मोहम्मद कैफ की ये बात ईशान किशन के फैन्स को बहुत बुरी लगेगी!
किशन को पहले वनडे में नहीं मिला था मौका

भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार, 12 जनवरी को दूसरा वनडे मैच खेला जाएगा. पहले वनडे को जीत भारत ने 3 मैच की सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है. बावजूद इसके कुछ फैन्स ईशान किशन (Ishan kishan) की जगह टीम में शुभमन गिल (Shubman Gill) को मौका मिलने से निराश हैं. लेकिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ के मुताबिक पहले वनडे में बेहतर खिलाड़ी को टीम में मौका मिला है.
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज़ के आखिरी वनडे में बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने दोहरा शतक लगाया था. लेकिन इसके ठीक अगले ही मैच यानी कि श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. उनकी जगह गिल को ओपन करने का मौका मिला. जिसके बाद फैन्स ने सोशल मीडिया के जरिए टीम सेलेक्शन को लेकर काफी सवाल उठाया.
लेकिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ के मुताबिक शुभमन गिल बाएं हाथ के बल्लेबाज़ किशन से बेहतर खिलाड़ी हैं, इसलिए ही उनको मौका मिला है. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा,
‘गिल को खिलाने का फैसला सही था. टीम में बेहतर खिलाड़ी को मौका दिया गया है. हमें गिल की तारीफ करनी होगी, क्योंकि वह जानते हैं कि वह किस तरह के माहौल में खेल रहे हैं. उन्हें पता है कि धवन को बाहर कर दिया गया है और ईशान किशन दोहरा शतक लगाकर भी बाहर बैठे हैं. लेकिन इसके बावजूद गिल ने अपने खेल पर भरोसा दिखाया.’
कैफ ने आगे कहा कि शुभमन गिल ने पहले वनडे में गिल ने उसी तरह की पारी खेली जिसके लिए वो जाने जाते हैं. उन्होंने कहा,
‘पहले मैच में गिल ने जिस तरह की पारी खेली, वो उसी के लिए जाने जाते हैं. वह गेंद को बहुत अच्छी तरह पंच करते हैं. ऐसा नहीं है कि उन्हें पिच पर सेटल होने के लिए 15-20 गेंदों की जरूरत है. अगर आप खराब गेंद फेंकते हैं तो वो उसे बाउंड्री के बाहर भेज सकते हैं. और उन्होंने आज यह करके दिखाया.’
शुभमन गिल की बात करें तो उन्होंने पहले वनडे मुकाबले में 60 गेंद पर 70 रन की पारी खेली थी. उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा के साथ मिलकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी. गिल के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने 16 वनडे मुकाबले में 58.23 की औसत से 757 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 100.53 का रहा है. जबकि किशन ने 10 वनडे मैच में 53 की औसत से 477 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 111.97 का रहा है.
वीडियो: Ind vs SL के पहले ODI में ड्रॉप हुए ईशान किशन ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड!

