The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IND vs BAN Bad light stopped game in Chennai Siraj tried to bowl spin

लाइट ने रोका खेल, तो रोहित और अंपायर से क्या मांगने लगे सिराज!

भारत-बांग्लादेश चेन्नई टेस्ट का तीसरा दिन. खराब लाइट के चलते गेम रोकना पड़ा. और ऐसा होते ही मोहम्मद सिराज पेस की जगह स्पिन बोलिंग की तैयारी में लग गए. हालांकि उनकी ये तैयारी किसी काम नहीं आ पाई.

Advertisement
pic
21 सितंबर 2024 (अपडेटेड: 22 सितंबर 2024, 08:01 AM IST)
Shubman Gill, Siraj, Yashasvi, Rishabh Pant
लाइट खराब होते ही पेसर से स्पिनर बनने लगे सिराज (AP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मोहम्मद सिराज. टीम इंडिया और RCB के पेसर. सिराज अपनी बोलिंग, आक्रामक रवैये के साथ मैदान में मस्ती के लिए भी जाने जाते हैं. और उनकी ऐसी ही एक हरकत 21 सितंबर, शनिवार को फ़ैन्स ने चेन्नई में देखी. यहां भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा है.

शनिवार को टेस्ट का तीसरा दिन था. भारत ने बांग्लादेश को जीत के लिए 515 रन बनाने का लक्ष्य दिया है. मेहमानों ने पॉजिटिव शुरुआत की. अच्छे रनरेट से खेले. लेकिन फिर भारतीय बोलर्स ने वापसी की और लगातार अंतराल पर विकेट्स लेकर मैच अपनी ओर झुका लिया. और इन सबके बीच मैदान में लाइट की समस्या हो गई.

यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने मारी सेंचुरी, अब दिल्ली कराएगी करोड़ों का फायदा!

दिन का आखिरी सेशन चल रहा था. एकाएक मैदान पर घने काले बादल छा गए. अंपायर्स ने बोल दिया कि इस हाल में पेस बोलिंग नहीं हो सकती. यानी अगर आगे बढ़ना है तो पेस बोलर्स को हटाना होगा. ये फैसला लेते वक्त सिराज अपना चौथा ओवर शुरू कर चुके थे. इस ओवर की दो गेंदें फेंके जाने के बाद अंपायर्स ने मैच रोका.

कॉमेंट्री करते दिनेश कार्तिक ने भी कहा कि लाइट खराब हो रही है. और उसी वक्त दिखा कि ग्राउंड स्टाफ़ कवर्स लेकर आ रहा है. लेकिन फिर अंपायर्स ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. शायद उन्हें थोड़ी उम्मीद थी. लेकिन काले बादल बढ़ते ही जा रहे थे.

फिर दिखा कि अंपायर्स ने आपस में बात की. क्रिकइंफ़ो के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने प्लेयर्स को वापस चलने के लिए कहा. फिर शायद रोहित ने सुझाव दिया कि वो लोग स्पिन बोलिंग कर सकते हैं. और इस बीच सिराज ने थोड़ी जॉगिंग के साथ स्पिन बोलिंग की तैयारी भी शुरू कर दी. फिर वह गेंद को अपने हाथ में घुमाते भी दिखे.

लेकिन उनकी कोशिशें नाकाम रहीं. अंपायर्स नहीं माने, उन्होंने खराब लाइट के चलते गेम बंद करा दिया. जब दिन का खेल रोका गया तो 9.4 ओवर्स बाक़ी थे. बांग्लादेश की टीम ने चार विकेट खोकर 146 रन बना लिए थे. बचे हुए दो दिन में उन्हें जीत के लिए 357 रन बनाने होंगे. जबकि भारत को छह विकेट और लेने हैं. भारत ने अपनी पहली पारी में 376 रन बनाए थे. टॉप और मिडल ऑर्डर की नाकामी के बाद भारत को अश्विन-जडेजा ने बचाया. उन्होंने साथ मिलकर 199 रन जोड़े.

अश्विन ने 113, जबकि जडेजा ने 86 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश की टीम 149 रन ही बना पाई. पहली पारी में अच्छी लीड के बावजूद रोहित ने बांग्लादेश को फ़ॉलो-ऑन नहीं दिया. टीम इंडिया की दूसरी पारी के स्टार ऋषभ पंत और शुभमन गिल रहे. दोनों ने ही सेंचुरी मारी. पंत ने 109 और गिल ने 119 रन बनाए. बांग्लादेश को जीत के लिए 515 रन का लक्ष्य मिला. 

वीडियो: मोहम्मद सिराज श्रीलंकाई प्लेयर से क्यों भिड़ पड़े?

Advertisement

Advertisement

()