रोहित शर्मा ने बताया शमी-सिराज और गेंदबाज़ी करना चाहते थे लेकिन इस वजह से रोका गया!
रोहित ने शमी और सिराज को लेकर क्या कहा?

भारत ने न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) को दूसरे वनडे में 8 विकेट से हरा दिया. रायपुर में खेले गए इस मैच में जीत के साथ इंडियन टीम ने सीरीज़ में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. मैच में टीम इंडिया के प्रदर्शन से कप्तान रोहित शर्मा काफी खुश नज़र आए और उन्होंने टीम के गेंदबाज़ों की जमकर तारीफ की.
मैच में पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. जवाब में भारतीय टीम ने आसान लक्ष्य को 20.1 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया. मैच के बाद रोहित शर्मा ने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा,
‘पिछले 5 मैच में गेंदबाज़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया है. भारत में इस प्रकार की सीम बोलिंग करना आसान नहीं है. इन खिलाड़ियों के पास स्किल है और वह बहुत मेहनत कर रहे हैं. उन्हें सफलता मिलते देखना बहुत अच्छा लगता है. जब हमने कल (शुक्रवार) ट्रेनिंग की तब गेंद हरकत कर रही थी. हम जानते थे कि अगर उनके पास 250 का स्कोर होता तो हमें चुनौती होती. पहले मैच में हमने पहले बल्लेबाज़ी की और आज लक्ष्य का पीछा किया.’
साथ ही रोहित ने कहा कि पहले स्पेल में शानदार बोलिंग के बाद शमी और सिराज और भी ओवर्स डालना चाहते थे. उन्होंने कहा,
#मैच में क्या हुआ?‘15 पर पांच विकेट गिरने के बाद शमी और सिराज और गेंदबाज़ी करना चाहते थे. लेकिन मुझे उन्हें बताना पड़ा कि एक टेस्ट सीरीज़ आ रही है और टीम में बाकी गेंदबाज़ भी है. पिछले पांच मैच में मैंने गेंदबाज़ों पर हावी होने का प्रयास किया है. मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं. मैं जानता हूं कि बड़ा स्कोर आया नहीं है लेकिन मैं अपनी बल्लेबाज़ी से खुश हूं.’
रायपुर के मैदान कप्तान रोहित शर्मा, टॉस के वक्त भूल गए कि उन्हें करना क्या है. लेकिन जैसे ही उन्हें याद आया कि टीम को पहले गेंदबाज़ी करनी है. तो उनके गेंदबाज़ों ने इस फैसले को बिल्कुल सही साबित कर दिया. शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाज़ों ने किवी टीम को ऐसा फंसाया कि उनकी आधी टीम शर्मनाक रिकॉर्ड बनाकर पवेलियन लौट गई.
मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और हार्दिक पंड्या की जोड़ी ने पहले 15 रन में ही न्यूज़ीलैंड के पांच बल्लेबाज़ों को पवेलियन लौटा दिया. 15 पर पांच विकेट गंवाने के बाद छठे विकेट के लिए माइकल ब्रेसवेल और ग्लेन फिलिप्स के बीच 41 रन की साझेदारी हुई. लेकिन मोहम्मद शमी ने 50 रन के पार जाते ही ब्रेसवेल को भी आउट कर दिया. इसके बाद फिलिप्स ने मिशेल सैंटनर के साथ एक पार्टनरशिप की और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया. लेकिन 103 रन पर पंड्या ने सैंटनर को, 32 वें ओवर में वाशिंगटन सुंदर ने ग्लेन फिलिप्स को 36 रन पर आउट कर दिया. इसके बाद पूरी किवी टीम 108 रन पर ढेर हो गई.
109 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 72 रन जोडे़. रोहित 50 गेंद पर 51 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 2 छक्के लगाए. वहीं विराट कोहली 11 रन बनाकर सैंटनर की गेंद पर आउट हुए. लेकिन इसके बाद गिल ने किशन के साथ मिलकर भारत को आसान जीत दिला दी. दोनों टीम्स के बीच आखिरी मैच 24 जनवरी को खेला जाएगा.
वीडियो: रोहित शर्मा टीम इंडिया के किस प्लेयर से खूब इम्प्रेस हो गए हैं

