The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IND VS SL: Virat kohli stares at hardik pandya after he denies single in the second ODI

दूसरा रन लेने से रोका तो कोहली ने तमतमा कर हार्दिक पंड्या को क्यों देखा?

कोहली ने मैच में महज 87 गेंद पर 113 रन बनाए

Advertisement
pic
11 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 11 जनवरी 2023, 12:37 PM IST)
Hardik pandya, virat kohli, IND vs SL
विराट कोहली और हार्दिक पंड्या (Twitter)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में आसान जीत दर्ज की है. मंगलवार, 10 जनवरी को गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 67 रन से हराया. इस मैच में टीम की जीत के हीरो रहे विराट कोहली (Virat Kohli). जिन्होंने धुआंधार शतकीय पारी खेल मैच को श्रीलंका की पकड़ से दूर कर दिया. हालांकि मैच में हार्दिक पंड्या के साथ तालमेल की कमी की वजह से किंग कोहली अपना शतक पूरा करने से चूक सकते थे. जिसके बाद वो काफी गुस्से में नजर आए.

मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 373 रन बनाए. जिसके जवाब में श्रीलंका 8 विकेट खोकर 306 रन ही बना सकी. कोहली ने मैच में महज 87 गेंद पर 113 रन ठोक डाले. हालांकि वो जब 80 रन पर बैटिंग कर रहे थे, तब वो रन आउट होने से बाल-बाल बचे. 

# Pandya पर गुस्सा हुए Kohli 

दरअसल ये वाकया भारतीय पारी के 43वें ओवर का है. जब श्रीलंकन गेंदबाज़ कासुन राजिथा की गेंद को कोहली ने ऑन-साइड की तरफ खेलकर तेजी से एक रन पूरा कर लिया. चूंकि गेंद विकेट से दूर थी तो कोहली दूसरा रन लेने के लिए भी आधी पिच तक आ गए, लेकिन यहां स्ट्राइक एंड पर मौजूद हार्दिक पांड्या ने रन लेने से साफ इंकार कर दिया. जिसके बाद कोहली जैसे-तैसे क्रीज में सुरक्षित लौट गए. लेकिन इसके बाद कोहली काफी गुस्से में हार्दिक की ओर देखने लगे. उनका ये गुस्से वाला रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

#Sachin के रिकॉर्ड की बराबरी की

बात कोहली की बैटिंग की करें तो शतक जड़ने के साथ ही उन्होंने सचिन के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की है. विराट के नाम अब भारत में 20 वनडे शतक हो गए हैं, जो सचिन के बराबर हैं. वनडे क्रिकेट में इन दोनों के अलावा दुनिया के किसी भी बल्लेबाज़ ने अपने घर में 20 शतक नहीं लगाए हैं. विराट को 20 सेंचुरी जड़ने में सिर्फ 99 पारियों की ज़रूरत पड़ी है, जो वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे तेज़ है. 

साथ ही विराट ने इस पारी के दौरान 41 रन बनाने के साथ ही, अपने 12,500 वनडे रन पूरे कर लिए. वर्ल्ड क्रिकेट में विराट से जल्दी किसी ने भी इस आंकड़े को नहीं छुआ है. विराट ने ये कारनामा 266 मैच की 257 पारियों में कर दिखाया है. इस दौरान उनका औसत 57.75 का रहा.

#IND vs SL मैच में क्या हुआ?  

मैच की बात करें तो श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फैसला किया. भारत को कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 143 की साझेदारी बनाई. रोहित ने 83 और गिल ने 70 रन की पारी खेली. इनके आउट होने के कोहली ने बैटिंग का ज़िम्मा संभाला और अपने वनडे करियर का 45वां शतक लगाया. उन्होंने 87 बॉल पर 113 रन बनाए. विराट की शानदार पारी की मदद से टीम इंडिया ने बोर्ड पर 373 रन टांग दिए.

जवाब में श्रीलंका को शुरुआत खराब रही और 64 रन तक टीम ने 3 विकेट गंवा दिए. इसके बाद भी टीम लगातार विकेट गंवाकर मैच में संघर्ष करती हुई नजर आई. हालांकि टीम के आठ विकेट गिरने के बाद श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने बेहतरीन पारी खेली. और अपना शतक पूरा किया. उन्होंने नौवें विकेट के लिए कसुन रजीथा के साथ 100 रन की साझेदारी की. 

लेकिन इस बेहतरीन पारी के बावजूद वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए. और श्रीलंकाई पारी का अंत 307 रन पर हुआ. शनाका ने 88 गेंद पर 108 रन बनाए. दोनों टीम के बीच दूसरा वनडे गुरुवार, 12 जनवरी को खेला जाएगा.

वीडियो: विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली, ODI वर्ल्ड कप के लिए तैयार!

Advertisement

Advertisement

()