'जीतना ही होगा...' धवन ने वर्ल्डकप से पहले पाकिस्तान से मैच पर क्या कह दिया?
शिखर धवन ने भारत के वर्ल्डकप जीतने पर भी बड़ी बात कही...

भारत (India) और पाकिस्तान (Pakistan). दोनों टीम्स के बीच आने वाले समय में कुछ हाईवोल्टेज मुकाबले खेले जाने हैं. पहले एशिया कप में. जहां दोनों टीम्स तीन बार एक दूसरे का सामना कर सकती हैं. इसके बाद फिर वर्ल्ड कप 2023 में. ये मैच 15 अक्टूबर को होगा (तारीख जब तक बदल नहीं जाती). खैर, इन मुकाबलों के बीच शिखर धवन ने बड़ी बात कही है.
शिखर धवन के मुताबिक, इंडियन टीम को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच हर हाल में जीतना होगा. उन्होंने ये बात स्टार स्पोर्ट्स द्वारा पोस्ट की गई एक वीडियो में कही. जिसे बाद में चैनल ने अपने ट्विटर हैंडल से हटा लिया है. इस वीडियो में धवन ने कहा कि ऐसा हमेशा रहा है कि आप वर्ल्ड कप जीतें या न जीतें, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला जीतना महत्वपूर्ण है.
धवन ने इसके बाद हंसते हुए कहा कि वर्ल्ड कप भी जीतना जरूरी है और भगवान की कृपा रही तो हम जीतेंगे भी. धवन आगे बोले कि पाकिस्तान के साथ खेलते समय निश्चित रूप से उत्साह तो होता ही है, लेकिन काफी दबाव भी होता है. जब भी मैं पाकिस्तान से खेला हूं, हमने ज्यादातर जीत हासिल की है. ओर ये एक सुखद एहसास होता है.
धवन की बात करें तो उन्होंने इंडियन टीम के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 T20I मैच खेले हैं. जिसमें उनके नाम कुल 10 हजार से ज्यादा रन हैं. खासकर ICC के 50 ओवर टूर्नामेंट्स में धवन का रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने इसमें कुल 20 मुकाबले खेले हैं. जिसमें उनके नाम कुल 1238 रन हैं. इसमें छह शतक भी शामिल हैं.
बात भारत-पाकिस्तान मैच की करें तो वर्ल्ड कप में होने वाले इस मुकाबले का सब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. लेकिन उससे पहले सितंबर के महीने में एशिया कप का आयोजन होना है. जिसमें दोनों टीम्स तीन बार आमने-सामने हो सकती हैं. वो कैसे? ये जान लीजिए. भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है. ऐसे में दोनों टीम्स के बीच एक ग्रुप मैच 2 सितंबर को खेला जाएगा. ये मैच 2 सितंबर को श्रीलंका के कैंडी में होगा. जबकि अगर दोनों टीम्स इस ग्रुप से टॉप-2 टीम्स रहती हैं तो दोनों के बीच सुपर-4 मैच खेला जाएगा. ये मैच 10 सितंबर को कोलंबो में होगा. और अगर सुपर-4 में भी ये दोनों टीम्स ही टॉप पर रहती हैं, तो दोनों के बीच फाइनल मैच होगा. ये मैच 17 सितंबर को कोलंबो में होगा.
वीडियो: शिखर धवन ने बताया IPL ऑक्शन के दौरान क्या होता है?

