ऑस्ट्रेलिया से निपटने के लिए नेट्स में BCCI ने किन 4 खिलाड़ियों को बुला लिया?
भारतीय टीम स्पिनर्स के खिलाफ़ जमकर कर रही है अभ्यास.

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नौ फरवरी से बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ शुरू होने वाली है. उससे पहले दोनों टीम्स जी-जान से तैयारी में जुट गई हैं. जहां एक तरफ ऑस्ट्रेलिया अश्विन स्टाइल वाले स्पिनर के साथ प्रेक्टिस कर रही है. वहीं BCCI ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ पहले टेस्ट के लिए तैयारी तेज़ कर दी है. बोर्ड ने भारतीय टीम की प्रेक्टिस के लिए चार नेट बोलर्स को शामिल किया है. खास बात ये है कि ये सभी गेंदबाज़ स्पिनर हैं.
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के मुताबिक BCCI के सूत्रों ने बताया है कि उत्तर प्रदेश के 29 वर्षीय लेफ्ट आर्म स्पिनर सौरभ कुमार, राजस्थान के 23 साल के लेग स्पिनर राहुल चहर, तमिल नाडू के लेग स्पिनर आर साईं किशोर और टीम इंडिया के स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को भारत के नेट बोलर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है.
वाशिंगटन सुंदर लगातार वाइट बॉल में भारतीय टीम के साथ मौजूद हैं. लेकिन टेस्ट में वो आखिरी बार साल 2021 में मार्च के महीने में इंग्लैंड के खिलाफ़ खेले थे. भारतीय टीम की प्रेक्टिस में इन चारों स्पिनर्स के आने की खबर से ये तो साफ हो गया है कि नागपुर में एक स्पिन फ्रेंडली विकेट देखने को मिल सकती है. जिस पर ऑस्ट्रेलियंस बल्लेबाज़ फंस सकते हैं.
वैसे भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ पहले दो टेस्ट की टीम के लिए भारतीय दल में चार स्पिनर शामिल हैं. रविचन्द्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और रविन्द्र जडेजा भारतीय टीम के साथ मौजूद हैं.
भारतीय टीम नागपुर टेस्ट के लिए तीन फरवरी गुरुवार से ही यहां जुट गई है. भारतीय टीम ने शुक्रवार को सुबह अपने नॉर्मल सेशन से अधिक नेट्स में पसीना बहाया है. भारतीय टीम टेस्ट की तैयारी के लिए दो अलग मैदानों पर प्रेक्टिस कर रही है. भारतीय टीम विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन के पुराने और नए दोनों मैदानों पर प्रेक्टिस करेगी. शुक्रवार का नेट सेशन पुराने मैदान पर हुआ है. जबकि आगे के सेशन नए मैदान पर होंगे.
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती. क्योंकि टीम के लिए ये सीरीज़ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के लिहाज़ से बेहद अहम है.
वीडियो: सचिन तेंडुलकर के पहले न्यूज़ीलैंड दौरे का क़िस्सा जब गेंदबाज ने उनको छोड़ा नहीं

.webp?width=60)

