की है और अपने नेट रनरेट को पॉज़ीटिव रखते हुए 0.255 का रखा है.
दिल्ली के खिलाड़ियों की बात करें तो मिचेल मार्श पिछले कुछ मुकाबलों की दिल्ली की बैटिंग लाइनअप की बैकबॉन रहे हैं. बात अगर ओपनिंग की करें तो डेविड वॉर्नर ने इस सीज़न दिल्ली के लिए बल्ले से कमाल किया है. हालांकि पृथ्वी शॉ की बीमारी की वजह से दिल्ली को वॉर्नर के जोड़ीदार के रूप में कुछ बदलाव करने पड़े हैं. पिछले मैच में सरफराज़ खान की शुरुआत ने दिल्ली के लिए ओपनिंग वाली टेंशन को दूर किया है.
हालांकि पृथ्वी शॉ भी टाइफाइड से रिकवर करके टीम में वापस आ गए हैं. लेकिन उनके खेलने को लेकर अब भी संशय है. क्योंकि टीम के असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन ने कह दिया है कि शॉ लीग्स मैचों में नहीं खेल पाएंगे.
गेंदबाज़ी की बात करें तो चेन्नई के खिलाफ मुकाबले के बाद से दिल्ली की बॉलिंग यूनिट भी कमाल की दिख रही है. हालांकि टीम के लिए चिंता का सबब कप्तान ऋषभ पंत हैं. क्योंकि उनके लिए ये बेहतरीन सीज़न नहीं है.
दूसरी तरफ अगर बात मुंबई की करें तो उनके लिए तो ये याद ना रखने वाला सीज़न रहा है. लेकिन फिर भी वो आखिरी मुकाबले में जीत और प्लेऑफ से पहले एक बड़ा झटका देकर जाना चाहेंगे. मुंबई की टीम ने इस सीज़न बहुत अच्छी क्रिकेट ना खेली हो लेकिन पिछले कुछ मैच में उन्हें प्रेडिक्ट कर पाना नामुमकिन रहा है. मुंबई की टीम ने पहले चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर उनकी प्लेऑफ्स की उम्मीदों को तोड़ा. साथ ही उन्होंने पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स को भी लगातार मैच में हराया है. इसके अलावा मुंबई हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी जीत के बेहद पास पहुंचा थी. इसीलिए ये कहा जा रहा है कि मुंबई की टीम किसी भी दिन किसी भी टीम की पार्टी खराब कर सकती है.
मुंबई की टीम ने अपने कई पुराने खिलाड़ियों को इस सीज़न से पहले रिलीज़ कर दिया था. जबकि कायरन पोलार्ड जैसे खिलाड़ी पर भी उम्र का असर दिख रहा है. ऐसे में टीम अगले सीज़न के लिए अपने युवाओं पर ज़्यादा भरोसा दिखा रही है. टीम के युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा और टिम डेविड ने इस सीज़न खुद को साबित करके भी दिखाया है. तिलक वर्मा तो इस सीज़न मुंबई के लिए सबसे बड़े रन स्कोरर भी रहे हैं.
रोहित vs दिल्ली:चलिए बढ़ते हैं अगले सेगमेंट की तरफ. मुकाबला बड़ा हो तो फिर बड़े खिलाड़ी को चलना ही होता है. शनिवार को खेले जाने वाले लीग स्टेज का ये मैच प्लेऑफ्स के नज़रिये से बेहद खास है. इसलिए RCB के फैंस दिल्ली की हार की दुआ में होंगे. ऐसा ही एक बड़ा मैच दिल्ली और मुंबई के बीच पहले भी खेला जा चुका है.
साल 2020 का फाइनल मुकाबला. रोहित की मुंबई के सामने थी दिल्ली कैपिटल्स. मैच के प्रेशर को समझते हुए दिल्ली की टीम ने पहले बैटिंग का फैसला लिया. उस वक्त के कप्तान और मौजूदा कप्तान यानि श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए अर्धशतक लगाए और टीम को 156 रन का स्कोर दिया.
मुंबई के सामने 157 रन का लक्ष्य था. उस वक्त के मुंबई के ओपनर क्विंटन डी कॉक ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर टीम को 45 रन की अच्छी शुरुआत दी. लेकिन इसके बाद डीकॉक अपना विकेट गंवा बैठे. लेकिन रोहित शर्मा नहीं रुके. उन्होंने एक छोर संभाले रखा और अपनी पारी खेलते रहे. पहले सूर्यकुमार यादव के साथ टीम को 90 रन तक पहुंचाया. इसके बाद ईशान किशन के साथ 47 रन की पार्टनरशिप कर मैच को लगभग खत्म कर दिया.
इसके बाद रोहित जब आउट हुए तो वो 51 गेंदों में 68 रन बना चुके थे. रोहित के विकेट के बाद बाकी काम ईशान किशन ने किया. उन्होंने 19 गेंदों में 33 रन कूटे और मैच 19वें ओवर में ही खत्म कर मुंबई को चैम्पियन बना दिया.
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले से पहले RCB के फैंस मुंबई को ये वाला ही मैच याद करवाना चाहेंगे.
नेतानगरी: राज्यसभा चुनाव का तिहाड़ जेल कनेक्शन शो में पता चल गया

