The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • India vs Australia Pat cummins slammed commentators while announcing playing XI for Adelaide test

एडिलेड की टीम सेट, गावस्कर जैसे कॉमेंटेटर्स पर क्या बोल गए पैट कमिंस?

ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड टेस्ट के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है. टीम घोषित करते वक्त टीम के कप्तान पैट कमिंस ने कुछ कॉमेंटेटर्स की क्लास भी लगाई. कमिंस के निशाने पर सुनील गावस्कर और एडम गिलक्रिस्ट जैसे लोग रहे.

Advertisement
pic
5 दिसंबर 2024 (पब्लिश्ड: 02:36 PM IST)
Pat Cummins Sunil Gavaskar
पैट कमिंस का गावस्कर जैसे कॉमेंटेटर्स पर हमला (AP, Getty)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी का दूसरा टेस्ट शुक्रवार, 6 दिसंबर से शुरू होगा. एडिलेड में होने वाला ये डे-नाइट टेस्ट पिंक बोल से खेला जाएगा. और इसके लिए ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार, 5 दिसंबर को ही अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है. तमाम कयासों से परे, इस टीम में बस एक बदलाव है. चोटिल जॉश हेज़लवुड की जगह स्कॉट बोलैंड को मिली है.

बोलैंड लंबे वक्त से ऑस्ट्रेलियन टीम से बाहर थे. एडिलेड टेस्ट, ऑस्ट्रेलिया के लिए बीते 18 महीनों में उनका पहला टेस्ट होगा. बोलैंड का ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी टेस्ट 2023 ऐशेज़ में आया था. यहां उन्होंने इंग्लैंड का सामना किया. 35 साल के बोलैंड को हेज़लवुड की जगह मिली. वह पर्थ टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे.

यह भी पढ़ें: एडिलेड में किस बात पर गुस्साई BCCI, फ़ैन्स पर लगा दिया बैन!

कप्तान पैट कमिंस ने ये भी कंफ़र्म किया है कि चोटिल मिच मार्श इस टेस्ट के लिए तैयार हैं. वह खेलेंगे. कमिंस ने तो यहां तक दावा किया है कि मार्श इस टेस्ट में बोलिंग भी करेंगे. मार्श को पीठ में ऐंठन की शिकायत थी. इसी के चलते उन्होंने पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में पूरी क्षमता के साथ बोलिंग नहीं की थी. मार्श पर बात करते हुए कमिंस बोले,

'मेडिकल टीम के साथ चर्चा कर हमने ये कॉल ली है कि उन्हें कुछ दिन और बोलिंग से आराम दिया जाए. उम्मीद है कि उन्हें तभी वॉर्म-अप के लिए कहना पड़ेगा, जब उनकी बोलिंग की जरूरत हो. मुझे ऐसा लग रहा है कि किसी वक्त उनकी जरूरत पड़ सकती है.'

मैच से पहले एक प्रेस-कॉन्फ़्रेंस में कमिंस ने कहा कि बोलैंड का टीम में होना बेहतरीन है. वह बोले,

'स्कॉट जैसे किसी बंदे का टीम में आना बहुत शानदार है.'

साथ ही कमिंस ने उनकी टीम में फूट की बात करने वाले कॉमेंटेटर्स को भी गलत बताया. कमिंस बोले,

'टीम कमाल की है. कुछ कॉमेंटेटर्स शत-प्रतिशत गलत हैं. हमने हमेशा की तरह ही तैयारी की. टीम का माहौल शानदार है. जब चीजें सही नहीं जा रही होती हैं तो कई कॉमेंटेटर्स हैं जो आपको सपोर्ट करते हैं. लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो हेडलाइंस बनाने की कोशिश करते हैं. हम कोशिश करते हैं कि ऐसी चीजों को नोटिस ना करें. हम कोशिश करते हैं कि अपना फ़ोकस तैयारी पर रखें. खुद को गेम जीतने का बेस्ट चांस दें.'

इस टेस्ट के लिए भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन अभी तक नहीं घोषित की है. टीम इंडिया इस टेस्ट में बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ उतरेगी. कप्तान जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में इन्होंने पहला टेस्ट 295 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया था. यह एशिया के बाहर भारत की सबसे बड़ी जीत है. पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में यह ऑस्ट्रेलिया की पहली हार भी थी.

हालांकि, इसके बावजूद भारत के लिए एडिलेड टेस्ट जीतना आसान नहीं होगा. पिंक बोल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के आंकड़े कमाल हैं. साथ ही इन्होंने पिछले पिंक बोल टेस्ट में भारत को बुरी तरह हराया भी था. भारतीय टीम एडिलेड में ही हुए इस टेस्ट की दूसरी पारी में 36 रन पर सिमट गई थी. यह टेस्ट में इनका सबसे छोटा स्कोर है. पैट कमिंस ने इस मैच में चार, जबकि जॉश हेज़लवुड ने पांच विकेट लिए थे.

वीडियो: इंडियन टीम को प्रैक्टिस के दौरान परेशान करते फ़ैन्स को लेकर BCCI ने लिया बड़ा फैसला!

Advertisement

Advertisement

()