'ईमानदारी से कहूं तो हमारी बल्लेबाजी...', हार के बाद हार्दिक ने जो कहा, वो बल्लेबाज़ों को चुभेगा!
तिलक वर्मा की तारीफ मगर बाकियों को पंड्या ने सुनाया...
.webp?width=210)
इंडियन क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा T20I मैच भी हार गई. रविवार, 6 जुलाई को गुयाना में खेले गए रोमांचक मैच में वेस्टइंडीज़ ने दो विकेट से जीत हासिल की. इस मैच में इंडियन टीम की बैटिंग बेहद साधारण रही. टीम पहले बैटिंग करते हुए महज 152 रन स्कोरबोर्ड पर लगा सकी. इसी से इंडियन कैप्टन हार्दिक पंड्या काफी नाराज नजर आए.
मैच के बाद हार्दिक पंड्या ने कहा कि अगर ईमानदारी से कहूं तो हमारी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही, हम बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे. 160 से ज्यादा का स्कोर एक अच्छा टोटल होता. मौजूदा टीम कॉम्बिनेशन के साथ हमें टॉप 7 बल्लेबाजों पर भरोसा करना होगा कि वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे, तब हम उम्मीद करेंगे कि गेंदबाज आपको मैच जिताएंगे. बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेने की जरूरत है.
हार्दिक ने साथ ही तिलक वर्मा की जमकर तारीफ की. उन्होंने तिलक को लेकर कहा कि चौथे नंबर पर बाएं हाथ के बल्लेबाज के आने से हमें विविधता मिलती है. उनकी बैटिंग को देखकर ऐसा लग ही नहीं रहा था कि यह उनका दूसरा ही इंटरनेशनल मैच है.
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी. टीम की शुरुआत खराब रही और 18 रन तक शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव आउट हो गए. टीम के 60 के स्कोर पर पहुंचते ही ईशान किशन भी चलते बने. जबकि संजू सैमसन महज 7 रन बना सके. इंडियन टीम के लिए सबसे अच्छी बैटिंग की तिलक वर्मा ने. तिलक ने 41 गेंद पर 51 रन बनाए. जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल रहा. हार्दिक ने 24 और अक्षर ने 14 रन की पारी खेल टीम के स्कोर को जैसे-तैसे 152 रन तक पहुंचाया.
जवाब में वेस्ट इंडीज़ की शुरुआत अच्छी नहीं हुई. टीम ने पहले ओवर में ही दो विकेट गंवा दिए. दोनों विकेट हार्दिक पंड्या को मिले. ब्रैंडन किंग बिना खाता खोले, जबकि जॉनसन चार्ल्स दो रन बनाकर आउट हुए. लेकिन चौथे नंबर पर आए निकलस पूरन ने अपना बेहतरीन फ़ॉर्म जारी रखा. उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर 67 रन कूट डाले. जबकि शिमरॉन हेटमायर ने 22 और काएल मेयर्स ने सात गेंद पर 15 रन बनाए.
अंत में जोसेफ ने 10 गेंदों पर 16 और हुसैन ने आठ गेंद पर 10 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया. भारत के लिए कप्तान हार्दिक पंड्या ने तीन, युज़वेंद्र चहल ने दो, जबकि मुकेश और अर्शदीप को एक-एक विकेट मिला. अब भारत पांच मैच की सीरीज़ में 2-0 से पीछे है. टीम अब बचे हुए तीन मैच में जीत दर्ज कर सीरीज़ अपने नाम करना चाहेगी.
वीडियो: एलेक्स हेल्स की रिटायरमेंट पर इंडिया-पाकिस्तान के फ़ैन्स 170-0 क्यों याद करने लगे?

