वेस्ट इंडीज़ के हीरो निकलस पूरन पर लगा फ़ाइन, ICC ने इसलिए सुनाई सज़ा
मैन ऑफ द मैच रहे पूरन को मिली सज़ा.

निकलस पूरन. भारत के खिलाफ़ पहले दोनों T20I में वेस्ट इंडीज़ की जीत के हीरो. पूरन ने विंडीज़ के बोलर्स द्वारा डाले गए एफ़र्ट्स को जीत में बदला. और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) की अपनी फ़ॉर्म जारी रखी. उन्हें दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया. हालांकि इसी मैच में अपने व्यवहार के लिए उन्हें ICC से सजा भी मिली.
पूरन पर ICC कोड ऑफ़ कंडक्ट तोड़ने के लिए फ़ाइन लगा है. बात भारत की पारी के चौथे ओवर की है. भारत पहले बैटिंग कर रहा था और पूरन ने अंपायर के एक फ़ैसले की आलोचना की. पूरन पर मैच फ़ीस का 15 परसेंट ज़ुर्माना लगा है. उन पर ICC कोड ऑफ़ कंडक्ट के लेवल एक अपराध साबित हुआ है. पूरन ने ICC कोड ऑफ़ कंडक्ट के आर्टिकल 2.7 का उल्लंघन किया.
# Nicholas Pooran Finedपूरन ने अपराध मानते हुए ऑन-फ़ील्ड अंपायर लेस्ली राइफ़र और नाइजल डुगिड, थर्ड अंपायर ग्रेगरी ब्रैथवेट और चौथे अंपायर पैट्रिक गस्टर्ड द्वारा लगाई गई पेनल्टी स्वीकार कर ली. इसीलिए इस मामले में सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. फ़ाइन के साथ पूरन को एक डीमेरिट पॉइंट भी दिया गया. यह बीते 24 महीनों में उनका पहला अपराध था. लेवल वन के अपराधों में ज्यादा से ज्यादा मैच फ़ीस का 50 परसेंट जुर्माना और इसके साथ एक या दो मैच का बैन लग सकता है.
बात मैच की करें तो भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर्स में किसी तरह 152 रन बनाए. अपना दूसरा मैच खेल रहे तिलक वर्मा ने 41 गेंदों पर 51 रन बनाए. जबकि ईशान किशन ने 27 और हार्दिक पंड्या ने 24 रन का योगदान दिया. वेस्ट इंडीज़ के लिए अकील हुसैन, अल्ज़ारी जोसेफ और रोमारियो शेफर्ड ने दो-दो विकेट निकाले.
जवाब में वेस्ट इंडीज़ ने पहले ओवर में ही दो विकेट गंवा दिए. ब्रैंडन किंग बिना खाता खोले, जबकि जॉनसन चार्ल्स दो रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद चौथे नंबर पर आए निकलस पूरन ने अपनी फ़ॉर्म जारी रखी. उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर 67 रन कूट डाले. जबकि शिमरॉन हेटमायर ने 22 और काएल मेयर्स ने सात गेंद पर 15 रन बनाए.
अंत में जोसेफ ने 10 गेंदों पर 16 और हुसैन ने आठ गेंद पर 10 रन बनाकर मैच फ़िनिश किया. भारत के लिए कप्तान हार्दिक पंड्या ने तीन, युज़वेंद्र चहल ने दो, जबकि मुकेश और अर्शदीप ने एक-एक विकेट लिया. भारत पांच मैच की सीरीज़ में 2-0 से पीछे है.
वीडियो: IndvsWI 2nd T20I में कुलदीप यादव की जगह आए प्लेयर की इतनी तारीफें क्यों?

