The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IND vs SL 3rd T20 Suryakumar Yadav hits third T20I hundred, second-fastest century for India

दुनिया का हर विस्फोटक बल्लेबाज़ अब सूर्या से पीछे छूट गया!

एक पारी में चार RECORD.

Advertisement
pic
7 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 7 जनवरी 2023, 10:55 PM IST)
Suryakumar Yadav hits third T20I hundred, second-fastest century for India
सूर्यकुमार यादव (Courtesy: PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को तीसरे T20 में हराकर तीन मैच की सीरीज़ को 2-1 से जीत लिया है. इस जीत में एक बार फिर इंडियन स्टार सूर्यकुमार यादव ने धूम मचा दी. सूर्या ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे T20 मैच में 51 गेंदों में 112 रन ठोक दिए. ये सूर्या का तीसरा T20 शतक है. इस फॉर्मेट के नंबर 1 बल्लेबाज़ ने अपनी पारी में सात चौके और नौ लंबे छक्के लगाए. सूर्या की पारी की मदद से ही टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 228 रन बोर्ड पर टांगे. जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 137 रन ही बना सकी.

इस स्टोरी में हम बात करेंगे सूर्या के रिकॉर्ड्स की. उन्होंने इस पारी में एक नहीं कई रिकॉर्ड्स तोड़े. आइये एक-एक करके आपको बताते हैं.

# सबसे तेज़ T20 शतकों में से एक

भारत के लिए रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 35 बॉल में शतक जड़ा था. उसके बाद सबसे तेज़ शतक सूर्या के नाम हो गया है. सूर्या ने राजकोट में 45 बॉल में शतक जड़ नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस लिस्ट पर चौथे और पांचवें नंबर पर भी सूर्या का ही नाम है.

# तीन T20 शतक बनाने वाले इकलौते नॉन-ओपनर

सूर्या पहले ऐसे बल्लेबाज़ बन गए हैं, जिन्होंने ओपनिंग से नीचे खेलते हुए T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन शतक जड़े हों. उनके अलावा हर बैट्समैन जिसने तीन या ज्यादा शतक जड़े हैं, वो ओपनर ही रहा है. ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल के नाम भी तीन शतक हैं. लेकिन उनका भी एक शतक सितंबर 2016 में श्रीलंका के खिलाफ ओपन करते हुए आया था.

# नॉन-ओपनर के सबसे ज्यादा छक्के

सूर्या न सिर्फ तीन शतक लगाने वाले इकलौते नॉन ओपनर बने हैं, मिडल ऑर्डर में खेलते हुए उन्होंने इंडिया के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के भी लगा दिए हैं. 112 रन की पारी में सूर्या ने नौ छक्के लगाए. इसके पहले ये रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था. युवी ने इंग्लैंड के खिलाफ 2007 में T20 वर्ल्ड कप में सात छक्के जड़े थे. ये रिकॉर्ड तो ख़ैर, स्टुअर्ट ब्रॉड को भी याद होगा.

# सबसे तेज़ 1500 T20I रन्स

सूर्या ने 45 मैच में ही 1500 T20 इंटरनेशनल रन्स बना लिए हैं. इस दौरान उनका औसत 46.41 और स्ट्राइक रेट 180 का रहा है. ये कारनामा सूर्या ने सिर्फ 843 गेंदों में किया है, जो सबसे तेज़ रहा है.

इस पारी के बाद सूर्या ने क्या कहा, ये भी बता देते हैं. सूर्या ने कहा -

‘जिस तरह से पारी गई, मैं बहुत खुश हूं. कैप्टन ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी, ये दिखाता है कि कैप्टन बल्लेबाज़ों पर भरोसा करते हैं. कुछ शॉट्स मैं पहले से सोच कर खेलता हूं. मैं ऐसे ही शॉट्स पिछले साल से खेल रहा हूं. 2022 का फॉर्म बीत चुका है. 2023 एक नई शुरुआत है. मैं अच्छा करते रहना चाहता हूं. अच्छी पिच है. अच्छा बाउंस है और आउटफील्ड भी तेज़ है.’

ये रिकॉर्ड्स बयां करते हैं, क्यों सूर्या दुनिया के बेस्ट T20 बल्लेबाज़ हैं.

Ind vs SL मैच के बाद राहुल गांधी ने रोहित, विराट पर ज़रूरी बयान दे दिया

Advertisement

Advertisement

()