The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • INDvAUS 4th Test Day 5 Live Sehwag, Kaif, Chopra, Billings, Hope Cricketers Praised Shubman Gill For his 91 runs

शुभमन की तारीफ में क्या बोले दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटर्स?

'गिल है कि मानता नहीं'

Advertisement
pic
19 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 19 जनवरी 2021, 06:18 AM IST)
Img The Lallantop
Shubman Gill ने Gabba में सबका मन मोह लिया (एपी फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more
शुभमन गिल भारतीय क्रिकेट के अगले बड़े नाम हैं. ऐसा सिर्फ हम नहीं, पूरी दुनिया कह रही है. गिल ने ऑस्ट्रेलिया में चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में गदर काट दिया. खासतौर से गाबा टेस्ट की चौथी पारी में उनके 91 रन भारतीय क्रिकेट में हमेशा के लिए अमर हो गए. अपने ओपनिंग पार्टनर रोहित शर्मा को जल्दी खोने के बाद भी गिल नहीं डिगे. उन्होंने ना सिर्फ एक छोर संभाले रखा बल्कि तेजी से रन भी जोड़े. अपनी 91 रन की पारी के दौरान उन्होंने मिचेल स्टार्क के एक ही ओवर में पुजारा के साथ मिलकर 20 रन कूट दिए. इसमें से 15 रन तो उन्होंने सिर्फ चार गेंदों में बटोर लिए. गिल की 146 गेंदों की इस पारी ने भविष्य के लिए कई उम्मीदें जगा दीं. इस टूर के बाद ऐसा कहना गलत नहीं होगा कि गिल अब भारतीय टेस्ट टीम के परमानेंट मेंबर बन सकते हैं. # कमाल के Gill 328 रन के चेज के दौरान गिल की पारी देखकर दुनियाभर के क्रिकेटर्स, पूर्व क्रिकेटर्स ने उनकी जमकर तारीफ की. आकाश चोपड़ा ने लिखा,
गिल भविष्य हैं... यह पक्की बात है. लेकिन अभी यह सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट पर है कि उन्हें भारतीय क्रिकेट का वर्तमान भी बनाएं. सभी फॉर्मेट्स में. वह इतने अच्छे हैं.
इस टूर की हिंदी कॉमेंट्री टीम के सदस्य मोहम्मद कैफ ने ट्वीट किया,
दुर्भाग्यपूर्ण लेकिन इस लड़के शुभमन ने दिखा दिया कि वह भविष्य के सितारों में से एक हैं, कमाल की पारी यंगमैन
पूर्व भारतीय पेसर रूद्र प्रताप सिंह भी शुभमन से काफी इम्प्रेस दिखे. उन्होंने ट्विटर पर लिखा,
कमाल की पारी, शुभमन गिल! यंगमैन आज तुमने सच में अपनी उपस्थिति जाहिर कर दी. क्लास एकदम प्रत्यक्ष है.
इंडियन टीम के विस्फोटक ओपनर रहे विरेंदर सहवाग ने गिल के लिए अपनी भावनाएं जताने के लिए बॉलिवुड का सहारा लिया. उन्होंने ट्वीट किया,
इस सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने हरसंभव कोशिश कर ली, लेकिन वे पक्के तौर पर कह रहे होंगे 'गिल है कि मानता नहीं' भारत के लिए दिन की बेहतरीन शुरुआत, सिर्फ दो और ऐसे ही सेशन और हम लगातार तीसरी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लेंगे.
पूर्व पेसर डोडा गणेश ने लिखा,
प्रशंसा स्वीकार करिए, शुभमन गिल. चौथी पारी और पांचवे दिन की पिच पर 300 से ज्यादा की चेज, लेकिन तुमने दबाव का कोई लक्षण नहीं दिखने दिया. बेहतरीन काम, यंगमैन
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के बेटे और भारत के लिए खेल चुके क्रिकेटर रोहन गावस्कर ने एक खाली पन्ना ट्वीट करते हुए लिखा,
'ये रही उन क्रिकेट फैंस की लिस्ट जिन्होंने सोचा था कि शुभमन गिल टेस्ट लेवल पर सफल नहीं होंगे!! क्या कमाल का टैलेंट है!!'
गिल की प्रशंसा करने वालों में ना सिर्फ भारतीय, बल्कि विदेशी क्रिकेटर्स भी शामिल रहे. वेस्ट इंडीज़ के दिग्गज शे होप ने ट्वीट किया,
शुभमन गिल को देखना मजेदार है.
इंग्लैंड के युवा क्रिकेटर सैम बिलिंग्स ने ट्वीट किया,
शुभमन गिल एक कमाल के प्लेयर हैं!!!!!
कई मौकों पर अपनी धमाकेदार बैटिंग से कमाल कर चुके वेस्ट इंडीज़ के कार्लोस ब्रैथवेट ने ट्वीट किया,
शुभमन गिल. बस इतना ही ट्वीट है.
गिल ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीन मैचों की छह पारियों में एक बार नॉटआउट रहते हुए 259 रन बनाए. 51.80 की ऐवरेज से आए इन रनों में दो हाफ सेंचुरी शामिल रहीं.

Advertisement

Advertisement

()