विराट कोहली ने बता दी अपने 45वें वनडे शतक के पीछे की तैयारी!
'रोहित-शुभमन ने की मदद.'

विराट कोहली. मौजूदा क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा नाम. ठीकठाक वक्त तक शतक के लिए तरसे विराट कोहली एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट में कमाल कर रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ़ गुवाहाटी वनडे में विराट ने अपने वनडे करियर का 45वां शतक पूरा कर लिया है.
श्रीलंका के खिलाफ़ 2023 के अपने पहले मुकाबले में ही विराट ने ये शतक पूरा किया. इस पारी के बाद विराट ने कहा है कि अब वो पूरी तरह से तरोताज़ा होकर लौटे हैं. साथ ही कहीं ना कहीं किस्मत भी उनके साथ है, जिसके चलते वो कई जीवनदानों के साथ शतक पूरा कर सके.
विराट कोहली ने कहा,
'मुझे थोड़ा ब्रेक मिला है, कुछ प्रैक्टिस सेशन्स भी किए. मैं बांग्लादेश दौरे के बाद तरोताजा होकर आया हूं, जहां दूसरे हाफ में चीजें मेरे लिए योजना के मुताबिक नहीं रहीं.'
विराट ने आगे कहा कि वो होम सीज़न का इंतज़ार कर रहे थे. जहां उन्होंने पिछले तीन साल में एक भी वनडे शतक नहीं लगाया था. विराट ने कहा,
'मैं होम सीज़न का इंतज़ार कर रहा था. मुझे पूरी पारी में बल्लेबाज़ी करनी थी जैसा कि मैं हमेशा करता हूं, लेकिन फिर भी मैंने स्ट्राइक रेट बेहतर रखने की कोशिश की. मैं खुश हूं कि मैं मुकाबले के टेम्पो के साथ खेल सका. जिस तरह ओपनर्स ने बल्लेबाज़ी की, उससे मैं आराम से अपनी पारी को आगे बढ़ा सका. हम जानते थे कि ओस आने वाली है और हम कम से कम 340 बनाना चाहते थे. हमें 350 से 20-25 अधिक बनाने का मौक़ा मिला और यह ज़रूरी था.'
इस पारी में विराट के दो आसान कैच गिरे. इन मिले मौकों पर विराट बोले,
'भाग्य का रोल तो होता है, मैं 50 पर आउट हो सकता था. लेकिन मैं बच गया और इसका फ़ायदा उठाना ज़रूरी था.'
विराट ने इसके साथ ही अपने खाने पर भी बात की. उन्होंने कहा,
'मैं खाने में सावधानी बरतता हूं, मेरी उम्र में ये सबसे ज़्यादा ज़रूरी है. सिर्फ़ वज़न ही नहीं, आपको अपनी एनर्जी को भी बनाए रखने की ज़रूरत पड़ती है.'
विराट से श्रीलंका द्वारा इस स्कोर को चेज़ करने पर सवाल पूछा गया. जिस पर उन्होंने कहा,
'किसी को 150 और किसी को 140 के आसपास बनाने पड़ेंगे. हालांकि ये अच्छा है कि हमें ओस में गेंदबाज़ी करने की प्रैक्टिस मिलेगी.'
भारत और श्रीलंका की टीम तीन मैच की वनडे सीरीज़ खेल रही है. इस सीरीज़ में सिर्फ विराट ही नहीं, रोहित, राहुल और श्रेयस ने भी वापसी की है.
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज से पहला इतना बड़ा झटका झेल पाएगी टीम इंडिया?

