दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को तो अपनों ने ही हरा दिया!
जिनपर सबसे ज्यादा भरोसा वही नहीं चले
Advertisement

IPL Match 13 में Marcus Stoinis ने Mumbai Indians को पहला झटका दिया था (पीटीआई फोटो)
दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को हरा दिया. ये बात सब जानते हैं. क्योंकि सुबह हो गई है और अब तक तो ये ख़बर अखबारों में भी आ गई होगी. लेकिन इस मैच की कुछ बातें शायद आपसे छूट गई हों. आप ध्यान ना दे पाए हैं. तो ऐसे में हम आपके लिए लाए हैं मुंबई की हार की चार वजहें.
बिना किसी देरी के पॉइंट पर आते हैं और शुरू करते हैं गिनती.
# Middle Order का चक्कर
पहल कारण तो वही है जो रोहित ने बताया था. जी हां. मुंबई का मिडल ऑर्डर एक बार फिर से फेल हुआ. मौके पर टीम के काम नहीं आया. क्विंटन डी कॉक के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कुछ देर तक रोहित शर्मा का साथ दिया. लेकिन सूर्य और रोहित के आउट होने के बाद तू चल मैं आया वाले हालात बन गए.
और जो नहीं गया वो क्रीज पर रहकर भी गुड फॉर नथिंग ही रहा. हार्दिक पंड्या ज़ीरो, कृणाल पंड्या एक और कायरन पोलार्ड दो रन ही बना सके. जबकि लगभग पांच ओवर अकेले खेलने वाले ईशान किशन के नाम रहे 26 रन. आगे के लिए रोहित को क़ोट करना चाहूंगा.
‘हमें जैसी स्टार्ट मिली थी, मैं सोचता हूं कि हम बीच के ओवर्स में अच्छी बैटिंग कर सकते थे, जो हम नहीं कर पाए. हम एक बार फिर से पावरप्ले में मिली शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए.'# No Boom Boom अगला कारण भी वही है जो कभी मुंबई की मजबूती हुआ करता था. जसप्रीत बूम-बूम बुमराह. जसप्रीत बुमराह की खराब फॉर्म जारी रही. इस मैच में वह 32 रन देकर सिर्फ एक विकेट ले सके. बुमराह की बोलिंग पर मुंबई बहुत निर्भर रहती है. ऐसे में उनका ना चलना एक बड़ा सेटबैक था और मुंबई इससे उबर नहीं पाई. इस सीजन बुमराह चार मैचों में सिर्फ चार विकेट ले पाए हैं. उनका ऐवरेज 25 और इकॉनमी 6.25 की है. अगर ऐसा ही चला तो मुंबई जीत का छक्का नहीं मार पाएगी. # Spin Department मुंबई का स्पिन डिपार्टमेंट चेपॉक में नाकाम रहा. इसी मैदान पर कई बार दमदार वापसी कर चुकी मुंबई की लगभग हर वापसी में उनके स्पिनर्स का बड़ा रोल रहा था. और इस मैच में उनका ना चलना टीम पर भारी पड़ गया. टूर्नामेंट के तीन मैचों में सात विकेट ले चुके राहुल चाहर दिल्ली के खिलाफ बस एक विकेट ले पाए. जबकि कृणाल ने दो ओवर में 17 रन लुटाए और उनके नाम एक भी सफलता नहीं रही. एक विकेट जयंत यादव के खाते में गया. यानी मुंबई के तीन स्पिनर मिलकर दो विकेट ले पाए. चेन्नई की पिच पर ऐसा करेंगे तो जीत कैसे मिलेगी? # Amit Mishra मुंबई की हार की कहानी भले ही मैच के 40वें ओवर में पूरी हुई लेकिन इसकी शुरुआत मैच के नौवें ओवर में ही हो गई थी. नौवां ओवर. अपने पहले ओवर में 10 रन देने वाले मिश्रा जी एंड बदलकर लौटे. और दूसरी ही गेंद पर चौका खा गए. लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कदम पीछे ना हटाते हुए ओवर की चौथी गेंद रोहित के बल्ले से थोड़ी दूर रखी. ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे रोहित खुद को रोक नहीं पाए और लॉन्ग-ऑन पर स्टीव स्मिथ को कैच थमा बैठे. अगली गेंद पर सिंगल आया और ओवर की आखिरी गेंद हार्दिक पंड्या का भी रोहित वाला हश्र ही हुआ. अमित मिश्रा ने बाद में कायरन पोलार्ड और ईशान किशन के भी विकेट लिए. उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 24 रन देकर मुंबई की बैटिंग की धज्जियां उड़ा दी.

.webp?width=60)

