विराट की सचिन से पहली मुलाकात, साथी खिलाड़ियों का मजाक और 15 नवंबर 2023
X पर सचिन ने विराट से अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताया है.

साल 2012 की एक खुशनुमा शाम. इंटरटेन्मेंट से लेकर उद्योग जगत और खेल की दुनिया के बड़े नाम एक जगह इकट्ठा हो रखे थे. वजह, क्रिकेट के सबसे बड़े नाम, जिसने हाल ही मैं एक इतिहास बनाया था, उसको सम्मानित करना था. इतिहास बनाने के लिए वो खिलाड़ी सम्मानित हुआ, मगर एक सवाल के जवाब में वो उस इतिहास को दोहराने वाले या कहें नया इतिहास लिखने वाले का नाम भी बता गया. तब उस खिलाड़ी की बात को उनकी विनम्रता माना गया, लेकिन उनकी बात सच हुई और आज वाकई में नया इतिहास (Virat Kohli 50th odi century) लिखा गया.
हम बात कर रहे हैं वनडे क्रिकेट में 49 शतक लगाने वाले और एकदम सटीक भविष्यवाणी करने वाले सचिन तेंडुलकर की. और उनका रिकॉर्ड तोड़ने वाले विराट कोहली की. विराट और उनकी पहली मुलाकात के मजेदार किस्से की. विराट के 50वें वनडे शतक पर सचिन के सबसे ज्यादा खुश होने की. सबकी बात करेंगे, लेकिन पहले जरा 10 साल पीछे चलते हैं.
साल 2011 में भारतीय क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीता था. सचिन ने ढेरों रन बनाए थे, मगर एक रिकॉर्ड था जो बन नहीं रहा था. शतकों का शतक. सचिन 99 शतक बना चुके थे और 100वें शतक की तलाश में थे. लगभग एक साल के बाद बांग्लादेश के खिलाफ उनकी तलाश पूरी हुई. शाकिब की एक गेंद पर उन्होंने एक रन लिया और अपना हेलमेट हवा में लहरा दिया.
सचिन के सम्मान में दुनिया-जहान के साथ पवेलियन में बैठे विराट ने भी तालियां बजाईं. सचिन का वो आखिरी शतक था. कहानी को थोड़ा आगे बढ़ाते हैं और सलमान भाई को बुलाते हैं.
वही खुशनुमा शाम. सचिन से सभी ने अपने हिस्से की बात की, मगर सलमान ने अपने ही अंदाज में सवाल पूछ लिया. सवाल सुनते हैं,
क्या लगता है आपको. तोड़ पाएगा. सीधे-सीधे बोल देना, नहीं तोड़ पाएगा.
सवाल खत्म और हॉल में हंसी. तब आम जनता से लेकर क्रिकेट पंडितों को इस रिकॉर्ड के टूटने में संदेह था. मगर शायद सचिन को यकीन था कि ऐसा होगा. यकीन भी था और कौन तोड़ेगा ये भी पता था कि कौन तोड़ेगा.
सचिन का जवाब
इसी कमरे में बैठे हैं, मुझे नजर आ रहे युवा विराट और रोहित ऐसा कर सकते हैं.
इस बात को 10-11 साल हो चुके हैं. कुछ दिनों पहले विराट ने अपने 35वें जन्मदिन पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 49वां शतक जड़ा और आज यानी 15 नवंबर को मुंबई में हाई-प्रेशर सेमीफ़ाइनल में विराट ने 106 बॉल में अपना शतक पूरा करके इतिहास बना दिया. खुद क्रिकेट के भगवान ने मुंबई के वानखेड़े मैदान पर विराट को अपना रिकॉर्ड तोड़ते देखा और भारत की पारी खत्म होने पर विराट को बधाई भी दी.
इतना ही नहीं X पर पोस्ट करके उनकी और विराट की पहली मुलाकात का जिक्र भी कर दिया. पोस्ट में सचिन ने लिखा,
जब मैं तुमसे पहली बार ड्रेसिंग रूम में मिला तो अपनी हंसी नहीं रोक पा रहा था.
दरअसल दूसरे खिलाड़ियों ने विराट से सचिन के पैर छूने को कहा था और ये एक प्रैंक था. सचिन ने आगे लिखा,
जल्द ही तुमने अपने पैशन और स्किल से मेरे दिल को छुआ. एक युवा लड़के को ‘विराट’ प्लेयर बनता देख बहुत खुश हूं. मुझसे ज्यादा कोई खुश हो ही नहीं सकता क्योंकि किसी इंडियन ने मेरा रिकॉर्ड तोड़ा, वो भी इतने बड़े मंच पर.
वैसे विराट भी सचिन से अपनी मुलाकात के इस मजेदार किस्से का जिक्र कर चुके हैं. विराट से उनके साथी खिलाड़ियों ने भले मजाक किया हो, मगर उन्होंने सचिन की बात को बिल्कुल मजाक में नहीं लिया. 50 वनडे शतक बना दिए और सफर अभी जारी है.
वीडियो: रोहित विराट फैन्स भिड़े, मुंबई इंडियन्स की किस फोटो ने बढ़ाई गर्मी?

.webp?width=60)
