The Lallantop
Advertisement

इस IPL के बाद: इंडियन क्रिकेट को क्या मिला

ये वो नाम हैं, जिन पर आपको नजरें रखनी चाहिए. अगर आप क्रिकेट के कर्रे वाले फैन हैं तो इन खिलाड़ियों को ट्विटर पर खोजकर फॉलो कर लें.

Advertisement
pic
30 मई 2016 (अपडेटेड: 30 मई 2016, 10:23 AM IST)
Img The Lallantop
फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
हर बार की तरह, इस बार भी IPL हमें कुछ खिलाड़ी दे गया है, जिन्हें लेकर हम उम्मीदों से भर सकते हैं. ये वो नाम हैं, जिन पर आपको नजरें रखनी चाहिए. अगर आप क्रिकेट के कर्रे वाले फैन हैं तो इन खिलाड़ियों को ट्विटर पर खोजकर फॉलो कर लें. आने वाले सालों में इन्हें टीम इंडिया की सफेद या नीली कैप में भी देख सकते हैं.

1 यजुवेंद्र चहल, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

'द थिंकिंग लेग स्पिनर' 13 मैच, 21 विकेट

हरियाणा का यह बारीक-सा लड़का शार्प लेग स्पिन फेंकता है. इस IPL के विकेट चटकाऊ गेंदबाजों में दूसरे नंबर पर रहा. अमित मिश्रा और पीयूष चावला के बाद वे बढ़िया विकल्प होंगे. कुछ ऊंची आर्म से बॉल फेंकते हैं, लेकिन हवा में उसे धीमा रखने की कोशिश करते हैं. जब चाहें एक्युरेसी के साथ तेज गेंद भी फेंक लेते हैं. बैट्समैन से दूर उनकी 'वाइड यॉर्कर' उपयोगी होती है. उन खिलाड़ियों में से हैं जो हुनर के साथ, दिमाग का भी खूब इस्तेमाल करते हैं. ओवरों के बीच में उन्हें खुद से बात करते हुए देखा जा सकता है. इसलिए विराट कोहली लेफ्ट हैंडर्स के खिलाफ भी उन्हें बॉल थमाने में हिचकते नहीं.
हालांकि उनकी एग्रेसिव अप्रोच कई बार महंगी भी साबित होती है. लेकिन कुल मिलाकर वह बल्लेबाजों को लंबे शॉट के लिए ललचा लेते हैं. पिछले IPL में भी 15 मैचों में 23 विकेट लेकर वह ऑरेंज कैप लिस्ट में तीसरे नंबर पर थे. वह फुर्तीले फील्डर भी हैं.

2 क्रुणाल पांड्या, मुंबई इंडियंस

हरफनमौला हमलावर 12 मैच, 237 रन स्ट्राइक रेट: 191.12 विकेट: 6

क्रुणाल पांड्या.
क्रुणाल पांड्या.

15 मई को मुंबई बनाम दिल्ली का मैच था. क्रुणाल पांड्या ने 37 बॉल पर 86 रन कूटकर सबको चकित कर दिया. इस पारी में उन्होंने 7 छक्के मारे और स्पिनरों के खिलाफ मिडविकेट की तरफ अपनी ‘नैचुरल हिटिंग आर्क’ का जानदार इस्तेमाल किया. इस आईपीएल में 2 करोड़ रुपये में खरीदे गए क्रुणाल लेफ्ट आर्म स्पिन बोलिंग भी करते हैं. डोमेस्टिक-IPL मिलाकर उन्होंने 26 T20 मैच खेले हैं. 400 रन बनाए हैं और 22 विकेट लिए हैं. इस आईपीएल में उनका स्ट्राइक रेट चौंकाने की हद तक अच्छा है. हालांकि दो ही मैचों में उन्होंने अच्छे हाथ दिखाएं हैं, लेकिन उम्मीदें तो जगा ही दी हैं. हम उन्हें नेक्स्ट जेनरेशन T20 चेहरों में रखना चाहेंगे. कभी रविंद्र जडेजा चोटिल हों, तो वनडे में भी मौका दिया जा सकता है.

3 करुण नायर, दिल्ली डेयरडेविल्स

तकनीक और ताकत 14 मैच, 357 रन स्ट्राइक रेट: 120.20

करुण नायर
करुण नायर

24 साल के करुण ने इस IPL में दो बढ़िया पारियां खेलीं. एक कोलकाता के खिलाफ 68 रन (50 बॉल). और दूसरी हैदराबाद के खिलाफ 83 रन (59 बॉल). जोधपुर में जन्मे करुण डोमेस्टिक में कर्नाटक से खेलते हैं. उनका रणजी रिकॉर्ड शानदार रहा है. 23 मैचों में 51.6 की ऐवरेज से उन्होंने 1703 रन बनाए हैं. 2013-14 में अपने डोमेस्टिक डेब्यू सीजन में 6 मैच खेले थे और 500 के करीब रन बनाए थे. इसमें तीन सेंचुरी शामिल थीं. राहुल द्रविड़ उनके मेंटर हैं. तकनीकी रूप से सक्षम. हाथ में भी जान है. अजिंक्य रहाणे सावधान रहें.
https://twitter.com/bhogleharsha/status/733723883023519744

