The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • ind vs eng semifinal Team India reaches t20 world cup Final Jacob Bethell hits century made 253 not felt safe

टीम इंडिया T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में, बेथेल के तूफान को बुमराह ने रोका

भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है. मुंबई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया. पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 253 रन बनाए थे. लेकिन, इंग्लैंड ने भी जवाब में 7 विकेट पर 246 रन बना दिए.

Advertisement
Jacob Bethell, Ind vs Eng, T20 World Cup 2026
टीम इंडिया ने 7 रन से इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई. (फोटो-AP)
pic
सुकांत सौरभ
5 मार्च 2026 (अपडेटेड: 5 मार्च 2026, 11:42 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

भारतीय टीम लगातार दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है. मुंबई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया. रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 253 रन बनाए थे. इसके बावजूद, इंग्ल‍िश टीम ने जैकब बेथेल की तेजतर्रार सेंचुरी के दम पर 246 रन बना दिए.

इस दौरान टीम इंडिया के सबसे अनुभवी बॉलर जसप्रीत बुमराह ने शानदार बॉलिंग की. बॉलर्स के लिए ग्रेवयार्ड रही इस पिच पर बुमराह ने 4 ओवर में महज 33 रन देकर हैरी ब्रूक का विकेट चटकाया. उनके अलावा, हार्दिक पंड्या ने भी शानदार बॉलिंग की. अब टीम इंडिया को 8 मार्च को फाइनल में न्यूजीलैंड से अहमदाबाद में भ‍िड़ना है.

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी. उन्हें अभ‍िषेक शर्मा (9) के रूप में शुरुआती सफलता भी मिल गई. लेकिन, इसके बाद संजू सैमसन (89) और ईशान किशन (39) ने 97 रनों की पार्टनरश‍िप कर टीम इंडिया को मजबूत स्थ‍िति में पहुंचा दिया. संजू को 15 रन के स्कोर पर हैरी ब्रूक ने जीवनदान दे दिया. ये मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हो गया. संजू ने इसके बाद, 89 रनों की दमदार पारी खेलकर 250+ के स्कोर की नींव रख दी.

ये भी पढ़ें : हैरी ब्रूक ने कैच छोड़ा, संजू सैमसन ने इंग्लैंड को सूत डाला!

संजू और किशन का विकेट गिरने के बाद श‍िवम दुबे ने पहले सूर्या फिर हार्दिक पंड्या के साथ टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में मदद की. अंत में तिलक वर्मा ने भी हाथ खोले और टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचाया. हालांकि, इतना स्कोर भी अंत में कम नज़र आने लगा. जब इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल और विल जैक्स ने मैच में जान फूंक दी.

दरअसल, टीम इंडिया ने पावरप्ले में ही इंग्लैंड के तीन विकेट चटका दिए. इसमें फिल सॉल्ट, जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट शामिल रहा. लगा इस मुकाबले में इंग्लिश टीम 200 तक भी नहीं पहुंच पाएगी. लेकिन, फिर जैकब बेथेल ने विल जैक्स के साथ जो पारी खेली उससे मैच में इंग्लैंड ने वापसी कर ली. बे‍थेल ने महज 48 गेंदों में 105 रनों की पारी खेल दी. वहीं, जैक्स ने 20 गेंदों में 35 रन बनाए. हालांकि, जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर में 8 और 18वें ओवर में 6 रन देकर इंग्लैंड की पकड़ से मैच को दूर कर दिया. 

हार्दिक ने भी 19वें ओवर में महज 9 रन दिए. साथ ही उन्होंने सैम कर्रन का विकेट भी निकाला. इसके कारण अंतिम ओवर में इंग्लैंड के सामने 30 रन का टारगेट हो गया. सूर्या के पास अक्षर और श‍िवम दुबे का विकल्प था. वो दुबे के साथ गए. हालांकि, जोफ्रा आर्चर ने ओवर में 3 छक्के लगाकर इंग्लैंड को टारगेट के करीब तो पहुंचा दिया. लेकिन, इंग्ल‍िश टीम 7 रन से ये मुकाबला हार गई.

वीडियो: क्या वानखेड़े स्टेडियम भारत से ज्यादा इंग्लैंड के लिए लकी है?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()