1971 का इतिहास, 4505 वनडे मैच...अब जाकर दिखी ऐसी वनडे जीत!
भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया.
.webp?width=210)
साल 1971 में दुनिया का पहला वनडे मुकाबला खेला गया था. तब से लेकर 2023 यानी 52 साल तक कुल 4505 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं. लेकिन वर्ल्ड क्रिकेट की किसी भी टीम ने रविवार से पहले तक 300 या उससे ज़्यादा रन्स से कोई मुकाबला नहीं जीता था. वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा करने वाली टीम इंडिया बनी है.
भारत ने रविवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीन फील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका को 317 रन से हराकर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैच की सीरीज़ को 3-0 से जीत लिया है. साल 2023 की पहली सीरीज़ में ही इतने लाजवाब प्रदर्शन से भारतीय टीम की उम्मीद बढ़ गई हैं. क्योंकि इसी साल भारत में वनडे क्रिकेट का विश्वकप खेला जाना है.
वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत:रन्स के लिहाज़ से वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत 317 रन से अब भारत के नाम है. अब से पहले न्यूज़ीलैंड के नाम वनडे की सबसे बड़ी जीत थी. किवी टीम ने साल 2008 में आयरलैंड को 290 रन से हराकर ये जीत दर्ज की थी. यानी इस रिकॉर्ड को भी टूटने में पूरे 15 साल लगे. सबसे बड़ी जीत के मामले में तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है. जिन्होंने साल 2015 में अफ़गानिस्तान के खिलाफ़ 275 रन से मैच जीता था. नंबर चार पर साउथ अफ्रीका है. जिन्होंने ज़िम्बाबवे के खिलाफ़ 2010 में 272 रन की जीत दर्ज की थी. साउथ अफ्रीका सबसे बड़ी जीत के मामले में नंबर पांच पर भी है. उन्होंने श्रीलंका को 258 रन से पार्ल में 2012 में हराया था.
मैच में क्या हुआ?मुकाबले की बात करें तो तिरुवंतपुरम के मैदान पर भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी. कप्तान रोहित और शुभमन गिल ने एक बार फिर टीम को बढ़िया शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाज़ों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े. इसके बाद कप्तान रोहित 42 के स्कोर पर आउट हो गए. लेकिन रोहित के विकेट के बाद विराट और शुभमन ने मोर्चा संभाल लिया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 131 रन जोड़े, टीम को 200 के पार पहुंचाया और भारत को बड़े स्कोर की तरफ ले जाने लगे. इस दौरान शुभमन ने अपना शतक पूरा किया और 116 रन बनाकर आउट हो गए.
उनके विकेट के बाद विराट कोहली ने श्रेयस के साथ भी एक साझेदारी की और टीम को 324 रन तक ले गए. विराट कोहली ने इस दौरान अपना 46वां वनडे शतक पूरा किया. श्रेयस आउट हो गए लेकिन विराट का ये खास दिन था. उन्होंने आखिर तक मोर्चा संभाले रखा और 166 रन की नाबाद पारी खेल टीम को 50 ओवर में 390 रन तक पहुंचा दिया.
इस स्कोर के जवाब में श्रीलंकाई टीम मैच में कहीं नज़र नहीं आई. रही सही कसर मोहम्मद सिराज ने पूरी कर दी. जिन्होंने 10 ओवर के स्पेल में महज़ 32 रन देकर चार विकेट चटकाए. उनके अलावा मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए. पूरी श्रीलंकाई टीम 73 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई.
क्या आप विराट कोहली के शतकों से जुड़ी इस दिलचस्प बात को जानते हैं?