4 संदीप शर्मा

14 मैच, 15 विकेट 'कभी भी अंदर ला सकता है'

Sandeep

इस आईपीएल में विकेट लेने के मामले में वह 8वें नंबर पर हैं. पटियाला के इस लड़के ने पहली पहचान बनाई थी 2012 में अंडर-19 क्रिकेट के रास्ते. ज्यादा तेज गेंद नहीं फेंकते हैं, लेकिन स्विंग बढ़िया कराते हैं. राइट हैंडर बैट्समैन के लिए सटीक टिप्पे पर पड़ी उनकी इनस्विंगर्स खतरनाक होती हैं. जब भी कप्तान ने उन्हें विकेट पर अटैक करने को कहा, उन्होंने बोल्ड और LBW से विकेट हासिल किए. यह बात किसी भी गेंदबाज के लिए सुकून वाली बात है. पिछले दोनों आईपीएल में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है. 2014 में 18 और 2015 में 13 विकेट लिए थे. इकॉनमी रही 7.32 की. हाल के दिनों में उन्होंने आउटस्विंगर्स पर भी अच्छा काम किया है. लेकिन राइट हैंडर्स उनके खिलाफ परेशानी में रहते हैं. बॉल कभी भी अंदर आ जाती है.
https://twitter.com/bhogleharsha/status/460888293908185088

5 बरिंदर सरां, सनराइजर्स हैदराबाद

14 मैच, 14 विकेट सटीक, अनुशासित

बरिंदर सरां
बरिंदर सरां

बरिंदर सरां इस लिस्ट में नहीं भी हो सकते थे. उन्होंने 8.34 की इकॉनमी से रन लुटाए हैं. लेकिन उनके पास एक्युरेसी की ताकत है. इसलिए वह 14 विकेट खींच ले गए. ज्यादा ओवर वाले फॉरमैट में आजमाया जाए तो वह उपयोगी हो सकते हैं. हालांकि ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने इसी साल तीन वनडे खेले थे, जहां उनकी खूब धुनाई हुई थी. ये उस स्लॉट में होने चाहिए, जिन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार करने पर पर बोर्ड को पर्सनली काम करना चाहिए. जितना ज्यादा खेलेंगे, उतना निखार आएगा.

6 श्रीनाथ अरविंद, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

आंकड़ों से न आंको 9 मैच, 11 विकेट इकॉनमी: 7.40

S arvind

लेफ्ट आर्म सीमर अरविंद के पोटेंशियल को उनके आंकड़ों से न आंका जाए. उन्होंने चुपचाप अपनी छाप छोड़ी है. उनकी ताकत है नई बॉल को सही जगह पिच कराने और वहां से मूव कराने की. इसलिए थोड़ी छूट लेकर उन्हें भी इस लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. 2015 आईपीएल में उन्होंने 5 मैचों में 8 विकेट लिए थे. 2011 आईपीएल में उन्होंने 21 विकेट लिए थे. 45 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 149 विकेट लिए हैं. 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 मैच में उन्हें मौका दिया गया था, लेकिन उनकी 12 की इकॉनमी से पिटाई हुई थी. RCB की मस्तीखोर टोली में वो जुदा लगते हैं. आप उन्हें गेल और कोहली के साथ नाचते हुए इमैजिन नहीं कर सकते. वह हमेशा सोचने वाले आईटी प्रोफेशनल ज्यादा लगते हैं. उनके डोमेस्टिक खेल पर दूरबीन लेकर नजर रखी जाए.

7 संजू सैमसन, दिल्ली डेयरडेविल्स

बेखौफ बल्लेबाज 14 मैच, 291 रन

Sanju

22 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू केरल से हैं. उनके बारे में खास बात कि डरते नहीं हैं. किसी भी बोलर को कहीं भी उठाकर मार सकते हैं. IPL के पिछले चारों सीजन में अच्छा परफॉर्म किया है. धोनी के बाद टीम इंडिया एक स्थायी विकेटकीपर बल्लेबाज की तलाश में होगी. रिद्धिमान साहा ने खास कमाल नहीं किया है. संजू के पाले में उम्र और उनका अग्रेसिव बैटिंग स्टाइल है. आने वाले सालों में वह टीम इंडिया में नंबर 6 की जगह भर सकते हैं. 2103 में हर्षा भोगले की उन पर एक टिप्पणी याद आती है. उन्होंने कहा था, 'कई शॉट जेहन में रहें. द्रविड़, उथप्पा और रहाणे से लेकर. लेकिन इस छोटी लिस्ट में संजू सैमसन की पहली बॉल पर खेली गई कवर ड्राइव भी होगी.' संजू एक असाधारण गिफ्टेड नौजवान हैं. भारतीय क्रिकेट उन्हें खोना अफोर्ड नहीं कर सकता.

Advertisement

Advertisement

()