The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IND vs ZIM: Indian Pacer Deepak Chahar ‘Mankads’ Innocent Kaia, does not appeal

दीपक चाहर ने ज़िम्बाबवे के बल्लेबाज़ को 'मांकड' किया और फिर..?

भारतीय टीम के पेसर दीपक चाहर ने ज़िम्बाबवे के बल्लेबाज़ इनोसेंट काइया को तीसरे वनडे में 'मांकड' कर दिया.

Advertisement
pic
23 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 23 अगस्त 2022, 10:34 PM IST)
Deepak Chahar_Innocent Kaia. Photo: AP
दीपक चाहर, इनोसेंट काइया. फोटो: AP
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय टीम के पेसर दीपक चाहर ने ज़िम्बाबवे के बल्लेबाज़ इनोसेंट काइया को तीसरे वनडे में 'मांकड' कर दिया. हालांकि ऐसा करने के बाद भी उन्होंने इसके लिए अपील नहीं की और इनोसेंट ने बल्लेबाज़ी जारी रखी.

भारत और ज़िम्बाबवे के बीच ज़िम्बाबवे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में तीन मैच की वनडे सीरीज़ का आखिरी मुकाबला मंगलवार को खेला गया. इस मुकाबले को भारत ने 13 रन से जीत सीरीज़ को 3-0 से क्लीनस्वीप कर लिया. लेकिन इस मुकाबले में मांकड की घटना देखने को मिली.

मुकाबले में ज़िम्बाबवे की टीम भारत से मिले 290 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी. मेज़बान टीम के लिए काइटानो और इनोसेंट पारी की शुरुआत करने उतरे. काइटानो ने स्ट्राइक ली, वहीं नॉन स्ट्राइक एंड पर इनोसेंट खड़े थे. कप्तान केएल राहुल ने दूसरा मैच मिस करने वाले दीपक चाहर को नई गेंद सौंपी.

दीपक जैसे ही पहली गेंद लेकर दौड़े तो इनोसेंट गेंद फेंके जाने से पहले ही क्रीज़ से बाहर निकल गए. दीपक ये नोटिस कर रहे थे. उन्होंने गेंद फेंकने से पहले ही स्टम्पस के पास रुककर बेल्स उड़ा दीं. इनोसेंट क्रीज़ के बाहर से ये देखते रह गए. लेकिन दीपक ने इसके लिए अपील नहीं की और वापस अपना रन-अप लेने लौट गए. अंपायर ने इस गेंद को डेड बॉल दिया और पारी की शुरुआत हुई.

हालांकि इस गेंद पर अपना विकेट बचाने के बाद भी इनोसेंट बहुत बड़ा कमाल नहीं कर सके. वो दीपक चाहर के अगले ओवर में LBW आउट होकर लौट गए. उन्होंने नौ गेंदों में महज़ छह रन बनाए.

दीपक चाहर ने इस मुकाबले में 75 रन देकर दो विकेट चटकाए. हालांकि शुरुआत में जल्दी विकेट चटकाने के बावजूद भारत के लिए मुकाबला बहुत आसान नहीं रहा. 290 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेज़बान टीम ने 122 के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे. लेकिन सिकंदर रज़ा ने 49वें ओवर तक कमाल की बैटिंग की और मैच को भारत से छीनने की पूरी कोशिश की. बाद में शुभमन गिल की शानदार कैच से सिकंदर आउट होकर लौटे और भारत ने ये मैच जीत लिया.

इस मैच में सिकंदर रज़ा ने ज़िम्बाबवे के लिए 115 रन की पारी खेली. वहीं भारत के लिए शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर का पहला शतक बनाया. उन्होंने 130 रन की पारी खेली. 

ज़िम्बाबवे के खिलाफ़ सीरीज़ के बाद अब टीम इंडिया का अगला लक्ष्य एशिया कप है. जिसकी शुरुआत 27 अगस्त से UAE में हो रही है. भारतीय टीम एशिया कप कैम्पेन की शुरुआत 28 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ़ करेगी.

कैसे हुई एशिया कप टूर्नामेंट की शुरुआत?

Advertisement

Advertisement

()