The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Indian cricket team wins 14th consecutive test series at home after defeating New Zealand in the Mumbai Test, here is the list

2013 से 2021 तक कब-कब, किस-किसने भारत को हारने ही नहीं दिया!

14 सीरीज़ में भारत का सफर

Advertisement
pic
6 दिसंबर 2021 (अपडेटेड: 6 दिसंबर 2021, 02:11 PM IST)
Img The Lallantop
घर पर अपनी लगातार 14वीं टेस्ट सीरीज जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम (एपी फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more
विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने घर में लगातार 11वीं टेस्ट सीरीज़ जीत ली है. वहीं कुल मिलाकर भारत में टीम इंडिया का विजयरथ 14 सीरीज़ का हो चला है. भारतीय क्रिकेट टीम टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल टीम है जिसने घर पर लगातार इतनी सीरीज़ जीती हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लगातार 10 सीरीज़ और वेस्टइंडीज़-न्यूज़ीलैंड के लगातार आठ सीरीज़ के रिकॉर्ड को बहुत पहले ही पीछे छोड़ दिया है. विराट कोहली के कप्तानी रिकॉर्ड की बात करें तो उनकी कप्तानी में भारत ने 66 मैचों में कप्तानी की है. जिसमें उन्होंने 59.09 के बेस्ट विनिंग पर्सेंटेज के साथ 39 जीत दर्ज की है. अब विराट कोहली ने एक और सीरीज़ जीत ली है तो हम आपको भारतीय क्रिकेट के उस 14 सीरीज़ के सफर पर लेकर चलते हैं. जहां से भारत घर में अजेय रहा है. आइये नज़र डालते हैं, भारत की 14 घरेलू सीरीज़ जीत पर: # 2013 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: फरवरी 2013 में ऑस्ट्रेलिया की टीम माइकल क्लार्क की कप्तानी में चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्राफी खेलने भारत आई. उस वक्त भारतीय टीम की कप्तानी की कमान एमएस धोनी के हाथों में होती थी. भारत ने इस सीरीज़ में कंगारुओं का सूपड़ा साफ़ करते हुए चारों मैच अपने नाम किए थे. मुरली विजय 430 रनों के साथ सीरीज के लीडिंग रन स्कोरर रहे. ये वही सीरीज़ थी जिसमें माही का दोहरा शतक भी आया था. गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन ने चार बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट निकाले थे. वे 29 विकेट के साथ सीरीज के लीडिंग विकेट टेकर रहे. # 2013 भारत में वेस्ट इंडीज़: नवम्बर 2013 में वेस्ट इंडीज़ की टीम ने डैरेन सैमी की कप्तानी में दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ भारत आकर खेली. एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने दोनों ही मैच पारी के अंतर से अपने नाम कर लिए. सीरीज में सबसे ज्यादा रन भारत के सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने बनाए. उनके नाम इस सीरीज में दो शतक और कुल 288 रन रहे. वहीं गेंदबाजी में सबसे ज्यादा विकेट भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने निकाले. उन्होंने इस सीरीज में कुल 12 विकेट चटकाए. # 2015 साउथ अफ्रीका सीरीज़: साल 2015 में साउथ अफ्रीका की टीम ने हाशिम आमला की कप्तानी में भारत आकर चार टेस्ट मैच कि सीरीज खेली थी. अब विराट कोहली भारतीय टीम के नए कप्तान थे. भारतीय टीम ने इस सीरीज़ में तीन मैच अपने नाम किए जबकि एक मैच ड्रा रहा. अजिंक्य रहाणे ने इस सीरीज में दो शतक जड़े. साथ ही उन्होंने सीरीज में सबसे ज्यादा 266 रन भी बनाए. एक बार फिर रविचंद्रन अश्विन ने इस सीरीज में बेहद ज़बरदस्त गेंदबाजी की. उन्होंने सात पारियों में भारतीय टीम के लिए 31 विकेट निकाल कर दिए. जिनमें चार फाइव विकेट हॉल भी थे. # 