The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • ind vs eng semifinal t20 world cup 2026 axar was ready to bowl last over

'5 छक्के तो नहीं खाता', 20वें ओवर को लेकर क्या बता गए अक्षर?

T20 World Cup 2026 : मुंबई में हुए दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बना ली है. हालांकि, 20वें ओवर में बॉलिंग को लेकर Axar Patel ने बड़ी बात बताई है.

Advertisement
Axar Patel, Ind vs Eng, Semifinal
अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के ख‍िलाफ 3 ओवर बॉलिंग की थी. (फोटो-PTI)
pic
सुकांत सौरभ
6 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 06:49 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) और अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) के ओवर्स खत्म हो चुके थे. सामने जैकब बेथेल (Jacob Bethell) और जेमी ओवर्टन (Jamie Overton) खड़े थे. बचाने थे 30 रन. सबसे बड़ा सवाल ये था कि अब अंतिम ओवर डालेगा कौन? वाइस कैप्टन अक्षर पटेल (Axar Patel) का एक ओवर बचा था. लेकिन, कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने टीम के छठे बॉलर श‍िवम दुबे (Shivam Dube) की ओर रुख किया.

दुबे ने शुरुआती 3 बॉल सटीक डाली. पहले पर ही जैकब बेथल डबल लेने की कोश‍िश में रन आउट हो गए. इसके बाद उन्होंने दो गेंदों पर दो रन दिए. लेकिन, अंत की तीन गेंदों पर वह जोफ्रा आर्चर से छक्का खा गए. उन्होंने एक गेंद वाइड भी डाली. यानी ओवर में 22 रन लुटा दिए. भारतीय टीम ने ये मुकाबला 7 रनों से अपने नाम कर लिया.

हालांकि, अक्षर पटेल भी ये ओवर डालने के लिए तैयार थे. उन्होंने ये बात खुद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के बाद ब्रॉडकास्टर्स के साथ इंटरव्यू के दौरान बताई.  

अक्षर ने क्या कहा?

स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में ऑलराउंडर ने बताया कि वो लॉन्ग ऑफ पर फील्डिंग के दौरान बॉलिंग की तैयारी कर रहे थे. दोनों टीमों ने कुल मिलाकर मुकाबले में 499 रन बनाए. अक्षर ने इसे लेकर मज़ाक करते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि वो 5 छक्के नहीं खाएंगे. उन्होंने हंसते हुए कहा,

“मैं रेडी था. मैं लॉन्ग ऑफ पर खड़ा था और रेडी था और बॉलिंग प्रैक्टिस भी कर रहा था. 30 रन तो बहुत, 5 छक्के तो नहीं खाऊंगा ये पता था.” 

भारत ने ये रोमांचक मुकाबला 7 रनों से जीता. इसी के साथ अब टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गई है. मैच के दौरान भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 253 रन बनाए थे. इस दौरान संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन बनाए. उनके अलावा शि‍वम दुबे, ईशान किशन, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या ने भी अहम पारियां खेलीं.

ये भी पढ़ें : वरुण चक्रवर्ती को लेकर क्या टीम मैनेजमेंट मानेगा इरफान पठान की सलाह?

जवाब में इंग्ल‍िश टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. लेकिन, जैकब बेथेल ने महज 48 गेंदों में 105 रन ठोककर मैच में इंग्लैंड की वापसी करा दी थी. उन्होंने इंग्लैंड को लगभग जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया था. लेकिन, अंतिम ओवर्स में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की शानदार बॉलिंग के दम पर टीम इंडिया ने वापसी कर ली.  

बुमराह, हार्दिक की सटीक बॉलिंग

बुमराह ने 16वें ओवर में महज 8 रन दिए. अर्शदीप ने इसके बाद 17वें ओवर में शुरुआती 4 गेंद पर बाउंड्री नहीं दी. लेकिन, अंतिम दो बॉल पर बेथेल ने एक चौका और एक छक्का लगाकर मैच में इंग्लैंड को बनाए रखा. न्यूजीलैंड के ख‍िलाफ इससे पहले, इंग्लैंड ऐसी परिस्थ‍िति से मुकाबला जीत चुका था. 18 गेंदों में उन्हें 45 रन ही बनाने थे.

लेकिन, इसके बाद बुमराह ने 18वें ओवर में महज 6 रन देकर और हार्दिक पंड्या ने 19वें ओवर में 9 रन देकर भारत की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी. हार्दिक ने इस दौरान सैम कर्रन का विकेट भी चटकाया. इसके कारण अंतिम ओवर में इंग्लैंड के सामने 30 रनों का लक्ष्य था. सूर्या ने श‍िवम दुबे को गेंद थमाई और उन्होंने 7 रन से मुकाबला जितवा दिया.  

सूर्या ने मैच के बाद भारतीय टीम की जीत के लिए फील्डिंग को भी अहम माना. उन्होंने फी‍ल्डिंग कोच टी दिलीप की खूब तारीफ भी की. साथ ही ये स्वीकार किया कि फाइनल मुकाबले को लेकर टीम में दबाव और उत्साह दोनों है. अब भारतीय टीम अहमदाबाद में 8 मार्च को लगातार दूसरा खि‍ताब जीतने के लिए न्यूजीलैंड का सामना करेगी.  

वीडियो: क्या वानखेड़े स्टेडियम भारत से ज्यादा इंग्लैंड के लिए लकी है?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()