विराट ने तोड़ा रिकॉर्ड, सचिन-लारा ने खास मैसेज भेज दिया!
लारा ने विराट की पूरी बैटिंग देखी.

87 गेंद 113 रन. विराट कोहली के 45वें वनडे शतक के साथ भारत ने श्रीलंका को 67 रन से हरा दिया है. गुवाहाटी में खेले गए मैच में विराट कोहली के शतक के बाद हर तरफ विराट की चर्चा है. क्योंकि विराट कोहली ने शतक लगाकर सचिन तेंडुलकर के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की है. विराट की इस लाजवाब पारी के बाद खुद सचिन ने विराट के लिए ट्वीट किया है. सचिन ही नहीं, क्रिकेट जगत के दिग्गज ब्रायन लारा ने भी विराट कोहली की तारीफ की है.
सचिन तेंडुलकर ने ट्वीट कर कहा,
'इसी तरह विराट प्रदर्शन करते रहना, भारत का नाम रौशन करते रहना.'
सचिन ने इस ट्वीट में शुभमन गिल की तस्वीर भी शेयर की. साथ ही उन्होंने टीम इंडिया के टॉप-ऑर्डर की भी तारीफ की.
वैसे तो विराट ने इस पारी में कई रिकॉर्ड तोड़े. लेकिन उन्होंने सचिन के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की है. विराट के नाम अब भारत में 20 वनडे शतक हो गए हैं, जो सचिन के बराबर हैं. वनडे क्रिकेट में इन दोनों के अलावा दुनिया के किसी भी बल्लेबाज़ ने अपने घर में 20 शतक नहीं लगाए हैं. विराट को 20 सेंचुरी जड़ने में सिर्फ 99 पारियों की ज़रूरत पड़ी है, जो वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे तेज़ है.
सचिन के अलावा वेस्ट इंडीज़ के दिग्गज ब्रायन लारा ने भी सोशल मीडिया पर इंस्टा स्टोरी लगाई. उन्होंने पहले भारत का मैच शुरू होने पर स्टोरी लगाई और विराट के विज़ुअल्स दिखाते हुए लिखा,
‘मुझे लगता है मुझे इस शख्स की बैटिंग देखने के लिए इंतज़ार करना चाहिए.’
और इसके बाद ब्रायन लारा की स्टोरी देखकर ये पता चल रहा था कि उन्होंने भारत की पूरी पारी देखी और विराट को शतक लगाते भी देखा. उन्होंने विराट के सेंचुरी सेलिब्रेशन के विज़अल्स शेयर किए और वैल डन भी लिखा.
मैच में क्या हुआ?गुवाहाटी में दसुन शनाका ने टॉस जीता और इंडिया को बैटिंग करने के लिए बुलाया. कैप्टन रोहित शर्मा के साथ युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने ओपनिंग की. रोहित और गिल ने 143 की साझेदारी बनाई. रोहित ने 83 और गिल ने 70 रन की पारी खेली.
इन दोनों के बाद विराट कोहली ने बैटिंग का ज़िम्मा संभाला. विराट ने 87 बॉल पर 113 रन बनाए. ये उनके वनडे करियर का 45वां शतक है. विराट की पारी की मदद से टीम इंडिया ने बोर्ड पर 373 रन टांग दिए.
जवाब में श्रीलंका को अच्छी शुरुआत नहीं मिली. पथुम निसंका एक छोर पर जमे रहे. लेकिन अविष्का फर्नांडो पांच और कुसल मेंडिस बिना खाता खोले लौट गए. पेसर उमरान मलिक ने इसके बाद असलंका, वेलालगे और निसंका को आउट कर श्रीलंका की पारी को संभलने नहीं दिया. हालांकि आखिर में आठ विकेट गिरने के बाद श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने बेहतरीन पारी खेली. और अपना शतक पूरा किया. उन्होंने नौवें विकेट के लिए कसुन रजीथा के साथ 100 रन की साझेदारी की.
इस बेहतरीन पारी के बावजूद वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए. और श्रीलंकाई पारी का अंत 307 रन पर हुआ.
Ind vs SL के पहले ODI में ड्रॉप हुए ईशान किशन ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड!

