'हमें लग्जरी नहीं चाहिए मगर...', पंड्या मैच के बाद भड़के, WI बोर्ड से क्या कह दिया?
मैच जीतने के बाद पंड्या ने विराट-रोहित पर भी खुलासा किया...
.webp?width=210)
भारत ने वेस्टइंडीज़ को हराकर वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. आखिरी वनडे मैच में इंडियन टीम ने वेस्टइंडीज को 200 रनों से हराया. हालांकि मैच में शानदार जीत के बाद भी इंडियन कैप्टन हार्दिक पंड्या नाराज नजर आए. और उनकी नाराजगी की वजह थी वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड द्वारा किया गया अरेंजमेंट.
ब्रायन लारा स्टेडियम, त्रिनिडाड में खेले गए आखिरी वनडे मैच के बाद पंड्या ने कहा कि जहां भी हमने खेला, उसमें ये अब तक का सबसे अच्छा ग्राउंड था. मुझे लगता है कि जब हम अगली बार वेस्टइंडीज आएंगे तो इस दौरान ट्रैवलिंग से लेकर और भी कई चीजें अच्छी हो सकती हैं. पिछले साल भी कुछ ऐसी ही समस्या सामने आई थी. मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज क्रिकेट को इसपर ध्यान देना चाहिए कि जब भी कोई टीम ट्रैवल करती है, तो उन्हें किस तरह की व्यवस्था देनी चाहिए.
हार्दिक ने आगे कहा कि हम बहुत लग्जरी सुविधा नहीं मांगते हैं. लेकिन हमारी कुछ बेसिक जरूरतें हैं, उन्हें उसका ध्यान रखना चाहिए. इसके साथ ही मैं यह कहना चाहूंगा कि यहां हमने काफी एन्जॉय किया. हमने यहां अच्छी क्रिकेट भी खेली.
रोहित और कोहली को आराम दिए जाने को लेकर पंड्या ने कहा कि विराट और रोहित टीम का अहम हिस्सा हैं. लेकिन उन्हें आराम देना ज़रूरी था, जिससे कि ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों को मौका मिल सके. यहां युवाओं को मौका देना था. मैच से पहले विराट के साथ मेरी बहुत अच्छी बातचीत हुई, वो चाहते थे कि मैं क्रीज पर कुछ समय बिताऊं ताकि 50 ओवर फॉर्मेट में ढल पाऊं.
मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज़ ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी. ईशान किशन और शुभमन गिल ने भारत को धुआंधार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 19.4 ओवर में 143 रन जोड़े. गिल ने 92 गेंद में 85 रन बनाये. जबकि किशन ने 63 गेंद में 77 रन की पारी खेली. इसके अलावा कप्तान हार्दिक पंड्या ने नाबाद 70 और संजू सैमसन ने 51 रन की पारी खेली. भारत ने पांच विकेट पर 351 रन बनाये.
जवाब में कैरेबियाई टीम शुरुआत में ही लड़खड़ा गई. 40 रन तक वेस्टइंडीज की आधी टीम पवेलियन लौट गई. लोअर ऑर्डर के प्लेयर्स ने थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन टीम 35.3 ओवर में 151 रन पर ऑलआउट हो गई. शार्दुल ठाकुर ने 37 रन देकर 4 जबकि मुकेश कुमार ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए.
वीडियो: ऑस्ट्रेलिया में समंदर किनारे मिले मलबे का भारत और ISRO से ये कनेक्शन है!

