लखनऊ को हराकर गिल की बैटिंग पर क्या बोल गए हार्दिक?
हार्दिक पंड्या की कप्तानी से लेकर आशीष नेहरा की कोचिंग तक पर कई सवाल थे. लेकिन इन तमाम रिजेक्शन और सवालों को परे धकेल हार्दिक की टीम गुजरात टाइटंस प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है.

गुजरात टाइटंस. वो टीम जिसे ऑक्शन के बाद ऑलमोस्ट सबने रिजेक्ट कर दिया था. हार्दिक पंड्या की कप्तानी से लेकर आशीष नेहरा की कोचिंग तक पर कई सवाल थे. लेकिन इन तमाम रिजेक्शन और सवालों को परे धकेल हार्दिक की टीम प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है.
लखनऊ को हराकर प्लेऑफ में एंट्री करने के बाद हार्दिक ने अपनी टीम पर गर्व जाहिर करते हुए कहा,
'लड़कों पर सच में गर्व है. जब हमने एकसाथ ये सफर शुरू किया था, जाहिर तौर पर हमने खुद पर भरोसा जताया था. लेकिन 14वें गेम से पहले क्वॉलिफाई करना एक महान प्रयास है और हम सच में गर्व से भरे हैं. पिछले गेम में जाने से पहले मैंने लड़कों से बात की थी.
मैं सोचता हूं कि वह गेम खत्म होने से पहले ही हमारे दिमाग में खत्म हो गया था. वह एक सीख थी जिसे लेकर हम आगे बढ़े. मैं सोचता हूं कि हमने जो भी गेम जीते, हम हमेशा ही अंडर प्रेशर रहे. पिछला ही गेम ऐसा था जिसमें हम आगे चल रहे थे. हमें पता था कि हमारे पास कैसे बैटर्स हैं और हम गेम खत्म कर लेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.'
बता दें कि लखनऊ के खिलाफ़ हुए इस मैच से पहले गुजरात को मुंबई ने पांच रन से हराया था. अपनी बात आगे बढ़ाते हुए हार्दिक बोले,
'बाद में यह चर्चा का विषय रहा. यहां तक कि इस गेम में भी, जब लखनऊ के आठ विकेट गिर चुके थे तो मैंने कहा- निर्दयी बनते हैं. यह गेम खूबसूरत है. अगर यह खत्म नहीं हुआ, तो नहीं हुआ. इसलिए ये पक्का करते हैं कि हम गेम फिनिश करेंगे. अगर वो लोग पिछड़े हैं, तो उन्हें पीछे ही रखिए. मैच खत्म कीजिए और फिर गेम के बाद ही आराम करिए.'
अपने बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए हार्दिक ने कहा,
'जिस तरह से लोगों ने बैटिंग कीं, खासतौर से शुभमन ने, मुझे लगा कि 145 बनाकर भी हम गेम में थे. मेरे हिसाब से उनकी बोलिंग थोड़ी ज्यादा शॉर्ट थी. थोड़ी फुल लेंथ काम कर रही थी. इसलिए ग्रुप में इसकी भी चर्चा हुई थी. बोलर्स ने वो सबकुछ किया जिसकी उनसे उम्मीद थी. मुझे हमेशा ऐसा लगता है कि अगर आप वैसे हारते हैं, जैसे हम पिछले मैच में हारे थे, तो एक ग्रुप के रूप में यह भरोसा करना जरूरी है कि आप एक टीम के तौर पर मैच जीतते और हारते हैं.
हमने वो नहीं किया जिसकी हमसे उम्मीद थी और हमें पता था कि हमने गड़बड़ कर दी है, लेकिन ये गड़बड़ एक टीम के तौर पर हुई. जब हम एक टीम के तौर पर कहते हैं कि हम जीते, तो हम पक्का करेंगे कि अगर हम हारें तो हम कहें- हम हारे. ना कि ये आदमी, वो आदमी. हमने अपनी हंसी भी बरक़रार रखी. यह पक्का करना जरूरी है कि वाइब हमेशा बरक़रार रहे.'
लखनऊ के खिलाफ़ गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी. गुजरात ने 20 ओवर्स में चार विकेट खोकर 144 रन बनाए. टीम के लिए शुभमन गिल ने 49 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली. जबकि लखनऊ के लिए आवेश खान ने दो विकेट निकाले. जवाब में लखनऊ की पूरी टीम 82 रन पर सिमट गई. टीम के लिए दीपक हूडा ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए. जबकि गुजरात के लिए राशिद खान ने चार और यश दयाल तथा आर साई किशोर ने दो-दो विकेट निकाले.
IPL 2022: RCB के खिलाफ मिली हार के बाद विलियमसन ने SRH का फ्यूचर प्लान बता दिया

