हार्दिक ने वेस्ट-इंडीज़ से T20I सीरीज़ गंवा कहा- एक-आध सीरीज़ हारने से कोई फ़र्क नहीं पड़ता!
'कई बार हारना अच्छा होता है.’
.webp?width=210)
टीम इंडिया, वेस्ट-इंडीज़ (IndvsWI) के खिलाफ T20I सीरीज़ हार गई. वेस्ट-इंडीज़ के खिलाफ इंडियन टीम की 14 सीरीज़ जीत वाली स्ट्रीक पर आखिरकार फुल स्टॉप लग गया है. और इस सीरीज़ हार का कारण इंडियन कैप्टन हार्दिक पंड्या ने अपनी बल्लेबाजी को भी बताया है. हार्दिक का मानना है कि उन्होंने समय लिया, लेकिन इसके बावजूद वो मैच को फिनिश नहीं कर पाए.
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए हार्दिक ने कहा,
‘अगर आप देखें, तो बैटिंग के वक्त 10 ओवर के बाद ही मैच हमारे हाथ से फिसल गया. जब मैं बैटिंग करने गया, मैं फायदा नहीं उठा पाया. मैंने अपना समय लिया और मैं फिनिश नहीं कर पाया.’
इसके साथ हार्दिक ने टीम के पहले बल्लेबाजी करने के फैसले पर भी बात की. इस पर वे बोले,
‘मेरा मानना है कि एक ग्रुप के तौर पर हमें खुद को चैलेंज करना होगा. ये सभी वो गेम्स हैं जहां से हमें सीखना होगा. एक ग्रुप के तौर पर हमने बात की है कि जब भी हम मुश्किल रास्ता ले सकें, लेंगे. वैसे भी, ऐसी एक-आध सीरीज़ से फर्क नहीं पड़ता लेकिन अपने लक्ष्य के प्रति हमारा कमिटमेंट इम्पोर्टेंट है.’
बताते चलें, टीम इंडिया इन युवा खिलाड़ियों के साथ आने वाले T20 वर्ल्ड कप 2024 की तैयारी कर रही है. हार्दिक से इस पर भी सवाल किया गया. और उन्होंने कहा,
‘वो अभी दूर है. अभी वनडे वर्ल्ड कप आ रहा है. और कई बार हारना अच्छा होता है. आप बहुत कुछ सीखते हैं. और सारे लड़कों का खास शुक्रिया. उन्होंने बढ़िया चरित्र दिखाया. हारना और जीतना प्रोसेस का पार्ट है. और हम ये सुनिश्चित करेंगे कि हम इससे सीखे.’
हार्दिक ने इन सभी के बीच बोलिंग चेंज के लिए खुद की हो रही आलोचना पर भी बात करते हुए कहा,
‘मैं उस मोमेंट में जो फील करता हूं, वो करता हूं. मैं ज्यादा प्लान नहीं करता. अगर मेरे सामने कोई सिचुएशन आती है, तो जो भी मेरी गट फीलिंग होती है, मैं वो करता हूं. युवा खिलाड़ी दिलदार हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा होना बहुत जरूरी है. हर युवा खिलाड़ी जो टीम के साथ जुड़ रहा है उसके अंदर विश्वास है. ये ऐसा कुछ है जो मुझे अब लगातार दिखता है. उनको सलाम, वो आए और जिम्मेदारी ली. मैं कप्तान के तौर पर इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकता.'
बताते चलें, हार्दिक ने इसके साथ मैदान में मौजूद फ़ैन्स को भी शुक्रिया कहा. और साथ में कहा कि अगले साल T20 वर्ल्ड कप के दौरान वो स्टेडियम में इससे ज्यादा नंबर में आएं. अंत में थोड़ा सा मैच का ज़िक्र करें तो टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए थे. टीम के सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 61 रन की पारी खेली. जवाब में, वेस्ट-इंडीज़ ने ये टार्गेट 18 ओवर में ही चेज़ कर लिया. और इसी के साथ सीरीज़ को 3-2 से अपने नाम किया. टीम के हीरो रोमारियो शेफर्ड रहे. जबकि प्लेयर ऑफ द सीरीज़ अवॉर्ड निकलस पूरन को मिला.
वीडियो: विराट कोहली इंस्टा पोस्ट से कितना कमाते हैं?