2016 न्यूज़ीलैंड सीरीज़: साल 2016 में न्यूज़ीलैंड की टीम केन विलियमसन की कप्तानी में भारत के खिलाफ भारत में तीन टेस्ट मैच खेलने आई. इस सीरीज़ में तो भारत का दबदबा ऐसा था कि भारतीय टीम ने सीरीज़ में तीनों मैच अपने नाम किए और न्यूज़ीलैंड को वाइटवॉश करके भेजा. चेतेश्वर पुजारा इस सीरीज में लीडिंग रन स्कोरर रहे. उन्होंने सीरीज की छह पारियों में 373 रन बनाए. जिसमें एक नाबाद शतक भी शामिल रहा. गेंदबाज़ी में एक बार फिर रवि अश्विन का नाम अव्वल रहा. उन्होंने सीरीज में कुल 27 विकेट निकाले जिसमें तीन बार उन्होंने एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट भी लिए. # 2016 भारत में इंग्लैंड: साल 2016 में इंग्लैंड की टीम एलिस्टर कुक की कप्तानी में भारत आई. एक मजबूत टीम के साथ इंग्लैंड बहुत उम्मीदें लेकर आया कि वो भारत को हराकर लौटेगा. लेकिन कोहली की टीम ने पांच मैचों की सीरीज़ को 4-0 से जीत लिया. इस सीरीज़ में भारतीय कप्तान 655 रनों के साथ सबसे बड़े बल्लेबाज़ रहे. कोहली ने इस सीरीज में 109 की औसत से रन बनाए और एक दोहरा शतक भी जड़ा. इस लिस्ट में गेंदबाज़ी में अश्विन का कोई जवाब नहीं रहा. अश्विन ने इस सीरीज़ में तीन फाइव विकेट हॉल निकाले जिनकी बदौलत वे 10 पारीयों में 28 विकेट लेकर सीरीज़ के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने. # 2017 बांग्लादेश सीरीज़: फ़रवरी 2017 में बांग्लादेश की टीम मुश्फिकुर रहीम की कप्तानी में एक टेस्ट मैच खेलने भारत आई. हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच को भारत ने 208 रनों से अपने नाम कर लिया. विराट कोहली ने मैच कि पहली पारी में 204 रन बनाए. जबकि मुरली विजय और ऋद्धिमन साहा ने भी शतक जड़े. गेंदबाजी की बात करें तो स्पिनर रविन्द्र जडेजा ने मैच में सबसे ज्यादा 6 विकेट निकाले. # 2017 भारत आया ऑस्ट्रेलिया: फ़रवरी 2017 में ऑस्ट्रेलिया की टीम स्टीव स्मिथ की कप्तानी में चार टेस्ट मैच की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ खेलने भारत आई. विराट कोहली भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे थे. भारत ने इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया. स्मिथ ने सीरीज़ में सबसे ज्यादा 499 रन बनाए. जिसमें तीन शतक शामिल रहे. वहीं भारतीय टीम के लिए चेतेश्वर पुजारा ने सबसे ज्यादा 405 रन जड़े. गेंदबाजी की बात करें तो भारतीय स्पिन गेंदबाज़ रविन्द्र जडेजा ने सीरीज में दो फाइव विकेट हॉल निकाले. आठ पारियों में जडेजा के नाम 25 विकेट रहे. # 2017 श्रीलंका सीरीज़: दिसम्बर 2017 में श्रीलंका की टीम दिनेश चंडीमल की कप्तानी में तीन टेस्ट मैच की सीरीज खेलने भारत आई. सीरीज़ का पहला मैच तो मेहमान टीम ने जैसे-तैसे ड्रा करा लिया. लेकिन दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने ज़ोरदार वापसी की और पारी और 239 रनों से जीता. सीरीज़ का आखिरी मैच फिर ड्रॉ हुआ और भारत ने सीरीज़ 1-0 से जीत ली. भारतीय कप्तान ने इस सीरीज़ में तीन शतकों के साथ सबसे ज्यादा 610 रन बनाए. विराट ने इस सीरीज़ में दो दोहरे शतक भी जड़े. गेंदबाजी में श्रीलंकाई बल्लेबाज़ों को रविचंद्रन अश्विन ने खूब परेशान किया. अश्विन ने पांच पारियों में 12 विकेट अपने नाम किए. # 2018 अफ़ग़ानिस्तान टेस्ट: अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट इतिहास का बहुत बड़ा दिन. पहली बार टेस्ट मैच खेलने के लिए पड़ोसी टीम जून 2018 में असग़र अफ़ग़ान की कप्तानी में भारत आई. अजिंक्य रहाणे इस मैच में भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे. भारत ने आसानी