दूसरे वनडे में आउट होते ही किसकी लगाई क्लास के बाद शुभमन ने लगा दिया शतक!
शुभमन गिल इस सीरीज़ में मैन ऑफ द सीरीज़ चुने गए हैं.

शुभमन गिल. इंडियन टीम के उभरते सितारे. शुभमन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ़ तीसरे वनडे में शतक जड़ कई सारे रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए. शुभमन ने 82 बॉल में अपनी सेंचुरी पूरी की और इंडिया को 289 तक पहुंचाया. इसी टार्गेट को चेज़ करते हुए जिम्बाब्वे 276 रन तक पहुंच पाई. सेंचुरी के बाद शुभमन को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज़ भी चुना गया. इसके बाद शुभमन ने कुछ दिलचस्प बातें कहीं.
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन ने कहा -
‘मैं अपनी डॉट बॉल प्रतिशत कम करने की कोशिश कर रहा था. मैं गैप्स में शॉट्स खेलने की कोशिश कर रहा था. जब मैं बैटिंग करने गया, तब उनके कुछ बॉलर्स अच्छी बॉलिंग कर रहे थे. उस दौर को पार करना ज़रूरी था. जब हम सेटल हो गए, तब मैं समझ गया कि अब हम अटैक कर सकते हैं. बैट बहुत शानदार था, इसलिए मैने पचासे के बाद उसे बदल लिया क्योंकि मैं उसे बचाकर रखना चाहता हूं. सेंचुरी लगाना स्पेशल था. मैंने तीन बार 90+ स्कोर बनाए हैं. लेकिन पर सेंचुरी मारना चाहता था.’
शुभमन ने आगे कहा -
#IndvsZim 3rd ODIइस टीम में खेलना अच्छा है, प्लेयर्स कमाल के हैं. एक टीम के साथ खेलना और वक्त बिताना अच्छा रहता है. मेरे पिता मेरे कोच रहे हैं. मुझे दूसरे वनडे में आउट होने के बाद उन्होंने मेरी क्लास लगाई थी. ये शतक मैं उन्हें ही डेडिकेट करता हूं.
अब आपको बता देते हैं मैच में क्या हुआ. इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला लिया. 63 रन की साझेदारी तब टूटी जब ब्रैड एवन्स ने केएल राहुल को चलता किया. इसके बाद क्रीज़ पर आए शुभमन गिल. शुभमन ने आते ही अपने शॉट्स खेलने शुरू कर दिए और रनरेट की रफ्तार को बनाए रखा. शिखर धवन के आउट होने के बाद ईशान किशन ने शुभमन का साथ निभाया. किशन ने 61 बॉल में 50 रन की पारी खेली.
चेज़ करते हुए जिम्बाब्वे के बल्लेबाज़ों ने कमाल की बैटिंग की. शॉन विलियम्स ने 45 रन की पारी खेली. इसके बाद सिकंदर रज़ा ने शानदार बैटिंग की. सिकंदर ने धीमी शुरुआत की लेकिन धीरे-धीरे अपनी रफ्तार बढ़ाई. सिकंदर ने 49वें ओवर तक बैटिंग की और अपनी टीम को जीत के करीब ले गए. लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई साथ नहीं मिला. सिकंदर ने 95 बॉल में 115 रन बनाए और इंडियन बॉलर्स को प्रेशर में डाल दिया. सिकंदर के आउट होने के बाद जिम्बाब्वे की उम्मीद और चेज़ दोनों खत्म हो गए. इंडिया ने ये मैच 13 रन और सीरीज 3-0 से जीत ली.
इंडियन क्रिकेट टीम इसके बाद एशिया कप में हिस्सा लेने के लिए यूएई जाएगी. जहां इंडिया का पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को होगा.
ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक की तुलना में क्या कह गए पूर्व क्रिकेटर?

