The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Indian Cricket Team Lost their first T20I Series in two years Hardik Pandya Captaincy became unique

पूरी हुई पंड्या की 'हार्दिक' इच्छा, ब्रेक के बाद फिर मिलेंगे!

कितने साल बाद सीरीज़ हारा भारत?

Advertisement
pic
13 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 13 अगस्त 2023, 01:46 AM IST)
Hardik Pandya Doing Bad Captaincy
ब्रैंडन किंग ने पूरी कर दी हार्दिक की इच्छा (फ़ाइल फ़ोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more

लगातार बारह सीरीज़ के बाद टीम इंडिया को T20I सीरीज़ में मात मिली. टीम बीते दो बरस से एक भी T20I सीरीज़ नहीं हारी थी. लेकिन वेस्ट इंडीज़ ने उनकी ये स्ट्रीक तोड़ दी. और इसके साथ ही हार्दिक पंड्या 'यूनीक़' कप्तान साबित हो गए. जी हां, वनडे सीरीज़ के दौरान ही हार्दिक ने यूनीक़ बनने की इच्छा जाहिर की थी. और T20I सीरीज़ में उनकी इच्छा पूरी हो गई.

अब वह बीते दो साल में कोई T20I सीरीज़ हारने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए. साथ ही वह साल 2017 के बाद वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ T20I सीरीज़ हारने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बन गए. यही नहीं, अभी और सुनिए. हार्दिक ने इसी सीरीज़ के तीसरे मैच के बाद कहा था,

'अगर निकलस मुझे मारना चाहे, उसे मारने दो. मैं ऐसे कंपटिशन पसंद करता हूं. मुझे पता है कि मैं लाइन और लेंथ बदल सकता हूं. यह एक्साइटिंग रहता है. मैं उम्मीद करूंगा कि वह चौथे गेम में मेरे पीछे आए.'

निकी पी ने सीरीज़ के आखिरी मैच में हार्दिक की ये वाली इच्छा भी पूरी कर दी. उन्होंने हार्दिक के एक ही ओवर में लगातार दो छक्के मारे. और मजे की बात ये रही कि हार्दिक ने दोनों छक्के लेंथ बॉल पर खाए, यानी लेंथ बदली ना जा सकी. ख़ैर अब हार्दिक की टीम हार गई है. और इस हार के बाद वो लेंगे ब्रेक.

# Ireland vs India

ब्रेक के दौरान आप देख पाएंगे जसप्रीत बुमराह की कप्तानी और सितांशु कोटक की कोचिंग वाली टीम को. आयरलैंड के खिलाफ़ एक्शन में. ये सीरीज़ इसी शुक्रवार से शुरू होगी. और इस सीरीज़ में जाने से पहले एक बार पांचवें T20I का पूरा हाल सुन लेते हैं.

भारतीय कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुन ली. और उनका ये फैसला ठीकठाक ही साबित हुआ. टीम इंडिया ने दोनों ओपनर्स के विकेट तीन ओवर से पहले ही गंवा दिए. यशस्वी पांच, तो शुभमन नौ रन बनाकर आउट हुए. सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 61 रन की पारी खेली. जबकि तिलक वर्मा ने 27 रन बनाए.

भारत ने अपने 20 ओवर्स में 165 रन बनाए. विंडीज़ के लिए रोमारियो शेफर्ड ने चार, अकील हुसैन और जेसन होल्डर ने दो-दो जबकि रोस्टन चेज़ ने एक विकेट निकाला. तमाम मैचेज़ की तरह हार्दिक ने इस मैच में भी अक्षर पटेल को यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा के साथ तीसरे लेफ़्ट हैंडर बल्लेबाज के रूप में यूज किया.

बल्कि ये भी कह सकते हैं कि तिलक ऑलराउंडर और अक्षर बैटर खेल रहे थे. क्योंकि तिलक ने अक्षर से ज्यादा बोलिंग की. जबकि जायसवाल और अक्षर ने एक-एक ओवर फेंका. अक्षर को पहली बार बोलिंग 15वें ओवर में मिली. तब तक मैच खत्म हो चुका था.

जवाब में वेस्ट इंडीज़ ने तेज शुरुआत की. हालांकि काएल मेयर्स दूसरे ही ओवर में आउट हो गए, लेकिन इससे रन्स बनाने की स्पीड बिल्कुल भी नहीं कम हुई. ब्रैंडन किंग 85 रन बनाकर नाबाद लौटे. जबकि निकलस पूरन ने 47 रन बनाए. वेस्ट इंडीज़ ने सिर्फ़ दो विकेट खोकर 18 ओवर्स में मैच खत्म कर दिया. इसके साथ ही उन्होंने सीरीज़ भी 3-2 से जीत ली.

वीडियो: हार्दिक पांड्या ने वेस्ट इंडीज़ को हराकर लॉन्ग टर्म प्लानिंग पर क्या बात की?

Advertisement

Advertisement

()