से ये मैच एक पारी और 262 से जीत लिया. मैच में शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 107 और मुरली विजय ने 105 रन बनाए. गेंदबाज़ी में स्पिनर रविन्द्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 6 विकेट निकाले. # 2018 वेस्ट इंडीज़ सीरीज़: 2018 में वेस्ट इंडीज़ की टीम जेसन होल्डर की कप्तानी में भारत आई. लेकिन एक बार फिर घर में टीम इंडिया का दबदबा दिखा और भारतीय टीम ने दो मैचों कि इस सीरीज़ को 2-0 से अपने नाम कर लिया. इस सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन भारत के सलामी बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ ने बनाए. उनके नाम तीन पारियों में 237 रन रहे. जिसमें एक शतक भी आया. गेंदबाजी में भारतीय टीम को लीड किया तेज़ गेंदबाज़ उमेश यादव ने. वे 11 विकेट के साथ सीरीज़ के टॉपर रहे. # 2019 साउथ अफ्रीका सीरीज़: अक्टूबर 2019 में साउथ अफ्रीकी फाफ डुप्लेसी की कप्तानी में तीन टेस्ट मैच की फ्रीडम सीरीज़ खेलने भारत आई. विराट कोहली भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे. साउथ अफ्रीका को इस दौरे पर 0-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी. इस सीरीज़ में टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 529 रन बनाए और वो भी महज़ चार पारियों में. सीरीज़ में रोहित, मयंक और कप्तान कोहली तीनों के नाम दोहरे शतक रहे. गेंदबाज़ी में कमाल किया रविचंद्रन अश्विन ने और एक फाइव विकेट हॉल के साथ सीरीज़ में सबसे ज्यादा 15 विकेट भी निकाले. # 2019 बांग्लादेश सीरीज़: नवम्बर 2019 में खेली गई दो टेस्ट मैच की सीरीज़ में बांग्लादेश की टेस्ट टीम की कप्तानी मोमिनुल हक के हाथ में थी. विराट की कप्तानी में भारतीय टीम ने सीरीज़ के दोनों मैच पारी के अंतर से जीते और सीरीज को आसानी से 2-0 से अपने नाम कर लिया. इस सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन मयंक अग्रवाल ने बनाए. उन्होंने दो पारियों में 257 रन कूट दिए. गेंदबाज़ी में ईशांत शर्मा के नाम सीरीज़ में सबसे ज्यादा विकेट रहे. उन्होंने सीरीज़ की चार पारियों में 12 विकेट निकाले. # 2021 इंग्लैंड सीरीज़: साल 2021 में इंग्लैंड की टीम जो रूट की कप्तानी में भारत आई. इंग्लैंड बहुत उम्मीदों के साथ भारत आया कि वो सीरीज़ जीतेगा. लेकिन विराट की टीम ने चार मैचों की सीरीज़ को 3-1 से जीत लिया. पहला टेस्ट मेहमानों ने जीता लेकिन अगले तीनों मुकाबलों में उन्हें मुंह की खानी पड़ी. इंग्लैंड के कप्तान ने सीरीज़ में सबसे ज्यादा 368 रन बनाए. भारत के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 345 रन बनाए. गेंदबाज़ी में अंग्रेज़ों को रोका रविचन्द्र अश्विन ने. उन्होंने पूरी सीरीज़ में कुल 32 विकेट निकाले. # 2021 न्यूज़ीलैंड सीरीज़: दो टेस्ट मचों की सीरीज के पहले टेस्ट में केन विलियमसन जबकि दूसरे टेस्ट में टॉम लेथम न्यूज़ीलैंड टीम के कप्तान रहे. जबकि भारत के लिए पहले पहले मैच में अजिंक्य रहाणे और दूसरे मैच में विराट कोहली टीम के कप्तान रहे. भारतीय टीम पहला मैच जीतने से महज़ एक विकेट दूर रह गया और मुकाबला ड्रा रहा. जबकि सीरीज़ का दूसरा और फाइनल मैच 372 रन से जीत भारत ने इस सीरीज को 1-0 से अपने नाम कर लिया. मयंक अग्रवाल 242 रनों के साथ सीरीज़ में टॉप पर रहे. वहीं गेंदबाज़ी में एक बार फिर कमाल दिखाया रविचंद्रन अश्विन ने. उन्होंने पूरी सीरीज़ में भारत के लिए सबसे ज्यादा 14 विकेट निकाले. इस तरह से ये भारतीय क्रिकेट टीम के पिछले नौ सालों या 14 घरेलू टेस्ट सीरीज़ का सफर रहा.

Advertisement

Advertisement

()