स्पोर्ट्स की दुनिया में इससे बड़ा मैच है ही नहीं!
आंकड़ों से समझिए, INDvaPAK कितनी बड़ी बात है.

‘दिनेश कार्तिक को इस मैच में जरूर खेलना चाहिए. उनका स्ट्राइक रेट कमाल का है. वह इनिंग्स को बेहतरीन तरीके से खत्म करते हैं. वह दुनिया के टॉप बैटर्स में से एक हैं. ऐसी कोई वजह नहीं है कि वो ना खेलें.’
सलमान बट्ट
'बाबर बहुत कंसिस्टेंट रहे हैं क्योंकि उनकी टेक्नीक सही है. वह बहुत फिट और भूखे हैं. वह अभी भी एक युवा कप्तान हैं लेकिन वह बहुत तेजी से सीख रहे हैं. हालांकि विराट से उनका कंपैरिजन बहुत जल्दबाजी है. बाबर विराट तक पहुंचने के सही रास्ते पर हैं लेकिन अभी उन्हें विराट से कंपेयर करना बहुत जल्दबाजी होगी. लेकिन वह मौजूदा वक्त के महान प्लेयर्स में से एक बनने के लिए सही रास्ते पर हैं.'
वसीम अकरम
‘जो कम गलतियां करेगा वही जीतेगा’
शाहिद अफरीदी
'भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच सभी लोग देखते ही हैं. यह बेशक़ एक हाई-प्रेशर गेम है, लेकिन टीम के अंदर हम चाहते हैं कि माहौल नॉर्मल रहे. हमारे लिए यह बस क्रिकेट का एक मैच है. मेरे और राहुल भाई के लिए यह जरूरी है कि हम प्लेयर्स को कहें कि पाकिस्तान बाकियों की तरह बस एक टीम ही तो है.'
रोहित शर्मा
‘विराट कोहली को हल्के में मत लेना.’
यासिर शाह
‘मैं तो इसी बात पर अड़ा रहूंगा कि भारत पाकिस्तान को हरा देगा. हालांकि इसमें पाकिस्तान को नीचा दिखाने जैसा कुछ नहीं है क्योंकि वो एक कमाल के क्रिकेट खेलने वाले देश हैं, जो लगातार सुपरस्टार्स बनाते रहते हैं. उनके टैलेंट का पूल बाकी देशों से निश्चित तौर पर बेहतर है, और मुझे लगता है कि भारत एशिया कप जीतेगा.’
रिकी पॉन्टिंग
'ईशान किशन बहुत दुर्भाग्यशाली हैं कि वह एशिया कप की स्क्वॉड में नहीं हैं.'
स्कॉट स्टायरिस
अभी तक आपने क्रिकेट की दुनिया के दिग्गजों के बयान पढ़े/सुने/देखे. सारे लोगों ने एक ही मैच पर बात की. वो मैच जिसे इस धरती का सबसे बड़ा मैच कहा जा सकता है. अभी तमाम लोग कूदकर आएंगे और एल-क्लासिको का ज़िक्र कर देंगे. उन लोगों से कुहनी तक हाथ जोड़कर माफी मांगना चाहते हैं. लेकिन फैक्ट तो ब्रो यही है कि इस धरती का सबसे बड़ा मैच भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ही खेलती हैं.
एल-क्लासिको पूरी दुनिया में देखी जाती है. ठीक बात है. लेकिन क्रिकेट खेलने वाला कोई देश ऐसा नहीं है जो इंडिया वर्सेज पाकिस्तान को मिस करे. और वैसे तो मेरी मैथ कमजोर है, लेकिन ग्रेस मार्क्स के सहारे कह रहे हैं कि ये संख्या एल-क्लासिको देखने वालों से ज्यादा है. क्योंकि भारत और पाकिस्तान मिलाकर ही एक सौ साठ करोड़ से ज्यादा हो जाते हैं.
और इसमें बाकी क्रिकेट देखने/खेलने वाले देशों को जोड़ लें तो आंकड़ा बहुत बड़ा हो जाता है. और इस आंकड़े का एक बहुत बड़ा चंक इंडिया वर्सेज पाकिस्तान मैच की तैयारी में हफ्तों बिता देता है. इनके लिए यह एक उत्सव की तरह है. और इसका जोश अलग ही लेवल पर होता है. करोड़ों लोग ये मैच देखने के लिए अरबों बहाने बना लेते हैं.
जाहिर है कि दुनिया में और भी कई सारे स्पोर्ट्स हैं. जिनके मैच खूब दबाकर देखे जाते हैं. इन्हें देखने लाखों लोग स्टेडियम तक पहुंच जाते हैं. लेकिन इंडिया वर्सेज पाकिस्तान क्रिकेट मैच जितनी ऑडियंस किसी को नहीं मिलती. बीते बरस भारत और पाकिस्तान के बीच हुए T20I वर्ल्ड कप मैच ने सिर्फ भारत में लोगों के 16 अरब मिनट खर्च कराए थे. जबकि इस मैच की टोटल रीच लगभग 17 करोड़ लोगों तक थी.
इस मामले में दूसरे नंबर पर अमेरिका की नेशनल फुटबॉल लीग का सुपरबोल है. जिसकी हाइएस्ट रीच 12 करोड़ से थोड़े ज्यादा लोगों तक थी. यानी किसी सिंगल मैच या इवेंट के मामले में इंडिया वर्सेज पाकिस्तान क्रिकेट मैच से बड़ा कुछ नहीं है.
केएल राहुल, शिखर धवन, ईशान किशन की ये पारियां किसी काम की नहीं

